यूक्रेन के बूचा में कत्लेआम रूस को पड़ेगा भारी? अमेरिका का रूस के खिलाफ नए-कड़े प्रतिबंधों का ऐलान, रिपोर्ट में दावा

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को संबोधित करते हुए बुचा शहर में बड़े पैमाने पर नागरिकों की हत्या की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि रूस का रवैया आतंकवादियों से अलग नहीं है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। रूस, यूक्रेन के अलग-अलग शहरों में जमकर कहर बरपा रहा है। खास तौर पर यूक्रेन बूचा शहर से जो तस्वीरें सामने आई हैं वह दिल दहला देने वाली हैं। बूचा में चारों तरफ लाशे ही लाशें नजर आ रही हैं। इस बीच रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका का रूस को लेकर रवैया और सख्त हो गया है।

सूत्रों ने न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया कि संयुक्त राज्य अमेरिका, जी 7 और यूरोपीय संघ रूस के खिलाफ और नए प्रतिबंध लगाने जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, रूस के खिलाफ यह देश मिलकर 'सभी नए निवेशों' पर प्रतिबंध लगाने जा रहे हैं। इसके अलावा इनके वित्तीय संस्थान, राज्य के स्वामित्व वाले उद्यम और रूसी सरकार के अधिकारियों पर भी नए प्रतिबंध लगाए जाएंगे। खबरों में कहा गया है कि यूक्रेन के शहर बुचा में रूसी सैनिकों द्वारा नागरिकों के खिलाफ किए गए अत्याचारों के सबूत मिलने पर रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों का ऐलान किया गया है।


इससे पहले सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को संबोधित करते हुए बुचा शहर में बड़े पैमाने पर नागरिकों की हत्या की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि रूस का रवैया आतंकवादियों से अलग नहीं है। जेलेंस्की ने कहा कि बुचा शहर को रूसी सेना के कब्जे से छुड़ाने के बाद वहां पर सामूहिक कब्रें मिली हैं। बड़ी संख्या में लोगों के शव पाए गए हैं। दावा है कि बुचा में कम से कम 300 नागरिक मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि बोरोडंका और दूसरे शहरों में भी मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia