भारत को दूसरा विश्व कप दिलाने वाले धोनी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, रैना ने भी किया ऐलान

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया है। धोनी अब सिर्फ आईपीएल खेलेत नजर आएंगे। धोनी के कुछ देर बाद ही क्रिकेटर सुरेश रैना ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

टीम इंडिया के दो धुरंधरों ने एक के बाद एक करके आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। सबसे पहले भारतीय क्रिकेट का रुख बदलने और देश को दूसरा क्रिकेट विश्व कप दिलाने वाले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद टीम में उनके साथी रहे सुरेश रैना ने भी अपने संन्यास का ऐलान कर दिया। दोनों आईपीएल खेलते रहेंगे।

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने इस बड़े फैसले का ऐलान इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए किया। उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, "धन्यवाद। पूरे करियर के दौरान अपना प्यार और समर्थन देने के लिए आप सबका बहुत-बहुत धन्यवाद। आज शाम 7.29 बजे के बाद से मुझे रिटायर समझा जाए।" हालांकि धोना ने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि उन्होंने सिर्फ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से ही संन्यास लिया है या फिर घरेलू क्रिकेट से भी।

धोनी के फौरन बाद ही सुरेश रैना ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। टीम इंडिया के बेहतरीन बल्लेबाज रहे रैना ने सोशल मीडिया के जरिये अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया। धोनी के रिटायरमेंट के बाद रैना ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वो भी इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं। एक तस्वीर के साथ सुरेश रैना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, “माही आपके साथ खेलना अच्छा था। पूरे दिल से गर्व के साथ, मैं आपकी इस यात्रा में शामिल होना चाहता हूं। थैंक यू इंडिया। जय हिन्द!”

2011 में अपनी कप्तानी में भारत को 28 साल बाद क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। धोनी के नेतृत्व में ही भारत ने 2007 में पहला टी20 विश्व कप जीता था। धोनी अपनी कप्तानी में भारत को चैंपियंस ट्रॉफी भी जिता चुके हैं।

बता दें कि धोनी ने अब तक 90 टेस्ट मैच, 350 एकदिवसीय और 98 टी-20 मैच खेले हैं। उनके नाम टेस्ट मैचों में 6 शतक और वनडे में 10 शतक दर्ज हैं। धोनी सबसे सफल भारतीय विकेटकीपर भी रहे। उन्होंने टेस्ट में 294, वनडे में 444 और टी-20 में 91 कैच लपके हैं।

धोनी इस समय आईपीएल के 13वें संस्करण की तैयारियों के लिए चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स टीम के साथ ट्रेनिंग कैम्प में हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच जुलाई 2019 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। 2019 विश्वकप का वो सेमीफाइनल मुकाबला था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 15 Aug 2020, 10:01 PM