मध्य प्रदेश में कांग्रेस का 'घर चलो, घर-घर चलो' अभियान आज से, देवास से इस कार्यक्रम का होगा आगाज

यह अभियान फरवरी के महीने में पूरे 28 दिन चलेगा। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता समस्त बूथों और सभी परिवारों तक पहुंचें।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

मध्य प्रदेश में कांग्रेस मंगलवार से पार्टी की विचारधारा, नीतियां और कमलनाथ सरकार के दौरान किए गए कार्यों को हर घर तक पहुंचाने के लिए 'घर चलो, घर-घर चलो' अभियान शुरू कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ एक फरवरी को देवास से इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। बताया गया है कि, इस अभियान का जहां पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ देवास में शुरू करेंगे,वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश सह-प्रभारी सी.पी. मित्तल इंदौर में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

यह अभियान एक फरवरी को 11 बजे हर जिला मुख्यालय और गांवों से शुरू होगा। सभी विधायक अपने विधान सभा क्षेत्र में जहां विधायक नहीं हैं, वहां जिला अध्यक्ष अभियान शुरू करेंगे।

यह अभियान फरवरी के महीने में पूरे 28 दिन चलेगा। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता समस्त बूथों और सभी परिवारों तक पहुंचें।

इस अभियान के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी में छह सदस्य मॉनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी के सदस्यों में पूर्व विधायक राजेंद्र मिश्रा, अजिता वाजपेई पांडे, नूर बेग, सुखलाल ठाकुर, जितेंद्र मिश्रा और धर्मेंद्र खटीक शामिल हैं। घर चलो, घर-घर चलो अभियान के दौरान सभी कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी का झंडा और गांधी टोपी लगाकर जनता के बीच जाएंगे। अभियान के दौरान सदस्यता अभियान पर जोर दिया जाएगा। गांवों में जाकर कांग्रेस सदस्यों के घर पर कांग्रेस के स्टीकर लगाए जायेंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia