'मुख्यमंत्री जी, बिहार को 'समाज सुधार' से अधिक 'व्यवस्था सुधार' यात्रा की आवश्यकता', नीतीश पर तेजस्वी का तंज

तेजस्वी ने ट्वीट में लिखा, "मुख्यमंत्री नीतीश जी, बिहार को 'समाज सुधार' से अधिक 'व्यवस्था सुधार' यात्रा की आवश्यकता है क्योंकि व्यवस्था दुरुस्त होने से अधिकांश सामाजिक समस्याएं स्वत: दूर हो जाएंगी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार से अपने समाज सुधार अभियान पर निकलने वाले हैं। उससे पहले ही विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने उनके इस अभियान को लेकर तंज कसते हुए कहा कि समाज सुधार से अधिक व्यवस्था को सुधारने की जरूरत है। तेजस्वी ने ट्वीट में लिखा, "मुख्यमंत्री नीतीश जी, बिहार को 'समाज सुधार' से अधिक 'व्यवस्था सुधार' यात्रा की आवश्यकता है क्योंकि व्यवस्था दुरुस्त होने से अधिकांश सामाजिक समस्याएँ स्वत: दूर हो जाएंगी। प्रदेश में प्रशासनिक अराजकता व्याप्त है। मानिए, आपका 'सिस्टम' पूर्णत: ध्वस्त हो चुका है।"

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी ने मुख्यमंत्री के इस अभियान पर सवाल उठाते हुए सवालिया लहजे में आगे लिखा, "मुख्यमंत्री जी, क्या बिहार की बदहाल शिक्षा, स्वास्थ्य व विधि व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार, गरीबी, पलायन और बेरोजगारी सरकार की व्यवस्था संबंधित सबसे बड़ी सामाजिक समस्याएँ नहीं है? आप इन सामाजिक खामियों, समस्याओं और प्रशासनिक विफलताओं पर यात्रा कर इन्हें दूर क्यों नहीं करना चाहते?"


गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बुधवार से राज्य के मोतिहारी से समाज सुधार अभियान की शुरूआत करने वाले हैं। मुख्यमंत्री इस अभियान के तहत राज्य के 12 जगहों पर जाएंगे और जनसंवाद करेंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia