नागरिकता कानून पर पूरे यूपी में बवाल, मेरठ-मुजफ्फरनगर, कानपुर, फिरोजाबाद समेत इन जिलों में पथराव और फायरिंग  

उत्तर प्रदेश को नागरिकता कानून की आग की लपटों ने आज फिर अपने आगोश में ले लिया है। राज्य के कई जिलों से हिंसा की खबरें आ रही हैं। पहले कानपुर फिर फिरोजाबाद और अब बहराइच में बवाल हुआ है। बिजनौर, सहारनपुर, बुलंदशहर, जौनपुर, गोरखपुर, वाराणसी, भदोही और मुजफ्फरनगर से भी हिंसा हुई है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश को नागरिकता कानून की आग की लपटों ने आज फिर अपने आगोश में ले लिया है। राज्य के कई जिलों से हिंसा की खबरें आ रही हैं। पहले कानपुर फिर फिरोजाबाद और अब बहराइच में बवाल हुआ है। बिजनौर, सहारनपुर, बुलंदशहर, जौनपुर, गोरखपुर, वाराणसी, भदोही और मुजफ्फरनगर से भी हिंसा हुई है। कानपुर में नागरिकता कानून के खिलाफ कानून तोड़ा गया है। यहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया है। जिसके बाद पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं। वहीं बिजनौर में भी पथराव और लाठीचार्ज की घटना हुई है।

वहीं फिरोजबाद में भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पों की खबर है। यहां पुलिस पर जबरदस्त पथराव किया गया। कई गाड़ियों में आग लगा दी गई। कुछ उपद्रवियों ने फायरिंग भी की है। इसके अलावा गोरखपुर और हापुड़ जिले में भी पथराव हुआ है। हापुड़ में वाहनों में तोड़फोड़ की गई है। यहां उपद्रवियों ने पथराव भी किया है।अमरोहा में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया है। वहीं, बुलंदशहर में भी उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया और फिर तोड़फोड़ की।

मेरठ में प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा

मेरठ में जहां जुमे की नमाज शांतिपूर्ण हुई। वहीं कोतवाली क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन के लिए पर्चे बांटने की सूचना पर पुलिस सर्तक हो गई। पुलिस के रोके जाने पर यहां मौजूद भीड़ ने हंगामा कर दिया जिस पर पुलिस और हंगामा कर रहे लोगों के बीच तीखी झड़प हुई। आखिरकार पुलिस को जबरदस्त हंगामा कर रहे लोगों को लाठीचार्ज कर खदेड़ना पड़ा। पुलिस ने पांच छह युवकों को हिरासत में ले लिया है।


मुजफ्फरनगर जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर उतरे हजारों लोग

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में मुजफ्फरनगर में भी हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। यहां खालापार से नमाज पढ़कर हंगामा करते लोग मीनाक्षी चौक की तरफ बढ़ रहे थे। जहां पुलिस से प्रदर्शनकारियों की तीखी झड़प हुई। मुजफ्फरनगर में लोगों ने कच्ची सड़क, मदीना चौक पर प्रदर्शन किया जहां पुलिस ने रोका लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं मानें। इस दौरान प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव भी किया। प्रदर्शनकारियों ने एक बाइक और एक वैगनार में तोड़फोड़ की है। पथराव के दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोरखपुर में बवाल, एडिशनल एसपी की गाड़ी का शीशा तोड़ा

वहीं गोरखपुर में भी नागरिकता कानून के खिलाफ चल रहा प्रदर्शन हिंसक हो गया। नखास इलाके में भीड़ बेकाबू हो गई है। भीड़ को समझाने आई पुलिस पर पथराव किया गया तो पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया।आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की भी सूचना मिल रही है। एडिशनल एसपी की गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। एसएसपी सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है पुलिस पर पथराव करने वालों के साथ सख्ती पर की गई है इस मामले में जो भी लोग लिप्त हैं उन सब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, पुलिस अलर्ट पर है।


अमरोहा में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया

वहीं, अमरोहा में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया है। इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। यहां भीड़ ने तीन बाइकों को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण हैं। संभल के चंदौसी चौराहे पर भी प्रदर्शनकारी जमा हो गए हैं। यहां पर इंटरनेट बंद कर दिया गया है। वहीं, रामपुर में भी नागरिकता कानून का विरोध जारी है। शनिवार को उलेमाओं ने बंद बुलाया है। मुरादाबाद में पीएम मोदी और अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी हुई। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया है।

हापुड़ में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में की तोड़फोड़, पुलिस का लाठीचार्ज

उत्तर प्रदेश के हापुड़ और गोरखपुर जिले में भी पथराव हुआ है। हापुड़ में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की है। इस दौरान उपद्रवियों ने पथराव भी किया। हापुड़ में हजारों की भीड़ दोपहर की नमाज के बाद बुलंदशहर रोड से जुलूस के रूप में तहसील चौपला पहुंची थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया।


नागरिकता कानून पर अब फिरोजाबाद में जबरदस्त बवाल

फिरोजाबाद में नागरिकता संशोधन कानून का जबरदस्त विरोध हो रहा है। शुक्रवार को थाना रसूलपुर क्षेत्र में धार्मिक स्थल से इबादत के बाद निकले लोग पुलिस से भिड़ गए। पुलिस पर जबरदस्त पथराव किया गया। कई गाड़ियों में आग लगा दी गई। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। शुक्रवार को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के चलते फिरोजाबाद क्षेत्र में मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थी। फिरोजाबाद में चूड़ी के कारखाने भी बंद कर दिए गए थे। रोडवेज की गाड़ियों को बाईपास से गुजारा जा रहा था।

कानपुर में पथराव-लाठीचार्ज और फायरिंग

यूपी के कानपुर में नागरिकता सशोधन अधिनियम के तहत परेड चौराहे पर प्रदर्शन कर रही भीड़ अचानक हिंसक हो गई। बेकाबू भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस को काबू पाने के लिए लाठियां पटकनी पड़ी। कानपुर के बाबूपुरावा, मछरिया सहित कई क्षेत्राें में लोग प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 20 Dec 2019, 4:33 PM