दुनिया की 5 बड़ी खबरें: अमेरिका ने दोहराया- हम भारत के साथ और ऑस्ट्रेलिया में अबतक का सबसे बड़ा साइबर हमला

अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने हिंसक झड़प में शहीद हुए जवानों की शहादत पर श्रद्धांजलि व्यक्त की है और ऑस्ट्रेलिया की सरकार और संस्थाओं पर बड़ा साइबर हमला हुआ है। जानकारी के अनुसार साइबर हैकर्स गैंग ने ऑस्ट्रेलिया पर यह अबतक का सबसे बड़ा साइबर अटैक किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

शहीद जवानों को अमेरिकी विदेश मंत्री ने दी श्रद्धांजलि,कहा- हम भारत के साथ

भारत और चीन के बीच इस वक्त तनाव की स्थिति बनी हुई है सिर्फ एशिया ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए ये एक महत्वपूर्ण घटना है, यही कारण है कि इस वक्त हर किसी की नज़र यहां पर है। दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुई झड़प में भारत के 20 जवान शहीद हो गए। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने इन जवानों की शहादत पर श्रद्धांजलि व्यक्त की है. अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर शहीदों को नमन किया. माइक पोम्पियो ने लिखा, ‘..चीन के साथ हुए विवाद में भारत के जिन जवानों की जान गई है, उन्हें हम श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इस दुख की घड़ी में हम उन जवानों, उनके परिवार, उनके चाहने वालों और भारत के लोगों के साथ हैं।’

हमने नहीं पकड़ा भारत का एक भी जवान: चीन

चीन ने उस खबर से इनकार किया है कि उसने किसी भारतीय सैनिक को पकड़ा था। चीन के विदेश मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार को इस पर आधिकारिक टिप्‍पणी की गई है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता झाओ लिजियान ने डेली मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में यह बात कही है। लिजियान से भारत-चीन सीमा पर हालातों के बारे में पूछा गया था। चीन के सरकार चैनल सीजीटीएन के मुताबिक लिजियान ने जवाब में कहा है कि किसी भी भारतीय सैनिक को पकड़ा नहीं गया था। रक्षा सूत्रों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक गुरुवार को चीन ने भारतीय सैनिकों को रिहा किया है। सोमवार को गलवान घाटी (पेट्रोलिंग प्‍वाइंट 14) पर हुए हिंसक टकराव में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हुए हैं। जबकि कुछ सैनिकों को चीन ने बंदी बना लिया है, ऐसी खबरें भी आई थीं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

ऑस्ट्रेलिया में अबतक का सबसे बड़ा साइबर हमला

ऑस्ट्रेलिया की सरकार और संस्थाओं पर बड़ा साइबर हमला हुआ है। जानकारी के अनुसार साइबर हैकर्स गैंग ने ऑस्ट्रेलिया पर यह अबतक का सबसे बड़ा साइबर अटैक किया है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की सरकार और संस्थाओं को हैकर्स ने निशाना बनाया है। यह हमला सरकार के हर स्तर पर किया गया है, यहां तक कि जरूरी सर्विस प्रोवाइडर्स और व्यापार पर भी अटैकर्स ने हमला किया है। हालांकि प्रधानमंत्री ने इस बात से इनकार किया है कि यह हमला उनके देश के भीतर किसी ने किया है। प्रधानमंत्री ने साफ किया है कि किसी बड़े पर्सनल डेटा में सेंधमारी नहीं हुई है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

हॉन्गकॉन्ग को कब्जाने के लिए चीन ने उठाया ये कदम

चीन ने गुरुवार को हॉन्गकॉन्ग को कब्जाने और उसकी स्वायत्तता खत्म करने के लिए नेशनल सिक्योरिटी बिल के मसौदे को पारित कर दिया। चीन के इस कानून की हॉन्गकॉन्ग समेत दुनियाभर में कड़ी आलोचना हो रही है। इस कानून के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन भी देखने को मिल चुके हैं। वहीं, नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की स्थायी समिति ने नेशनल सिक्युरिटी बिल की समीक्षा की। इस कानून में चार तरह के अपराधों को शामिल किया गया है, जिनमें उत्तराधिकार से जुड़े अपराध, राज्य शक्ति के मामले, स्थानीय आतंकी गतिविधियां और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए विदेशी या बाहरी शक्तियों के साथ सहयोग करना जैसे अपराध शामिल हैं।

न्‍यूजीलैंड में भूकंप के तेज झटके हिली धरती, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 7.4

न्यूजीलैंड में गुरुवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.4 दर्ज की गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षणने बताया कि इसका एपिसेंटर ओपिटिकी था। उत्तरी द्वीप के पूर्व में जिस्मबॉर्न के तट से लगभग 710 किमी दूर केरमाडेक द्वीप समूह में 7.4 तीव्रता के भूकंप ने न्यूजीलैंड को हिला कर रख दिया। न्यूज़ीलैंड में 7.4 तीव्रता का भूकंप आया है, जिसने देश की तटरेखा को हिट किया। ट्विटर पर कीवीस ने 1 बजे से कुछ समय पहले धीमी गति से आए भूकंप की जानकारी दी। सुनामी के किसी भी संकेत के लिए आपातकालीन अधिकारी निगरानी कर रहे हैं। भूकंपीय खतरे की निगरानी करने वाले जियोनेट ने झटकों को 'कमजोर' बताया। उत्तरी द्वीप के पूर्वी तट पर, जिस्मबोर्न से लगभग 710 किमी दूर केरमाडेक द्वीप समूह के पास भूकंप आया।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia