भारतीय जल सीमा में घुसा संदिग्ध चीनी पोत, नौसेना ने खदेड़ा, बढ़ाई गई सतर्कता 

भारतीय नौसेना ने अंडमान-निकोबार के समीप अपने जलक्षेत्र में अवैध रूप से घुसे संदिग्ध चीनी पोत को खदेड़ दिया। बताया गया कि संदिग्ध चीनी जहाज शी यान 1 एक अनुसंधान पोत था जिसकी खोज भारतीय निगरानी विमान पी8आई ने किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारतीय जल सीमा में एक बार फिर से अवैध रूप से संदिग्ध चीनी पोत घुस गया। यह पोत अंडमान-निकोबार के समीप भारतीय जल सीमा में घुसा जिसे भारतीय नौसेना ने खदेड़ दिया। खबर है कि संदिग्ध चीनी जहाज शी यान 1 एक अनुसंधान पोत था जिसकी खोज भारतीय निगरानी विमान पी8आई ने किया। यह जलपोत पोर्ट ब्लेयर के पास भारतीय जल क्षेत्र में कथित रूप से भारतीय नौसेना की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था।

सूत्रों के अनुसार ऐसी आशंका जताई गई कि चीन इस पोत के जरिए भारतीय क्षेत्र में नौसेना की गतिविधियों की जासूसी कर सकता है। क्योंकि, चीन आक्रामक रूप से हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है।


सुरक्षा एजेंसियों ने जैसे ही पता लगाया कि एक चीनी पोत भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र में अनुसंधान गतिविधियों को अंजाम दे रहा है वैसे ही भारतीय नौसेना सक्रिय हो गई। नौसेना ने अपने एक युद्धपोत को इसकी निगरानी के लिए भेजा।

भारतीय कानून के अनुसार कोई भी विदेशी जहाज भारतीय जल क्षेत्र में किसी भी प्रकार का शोध या अन्वेषण गतिविधि को अंजाम नहीं दे सकता। इसके बाद भारतीय नौसेना के युद्धपोत ने पूरा संयम बरतते हुए चीनी अनुसंधान पोत को भारतीय जल क्षेत्र से बाहर जाने के लिए कहा। भारतीय नौसेना का आदेश पाते ही चीनी जलपोत भारत के जलक्षेत्र से बाहर भाग गया।


बता दें कि भारतीय नौसेना मलेशिया के पास स्थित मलक्का जलडमरूमध्य से हिंद महासागर क्षेत्र में प्रवेश करने वाले सभी चीनी जहाजों पर निरंतर निगरानी रखती है। कुछ दिनों पहले ही नौसेना के खोजी विमान पी8आई ने चीनी नौसेना के सात युद्धपोतों का पता लगाया था जो हिंद महासागर क्षेत्र में सक्रिय थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia