देश भर में कोरोना का कहर जारी, 24 घंटे के भीतर 12 मौत, 601 नए केस आए सामने, जानें किस राज्य में कैसे हैं हालात

राजस्थान में शनिवार को कोरोना से चौथी मौत हो गई। इसके अलावा 19 नए लोग कोविड-19 पॉजिटिव निकले, जिसमें 8 तबलीगी जमात के सदस्य शामिल हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 198 पर पहुंच गई है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश भर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 2902 हो गई है, जबकि 2650 लोग अभी भी इस वायरस से संक्रमित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 183 लोग इस बीमारी से निजात पा चुके हैं। देश भर में मरने वालों की संख्या 68 तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 601 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इन्हीं 24 घंटे के भीतर 12 मौतें भी हुईं हैं। इसी खबर के बीच एक अच्छी खबर यह है कि इसके संक्रमण से कुल 184 लोग ठीक हो चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जारी है। प्रदेश में अब तक कोरोना के 174 मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल 155 मामले सक्रिय हैं। अब तक 17 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी हैं। वहीं, प्रदेश कोरोना से मरने वालों की संख्या दो है।

बिहार में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। एक और व्यक्ति में कोरोना वायरस पाए जाने के बाद बिहार में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़कर 31 पहुंच गई है। बिहार स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने शनिवार को बताया कि गया में एक 35 वर्षीय व्यक्ति को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 31 पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति पहले पॉजिटिव पाई गई एक महिला का पति है।


राजस्थान में शनिवार को कोरोना से चौथी मौत हो गई। इसके अलावा 19 नए लोग कोविड-19 पॉजिटिव निकले, जिसमें 8 तबलीगी जमात के सदस्य शामिल हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 198 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इन 198 में से 41 लोगों ने दिल्ली में धार्मिक बैठक में हिस्सा लिया था। जिसके कारण पिछले दो दिनों में देश भर में मामलों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।

कोरोना वायरस गुजरात में लगातार पैर पसारता जा रहा है। राज्य में शनिवार को कोरोना के पॉजिटिव मामलों की संख्या 105 तक पहुंच गई, जबकि संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी 10 हो गई है। राज्य में शनिवार को कम से कम 10 नए मामले सामने आए हैं और अहमदाबाद में एक व्यक्ति की मौत के साथ ही यहां मरने वालों की संख्या भी दोहरे अंक तक जा पहुंची है।

गुजरात की स्वास्थ्य सचिव जयंती रवि ने शनिवार को कहा, अस्थमा और फेफड़ों की बीमारी से ग्रस्त 67 वर्षीय महिला ने खतरनाक वायरस के कारण दम तोड़ दिया है। उन्हें 28 मार्च को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल (एसवीपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह अपने पति के द्वारा वायरस से संक्रमित हुई थी, जिन्होंने इंदौर की यात्रा की थी। रवि ने कहा, शनिवार को कोरोनावायरस के कुल 10 नए पॉजिटिव मामले 10 से 69 वर्ष की आयु के बीच पाए गए हैं। इसमें पांच पुरुष और पांच महिला रोगी शामिल हैं। इनमें से एक ने मुंबई की यात्रा की थी।

कोरोनो वायरस संक्रमण के कारण तमिलनाडु के विल्लुपुरम के एक अस्पताल में शनिवार को 51 वर्षीय एक पुरुष की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "विल्लुपुरम अस्पताल में 51 वर्षीय एक पुरुष की मौत हो गई। वह पिछले महीने तब्लीगी जमात सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिल्ली गए लोगों में से एक था।"


तमिलनाडु में कोविड-19 के कारण दूसरी मौत हुई है। पहला व्यक्ति जिसकी मृत्यु हुई वह मदुरै का था। शुक्रवार तक तमिलनाडु में कुल 411 कोविड-19 पॉजिटिव मामले हुए। उसमें से 364 लोग तब्लीगी जमात के सम्मेलन में शामिल हुए थे। स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश के अनुसार, राज्य में लगभग 1200 लोग तबलीगी जमात से वापस आए हैं। उनमें गले की खराबी और अन्य लक्षणों के बाद उनके रक्त के नमूने लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में आए 300 लोगों का नेगेटिव परीक्षण आया है।

देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र से शनिवार को पांच और नए कोरोनावायरस मामले सामने आए हैं। इसी के साथ पूर्वोत्तर में कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है, जिसमें अकेले असम राज्य में 25 संक्रमित लोग शामिल हैं। मंत्रियों और अधिकारियों ने यह जानकारी दी। क्षेत्र के कुल 29 पॉजिटिव मामलों में से 26 ने दिल्ली की निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। वहीं एक मणिपुरी लड़की और मिजोरम के व्यक्ति को पिछले महीने ब्रिटेन और नीदरलैंड से लौटने के बाद संक्रमित पाया गया था।

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए देश में 21 दिनों का लॉकडाउन जारी है, जो 14 अप्रैल तक चलेगा। इस बीच भारत में फंसे 112 फ्रेंच नागरिकों को एयर इंडिया के विशेष विमान से पेरिस ले जाया जा रहा है। विमान ने शनिवार सुबह उड़ान भरी है। यह विमान पहले मुंबई जाएगा और फिर वहां से सीधे पेरिस के लिए उड़ान भरेगा। यह सभी फ्रेंच नागरिक कोच्चि, बेंगलुरु और मुंबई में फंसे थे।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */