दुनिया की 5 बड़ी खबरें: ब्रिटेन में किशोर पर आतंकवाद का आरोप और तुर्की के वोल्कन बोजकिर चुने गए UNGA के अध्यक्ष

दक्षिणी इंग्लैंड में एक 14 वर्षीय लड़के पर आतंकवाद के आरोप लगाए गए हैं, यूके के काउंटर टेररिज्म पुलिसिंग साउथ ईस्ट (सीटीपीएसई) ने यह जानकारी दी है। तुर्की के कूटनीतिज्ञ वोल्कन बोजकिर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 75वें सत्र का अध्यक्ष चुना गया है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

बगदाद के ग्रीन जोन में 4 रॉकेटों से हमला, कोई हताहत नहीं

इराक की राजधानी बगदाद में बेहद सुरक्षित माने जाने वाले ग्रीन जोन में गुरुवार को चार कत्युशा रॉकेट गिरे, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। इराकी सेना ने यह जानकारी दी। इराकी संयुक्त अभियान कमान (जेओसी) ने एक बयान में कहा कि यह हमला मध्यरात्रि के बाद हुआ जब ग्रीन जोन में चार रॉकेट से गिरे,जहां कई प्रमुख इराकी सरकारी कार्यालय और अमेरिकी दूतावास हैं। अभी तक किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

यह हमला अमेरिका और इराकी अधिकारियों के वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रणनीतिक वार्ता सत्र आयोजित करने के एक सप्ताह बाद किया गया है, जिसमें वाशिंगटन ने इराक में अपनी सैनिक संख्या कम करना जारी रखने का वादा किया और पुष्टि किया कि वह देश में स्थायी तौर पर अमेरिकी सेना की तैनाती नहीं चाहता है।

कजाकिस्तान के पहले राष्ट्रपति कोरोना से संक्रमित

कजाकिस्तान के पहले राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायेव कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं और वह स्व-एकांतवास में चले गए हैं। उनके कार्यालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में कहा, "दुर्भाग्य से, 'एल्बासी' (राष्ट्र के नेता) की नवीनतम कोरोनावायरस जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चिंता की कोई बात नहीं है। नूरसुल्तान नजरबायेव ने आइसोलेशन में भी काम करना जारी रखा है।" देश के पहले राष्ट्रपति नजरबायेव ने मार्च, 2019 में पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन वह देश की सियासत में आज भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रखते हैं।

कजाकिस्तान में कोरोनावायरस के अब तक 15,877 सक्रिय मामले सामने आ चुके हैं और इस बीमारी से 100 लोगों की मौत हो चुकी है।


द्वितीय विश्व युद्ध गठबंधन स्मरणोत्सव में भाग लेने ब्रिटेन जाएंगे मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गुरुवार को युनाइटेड किंग्डम के दौरे पर पहुंच रहे हैं। कोरोनोवायरस महामारी के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा के दौरान मैक्रों द्वितीय विश्व युद्ध के एक अवसर से संबद्ध समारोह में हिस्सा लेंगे और युनाइटेड किंग्डम के शीर्ष नेतृत्व से द्विपक्षीय मुद्दों पर बात करेंगे।

मैक्रों ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से डाउनिंग स्ट्रीट में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और साथ ही क्लेरेंस हाउस में प्रिंस चार्ल्स से मुलाकात करेंगे।

यात्रा का प्राथमिक उद्देश्य दिवंगत फ्रांसीसी राष्ट्रपति जनरल चार्ल्स द गॉल के उस प्रसारण की 80वीं वर्षगांठ को मनाना है जिसमें उन्होंने (द गॉल ने) युद्ध के समय के ब्रिटिश नेता विंस्टन चर्चिल के साथ गठबंधन और नाजी जर्मनी के खिलाफ फ्रांसीसी प्रतिरोध की शुरुआत की घोषणा की थी।

ब्रिटेन में किशोर पर आतंकवाद का आरोप

दक्षिणी इंग्लैंड में एक 14 वर्षीय लड़के पर आतंकवाद के आरोप लगाए गए हैं, यूके के काउंटर टेररिज्म पुलिसिंग साउथ ईस्ट (सीटीपीएसई) ने यह जानकारी दी है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को एक बयान में सीटीपीएसई ने कहा कि एक किशोर (जिसकी पहचान उसकी उम्र के कारण नहीं बताई गई है) पर इस्लामिक आतंकवाद से जुड़े आतंकवादी कृत्यों की तैयारी करने का एक आरोप लगाया गया है।

बयान के अनुसार, उसे शुरू में 12 जून को एक स्थानीय कांस्टेबुलरीअधिकारियों के जरिए गिरफ्तार किया गया था और बाद में उसे सीटीपीएसई के जासूसों द्वारा गिरफ्तार किया गया था।वह गुरुवार को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश होने वाला है।


तुर्की के वोल्कन बोजकिर चुने गए यूएनजीए के अध्यक्ष

तुर्की के कूटनीतिज्ञ वोल्कन बोजकिर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 75वें सत्र का अध्यक्ष चुना गया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यह चयन बुधवार को गुप्त मतदान के जरिए हुआ, जिसमें वहां उपस्थित सदस्यों ने निर्विरोध चल रहे बोजकिर को 178 मतों से जीत दिलाई।

वह सितंबर में वार्षिक सत्र के प्रारंभ होने के पश्चात महासभा के पदस्थ अध्यक्ष तिजानी मुहम्मद-बंदे की जगह लेंगे। महासभा अध्यक्ष का कार्यकाल एक साल के लिए होता है।

बोजकिर (69) एक कैरियर कूटनीतिज्ञ हैं, जिन्होंने तुर्की के यूरोपीय संघ (ईयू) मामलों के मंत्री के रूप में कार्य किया है और गुट में देश को पहुंचाने के लिए मुख्य वार्ताकार रहे हैं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia