यूपी चुनाव 2022: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बोलीं- BJP ने न सुरक्षा दी न ही नौकरी, महंगाई ने भी जीना किया दूभर

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि 5 साल ऐसी सरकार देखी जिसने अलगाव पैदा करने के अलावा कोई काम नहीं किया। 12 लाख से ज़्यादा सरकारी नौकरी पद खाली हैं लेकिन सरकार उन पदों को नहीं भर रही है।

फोटो: INC
फोटो: INC
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश चुनाव के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वर्चुअल रैली कर जनता को संबोधित किया। सोनिया गांधी ने इस दौरान महंगाई, लॉकडाउन, कांग्रेस की योजनाओं को बंद करने को लेकर मोदी और यूपी की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला।

सोनिया गांधी ने कहा कि रायबरेली की मेरी बहनों भाइयों सबको नमस्ते। आशा है कि आप लोग स्वस्थ होंगे। आने वाली 23 तारीख को आपकी पांचों विधानसभा में वोट डाले जाएंगे। ये चुनाव आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण चुनाव है। आपने 5 सालों में ऐसी सरकार देखी जिसने अलगाव पैदा करने के अलावा कोई काम नहीं किया। मेरे किसान भाई बहन इतनी मेहनत से देश के लिए अन्न उगाते हैं। इन 5 सालों में आपको ना तो फसलों का दाम मिला, ना खाद मिली, ना ही सिचांई की सुविधाएं। आपके ऊपर कर्ज का बोझ है और आपकी फसलें आवार पशु खराब कर देते हैं। ठीक यही हाल नौजवानों का है। नौजवान अपने आने वाले कल के लिए मेहनत से पढ़ाई करते हैं, नौकरी की तैयारी करते हैं, लेकिन बीजेपी ने आपको घर बैठा दिया। नौकरियों के लिए 12 लाख पद खाली पड़े हैं लेकिन आप नौजवान भाइयों को नौकरी नहीं दी गई। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, सरसों तेल के दाम इतने बढ़ गए हैं कि लोगों को घर चलाना मुश्किल हो गया है। मेरे बहन पाय पाय जोड़कर अपना घर चलाने को मजबूर है। लेकिन महंगाई ने उनका जीवन दूभर कर दिया।

सोनिया गांधी ने कहा कि मेरे भाइयों-बहनों ने अभी कोरोना का कठिन दौर भी देखा। एक तरफ आपको ऑक्सीजन, दवाइयां और बेड नहीं मिले। आपने अपने प्रिय परिजनों को खोया, वहीं दूसरी ओर लॉकडाउन ने आपने आमदनी भी छीन ली। लेकिन मोदी सरकार ने आपकी तकलीफों से मुंह मोड़ लिया। सरकार ने आपको उस समय कोई राहत नहीं दी। सरकार ने आपका बोझ हल्का करने की बजाय आपकी मेहनत से बनाए गए सरकारी कंपनियों को इस सरकार ने अपने चहितों को कौड़ी के भाव बेच दिया। लिहाजा बेरोजगारी काफी बढ़ गई।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि हम आपके क्षेत्र के लिए कई विकास योजानएं लेके आए थे, लेकिन मोदी योगी की सरकार ने उन योजनाओं पर रोक लगा दी है। रायबरेली के साथ सौतेला व्यवहार किया गया। आपने कांग्रेस की राजनीति देखी है। कांग्रेस की राजनीति सेवा की और जनता को अधिकार देने की है। हमने मनरेगा जैसे कानून बनाकर आपको रोजगार का अधिकार दिया। लेकिन अफसोस की बात है कि लेकिन संकट के दौरान मनरेगा का बजट बढ़ाने की बजाए इस सरकार ने बजट ही कम कर दिया।

कोरोना के दौरान कांग्रेस ने सेवा की राजनीति की। लोगों को उनके घर तक पहुंचाया। सेवा और अधिकारों की राजनीति के रास्तों पर चलते हुए ही कांग्रेस यूपी में एक नए राजनीति का विजन लेकर आई है। इसमें युवाओं को रोजगार, महिलाओं को अधिकार। किसानों को सुविधाएं देने का भी कांग्रेस वादा करती है। इसके अलावा आम जनता को महंगाई से राहत दिलाने की योजना भी है। हमने महिलाओं के लिए शक्ति विधान, युवाओं के लिए भर्ती विधान और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए उन्नति विधान तैयार किया है।

सोनिया गांधी ने आगे कहा है कि मुझे खुशी है कि इस बार प्रियंका गांधी ने 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए हैं। यूपी में पिछले 5 सालों में हमारे कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की है। जनता की लड़ाई लड़ते हुए हमारे कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया। मैं अपने आपको आपके परिवार का एक अटूट हिस्सा मानती हूं। हम आपके जीवन को बेहतर बनाने वाली राजनीति के प्रति समर्पित है। हम आपको ऐसा विधायक देना चाहते हैं जो आपके लिए काम करे। इस बार के चुनाव में कांग्रेस के हाथ को मजबूत कीजिए। सोनिया गांधी ने कहा कि रायबरेली के सभी उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताएं।

जय हिंद

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */