बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी ने बताया भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने का कारण, मीडिया और सरकार पर लगाए ये आरोप

राहुल गांधी ने नांदेड़ में कहा कि हमने भारत जोड़ो यात्रा इसलिए शुरू की क्योंकि मीडिया हमारे मुद्दे नहीं उठाता है। संसद में जब हम मुद्दे उठाते हैं तो दो मिनट में हमारे माइक बंद हो जाते हैं। जब हम नोटबंदी, चीनी घुसपैठ की बात करते हैं तो माइक बंद हो जाते हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

09 Nov 2022, 11:32 PM

BHU में फीस वृद्धि के खिलाफ छात्र विश्वविद्यालय के गेट पर धरने पर बैठे

09 Nov 2022, 10:26 PM

BJP चुनाव आते ही CAA पर चिल्लाना शुरू कर देती है और भ्रम पैदा करती हैः ममता बनर्जी

सीएम ममता बनर्जी ने आज कृष्णानगर में एक सार्वजनिक संबोधन के दौरान कहा कि जब चुनाव आते हैं, तो बीजेपी सीएए के बारे में चिल्लाना शुरू कर देती है और चुनाव के समय सीएए-एनआरसी पर भ्रम पैदा करती है। राज्य में वे मटुआ, राजबंशी पर राजनीति करते हैं और 'बंगाल बांटो' की राजनीति करते हैं।

09 Nov 2022, 9:28 PM

जेल से बाहर आए संजय राउत ने पूछा- मैंने 100 दिन जेल में बिताए, मेरा अपराध क्या था?

शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राउत ने जेल से बाहर आने के बाद कहा कि हमने केस लड़ा और कोर्ट का फैसला आया। हमने कुछ गलत नहीं किया। मुझे किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। मैंने 100 दिन जेल में बिताए हैं, मेरा अपराध क्या था? लोकतंत्र में मतभेद हो सकते हैं।


09 Nov 2022, 9:22 PM

रूस ने अपनी सेना को यूक्रेन के खेरसॉन शहर से हटने का आदेश दिया

09 Nov 2022, 9:16 PM

मुंबई में एक अभिनेत्री की शिकायत पर राखी सावंत और एक वकील के खिलाफ कई धाराओं में FIR दर्ज

मुंबई पुलिस ने कहा कि अभिनेत्री राखी सावंत और वकील फाल्गुनी ब्रह्मभट्ट के खिलाफ एक अभिनेत्री की शिकायत पर आईपीसी और आईटी अधिनियम की कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उसका एक आपत्तिजनक वीडियो दिखाया और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।


09 Nov 2022, 8:48 PM

मीडिया हमारे मुद्दे नहीं उठाता, संसद में मसले उठाने पर माइक बंद हो जाते हैं, इसलिए हमने भारत जोड़ो यात्रा शुरू कीः राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज कहा कि हमने भारत जोड़ो यात्रा इसलिए शुरू की क्योंकि मीडिया हमारे मुद्दों को नहीं उठाता है। संसद में जब हम अपने मुद्दे उठाते हैं तो दो मिनट में हमारे माइक बंद हो जाते हैं। जब हम नोटबंदी, चीनी सेना की घुसपैठ की बात करते हैं तो हमारे माइक बंद हो जाते हैं।

09 Nov 2022, 8:41 PM

गुजरात चुनाव के चलते महाराष्ट्र के प्रोजेक्ट वहां जा रहे, राज्य के युवाओं का पैसा, नौकरी और भविष्य भी छीना जा रहाः राहुल गांधी

महाराष्ट्र के नांदेड़ में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आपके एयरबस प्रोजेक्ट की तरह कई प्रोजेक्ट एक के बाद एक महाराष्ट्र से गुजरात जा रहे हैं क्योंकि गुजरात में चुनाव होने वाले हैं। यहां तक कि फॉक्सकॉन प्रोजेक्ट भी चला गया। राज्य के युवाओं का पैसा, नौकरी और भविष्य भी छीना जा रहा है।


09 Nov 2022, 8:37 PM

BJP की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में शुरू हुई

09 Nov 2022, 7:53 PM

गुजरात बीजेपी विधायक भूपेंद्र सिंह चुडासमा ने भी चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया


09 Nov 2022, 7:51 PM

किसानों-श्रमिकों का भारत वाहनों में नहीं, सड़क पर चलता है, उस भारत को समझना है, तो सड़कों पर चलना होगाः राहुल गांधी

महाराष्ट्र के नांदेड़ के नायगांव में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि किसानों और श्रमिकों का भारत वाहनों में नहीं, सड़क पर चलता है। इसे हवाई जहाज, हेलीकॉप्टर या वाहनों से नहीं समझा जा सकता है। अगर आपको उस भारत को समझना है, तो आपको सड़कों पर चलना होगा।

09 Nov 2022, 7:36 PM

गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे

गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी ने आज ऐलान किया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा, मैंने वरिष्ठों को पत्र भेजकर अवगत करा दिया है। वहीं गुजरात के पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने भी चुनाव नहीं लड़ने का एलान किया है।


09 Nov 2022, 7:34 PM

गुजरात के पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे

09 Nov 2022, 6:58 PM

ऑर्थर रोड जेल से बाहर आए संजय राउत, पात्रा चॉल घोटाला केस में मिली है जमानत


09 Nov 2022, 6:50 PM

हिमाचल प्रदेश में 125 पेटी शराब जब्त

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आबकारी विभाग ने बिलासपुर जिले से 125 पेटी भारतीय निर्मित विदेशी शराब जब्त की है। आबकारी विभाग ने कहा कि विभाग को काफी समय से क्षेत्र में शराब बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। उन्होंने कहा कि जिस जगह से शराब जब्त की गई वह एक बंद दुकान थी और उसका मालिक गायब था।

09 Nov 2022, 6:35 PM

दिल्ली: बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक, अमित शाह और ओपी माथुर बीजेपी कार्यालय पहुंचे


09 Nov 2022, 6:05 PM

दिल्ली हाईकोर्ट ने 4 दिसंबर को एमसीडी चुनाव पर रोक लगाने से किया इनकार

दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चार दिसंबर को होने वाले चुनाव पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता वाली एक खंडपीठ ने वार्डो के परिसीमन और उनके आरक्षण को चुनौती देने वाली याचिकाओं के एक समूह का निपटान करते हुए कहा कि राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) द्वारा चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद अदालत चुनाव पर रोक नहीं लगा सकती।

09 Nov 2022, 6:05 PM

बिहार के नौजवानों की सबसे बड़ी दुश्मन बेरोजगारी, लाखों की संख्या में देंगे नौकरी: तेजस्वी यादव


09 Nov 2022, 6:03 PM

असम: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में पूजा की

09 Nov 2022, 6:01 PM

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने डेंगू की स्थिति पर समीक्षा बैठक की


09 Nov 2022, 5:43 PM

बॉम्बे हाईकोर्ट का संजय राउत को मिली जमानत पर तत्काल रोक लगाने से इनकार; जमानत के खिलाफ ईडी की याचिका पर गुरुवार को सुनवाई

09 Nov 2022, 5:26 PM

मेटा ने 11,000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

 टेक उद्योग में अब तक की सबसे खराब छंटनी में से एक में मेटा के संस्थापक और सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने बुधवार को 11,000 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। यह पूरे वर्कफोर्स का लगभग 13 प्रतिशत है। एक बयान में, जुकरबर्ग ने कहा कि कंपनी खर्च में कटौती कर और पहले तिमाही में हायरिंग को फ्रीज कर अधिक कुशल बनने के लिए कई कदम उठा रही है।

जुकरबर्ग ने कहा, आज मैं मेटा के इतिहास में किए गए कुछ सबसे कठिन बदलावों को साझा कर रहा हूं। मैंने अपनी टीम के आकार को लगभग 13 प्रतिशत छोटा कर दिया है और 11,000 से अधिक प्रतिभाशाली कर्मचारियों को जाने देने का फैसला किया है।


09 Nov 2022, 5:22 PM

जम्मू-कश्मीर : बच्चे के अपहरण में शामिल महिला पर पीएसए के तहत केस दर्ज

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक बच्चे के अपहरण में शामिल एक महिला के खिलाफ बुधवार को जन सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक बयान में कहा गया है कि किश्तवाड़ में पुलिस ने हाल ही में जिला अस्पताल से हुए अपहरण के रहस्य को सुलझा लिया, जहां एक बुर्का पहने महिला ने 6 महीने के बच्चे का अपहरण कर लिया था।

09 Nov 2022, 5:13 PM

उत्तर प्रदेश: सीतापुर में एक बैग में महिला का कई टुकड़ों में कटा हुआ शव मिला


09 Nov 2022, 4:57 PM

T20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची पाकिस्तान की टीम, सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया

T20 विश्व कप 2022 के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हरा दिया है। इसके साथ ही पाकिस्तान फाइनल में पहुंच चुकी है।

09 Nov 2022, 4:51 PM

जम्मू-कश्मीर: डोडा में चिनाब नदी में कार के गिरने से चार लोग लापता


09 Nov 2022, 4:33 PM

उत्तर प्रदेश: अलीगढ़ बिजली के तारों के संपर्क में आई बस, 13 लोग झुलसे

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के एसपी आशुतोष मिश्रा ने बताया, “महोबा से आ रही एक बस पर लोहे की चारपाइयां लदी थी। आलमपुर गांव के पास चारपाइयां बिजली के तारों के संपर्क में आई और इससे बस में करंट आ गया। हादसे में करीब 13 लोग घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज जारी है।”

09 Nov 2022, 3:45 PM

हिमाचल के बनूटी में खड़गे बोले- कांग्रेस सरकार आई तो पुरानी पेंशन करेंगे बहाल, 300 यूनिट बिजली देंगे फ्री

हिमाचल प्रदेश में शिमला के बनूटी में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मुझे 9,000 प्रतिनिधियों ने मिलकर चुनाव के माध्यम से चुना है। लेकिन जेपी नड्डा साहब का चुनाव कैसे हुआ यह किसी को पता नहीं है। वहां (बीजेपी में) पर चुनाव नहीं होते सिर्फ नाम दिए जाते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यहां हमने जो 10 वादे किए हैं, वो हम पूरा करेंगे। क्योंकि यूपीए सरकार के समय हमने डॉ.मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में ₹72000 करोड़ के कर्ज माफ किए थे। हम हिमाचल प्रदेश में भी किसानों के कर्ज माफ करेंगे।

खड़गे ने कहा, “यहां किसानों-बागवानों के पास फसल-फल बेचने के लिए मंडी नहीं है, MSP नहीं है। यहां से फल सस्ते दाम पर खरीद कर बाहर ले जाकर महंगे बेचे जाते हैं। बड़े व्यापारियों को मोदी सरकार, यहां की सरकार सपोर्ट करती है, क्या आपको ऐसी सरकार चाहिए।”

उन्होंने कहा कि राज्य में अगर सत्ता में हमारी सरकार आई तो हम पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करेंगे। महिलाओं को ₹1500 प्रति माह देंगे। राज्य की जनता को 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे। खड़गे ने कहा कि ये मोदीजी की तरह जुमले नहीं हैं, हमारे वादे हैं, दृढ़ इरादे हैं।


09 Nov 2022, 3:18 PM

टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को दिया 153 रनों का टारगेट

टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 153 रनों का टारगेट दिया है। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। शाहीन आफरीदी ने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन दिए और 2 विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद नवाज को एक विकेट मिला। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को रन नहीं बनाने दिए और उसे बांधकर रखा।

09 Nov 2022, 2:08 PM

पंजाब: फिरोजपुर में BSF ने पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया


09 Nov 2022, 1:49 PM

मजबूरी डर बने, डर नफरत में तब्दील हो, 'हम दो, हमारे दो' का चलता रहे राज, यही है BJP का मकसद- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “मजबूरी डर बने और डर नफरत में तब्दील हो। लोग उलझे रहें, और ‘हम दो, हमारे दो’ का राज चलता रहे। बीजेपी की विभाजनकारी नीतियों का यही मकसद है।”

09 Nov 2022, 1:11 PM

T20 WC: पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया


09 Nov 2022, 1:07 PM

मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने शपथ लेने के बाद SC परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने शपथ लेने के बाद दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

09 Nov 2022, 12:44 PM

दिल्ली: रेजिडेंट डॉक्टरों ने सुरक्षा चिंताओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय को लिखा पत्र


09 Nov 2022, 12:12 PM

जम्मू-कश्मीर: पुंछ में मुगल रोड इलाके में भारी बर्फबारी हुई

09 Nov 2022, 10:59 AM

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर सभी प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक संपदाओं और सुंदरता से भरा हुआ राज्य है। इस प्रदेश की अद्वितीय सभ्यता भारत को और भी अधिक खूबसूरत बनाती है। उत्तराखंड स्थापना दिवस पर सभी प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।”


09 Nov 2022, 10:53 AM

देवभूमि हिमाचल को परंपरा से है लगाव, कांग्रेस ही लाएगी प्रदेश में बदलाव- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कहा, “देवभूमि हिमाचल को परंपरा से है लगाव, कांग्रेस ही लाएगी प्रदेश में बदलाव!

कांग्रेस की 10 प्रतिज्ञाएं-

  • युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए

  • महिलाओं के स्वाभिमान के लिए

  • वृद्धजनों के सम्मान के लिए

  • खेती और बागवान के लिए

  • हर एक आम इंसान के लिए।"

09 Nov 2022, 10:48 AM

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में भीषण सड़क हादसा, 4 लोगों की मौत, एक घायल अस्पताल में भर्ती

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में भीषण सड़क हादसा हुआ है। गजरौला थाना क्षेत्र में एक ऑटो का एक अज्ञात वाहन से टक्कर होने से चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे में एक व्यक्ति घायल है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि हादसे की जानकारी सभी के परिजनों को दे दी गई है।


09 Nov 2022, 10:28 AM

दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में न्यायमूर्ति डी.वाई.चंद्रचूड़ को भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद की शपथ दिलाई

09 Nov 2022, 10:14 AM

दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में न्यायमूर्ति डी.वाई.चंद्रचूड़ को भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद की शपथ दिलाई


09 Nov 2022, 10:02 AM

उत्तराखंड के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई, यह प्रकृति और आध्यात्मिकता से जुड़ा राज्य है: PM

09 Nov 2022, 9:43 AM

बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 13 से 19 दिसंबर तक चलेगा, कैबिनेट की मंजूरी

बिहार के विधानमंडल में शीतकालीन सत्र के तारीखों की घोषणा हो गई है। इस बार का शीतकालीन सत्र पांच दिन का होगा, जो अगले माह के 13 से 19 दिसंबर तक आयोजित होगा। बीते मंगलवार को बिहार कैबिनेट की बैठक में इसकी मंजूरी दी गई। 


09 Nov 2022, 9:40 AM

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में भीषण हादसा, ऑटो और अज्ञात वाहन में टक्कर, 4 लोगों की मौत,1 घायल 

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में गजरौला थाना क्षेत्र में एक ऑटो का एक अज्ञात वाहन से भिडंत हो गया। ऑटो में 5 लोग सवार थे। हादसे में 4 लोगों की मृत्यु हो गई। 1 घायल व्यक्ति को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

09 Nov 2022, 7:51 AM

दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही

दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। नोएडा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 371 'बहुत खराब' श्रेणी में है, गुरुग्राम में 338 'बहुत खराब' श्रेणी में और दिल्ली का AQI 339 पर 'बहुत खराब' श्रेणी में है।


09 Nov 2022, 7:50 AM

दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में है

09 Nov 2022, 7:45 AM

दिल्ली-NCR के बाद उत्तराखंड में भूकंप के झटके, पिथौरागढ़ में हिली धरती, घरों से निकले लोग

दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में देर रात आए भूकंप के झटकों के बाद सुबह-सुबह उत्तराखंड में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्कैल पर तीव्रता 4.3 मैग्नीट्यूड मापी गई।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia