कोरोना का कहर: महाराष्ट्र में 31 मार्च तक के लिए गाइडलाइंस जारी, पंजाब में बोर्ड परीक्षाएं टली, कई राज्यों में सख्ती

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र के कई इलाकों में लॉकडाउन लगा दिया गया है। 31 मार्च तक के लिए राज्य में नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं। वहीं, पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 10वीं और 12वीं की बोर्ड की परीक्षाएं टाल दी गई हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

विनय कुमार

देश भर में कोरोना कहर जारी है। लेकिन सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है। एक बार फिर कोरोना वायरस से बचने के लिए अब महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने राज्य में कई पाबंदियों का ऐलान कर दिया है। नागपुर जैसे बड़े शहर में लॉकडाउन लगा दिया गया है।

नई गाइडलाइन के मुताबिक, राज्य के सभी दफ्तर, मॉल, सिनेमा हॉल, होटल, रेस्टोरेंट 50 फीसदी क्षमता में ही काम करेंगे। सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनैतिक या धार्मिक आयोजन की इजाजत नहीं होगी। शादी में 50 लोग शामिल होंगे वहीं अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोग शामिल होंगे। दूसरी ओर कोरोना पीड़ितों के हाथ पर स्टाम्प भी लगाने का फैसला राज्य सरकार ने लिया है।


महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि कोरोना वायरस से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वाले सिनेमा हॉल, होटल, रेस्तरां को तब तक बंद रखा जाएगा जब तक कि एकबार फिर से कोरोना वायरस महामारी केंद्रीय सरकार द्वारा आपदा के रूप में अधिसूचित नहीं हो जाती।


नागपुर में कोरोना वायरस से बने हालातों को देखते हुए 15 मार्च से लेकर 21 मार्च तक के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है। पुणे में 31 मार्च तक रात 11 बजे से 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू की घोषणा कर दी गई। पुणे के सभी स्कूल, कॉलेज भी 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। ठाणे में 16 हॉट स्पॉट इलाके में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन है।

पंजाब में भी कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में एक बार फिर स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है। इस दौरान 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों बंद रहेंगे। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं एक माह के लिए स्थगित कर दी हैं। ऐसा राज्य में बढ़ते कोरोना के मामलों के कारण किया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */