बड़ी खबर LIVE: ऐश्वर्या-तेजप्रताप विवाद पर तेजस्वी बोले- यह जनहित का मुद्दा नहीं जो चर्चा करें

आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव शनिवार को रांची रिम्स पहुंचे। उन्होंने लालू यादव से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि केवल जनता से जुड़े ही सवाल पूछें। तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या का मुद्दा जनहित नहीं है।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

10 Nov 2018, 7:13 PM

ऐश्वर्या-तेजप्रताप विवाद पर बोले तेजस्वी- यह जनहित का मुद्दा नहीं जो चर्चा करें

आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव शनिवार को रांची रिम्स पहुंचे। उन्होंने लालू यादव से मुलाकात की। तेजस्वी यादव जब मुलाकात के बाद रिम्स से बाहर आए तो मीडिया से तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या के मुद्दे पर जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केवल जनता से जुड़े ही सवाल पूछें। तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या का मुद्दा जनहित नहीं है।

10 Nov 2018, 6:27 PM

आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा, नोटबंदी और जीएसटी के दोहरे झटके से भारतीय अर्थव्यवस्था चौपट

बर्कले में यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफॉर्निया में शुक्रवार को व्याख्यान देते हुए आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी की वजह से पिछले साल भारत की आर्थिक विकास दर में जबरदस्त गिरावट आई। उन्होंने आगे कहा कि 7 फीसदी की मौजूदा विकास दर देश की अर्थव्यवस्था के लिए काफी नहीं है।

10 Nov 2018, 4:44 PM

बीजेपी सांसद सावित्री बाई फुले ने कहा, आयोध्या में राम की नहीं बुद्ध की लगनी चाहिए मूर्ति

एक तरफ जहां अयोध्या में विवादित स्थल पर बीजेपी राम की मूर्ति स्थापित करने की बात कह रही है। वहीं बीजेपी सांसद सावित्री बाई फुले ने अयोध्या में विवादित स्थल पर बुद्ध की मूर्ति स्थापित करने की मांग की है।

बीजेपी सांसद ने कहा कि अयोध्या बुद्ध की कर्मस्थली है, इसलिए वहां बुद्ध की प्रतिमा स्थापित होनी चाहिए। सावित्री बाई फुले ने विवादित स्थल में हुई खुदाई के दौरान निकले अवशेषों का जिक्र करते हुए कहा कि वह अवशेष बुद्ध से जुड़े हुए थे।


10 Nov 2018, 4:33 PM

बेंगलुरु: क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंचे जनार्दन रेड्डी, रिश्वतखोरी मामले में तलाश कर रही थी पुलिस

जी जनार्दन रेड्डी बेंगलुरु में क्राइम ब्रांच के दफ्तर में पहुंच गए हैं। ऐम्बिडेंट ग्रुप रिश्वतखोरी मामले में पुलिस उन्हें तलाश कर रही थी।

ये है पूरा माला:

जी जनार्दन रेड्डी पर आरोप है कि उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों को रिश्वत देने की कोशिश की थी। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने 600 करोड़ रुपये के घोटाला मामले में शामिल कंपनी ऐम्बिडेंट मार्केटिंग और उसके मालिक अहमद फरीद को ईडी की जांच से बचाने के लिए 18 करोड़ रुपये का सौदा किया था।

10 Nov 2018, 3:49 PM

कर्नाटक के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने कहा, मुसलमान राम मंदिर के खिलाफ नहीं हैं

बेंगलुरु में टीपू जयंती के मौके पर कर्नाटक के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बीजी जमीर अहमद खान ने राम मंदिर पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “सिर्फ कर्नाटक के मुसलमान ही नहीं पूरे देश के मुसलमान राम मंदिर के खिलाफ नहीं हैं। राम मंदिर बनना चाहिए, लेकिन हमारी उस मस्जिद को भी बनवाना चाहिए, जिसे शहीद कर दिया गया था। हम राम मंदिर के खिलाफ नहीं हैं, हम सिर्फ अपना अधिकार मांग रहे हैं।”


10 Nov 2018, 2:40 PM

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनते ही 10 दिन के अंदर किसानों का कर्ज करेंगे माफ: राहुल गांधी

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी खोखले वादे करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी खोखले और झूठे वादे नहीं करती है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस जो भी वादे जतना से करती है उसे पूरा करती है। उन्होंने कहा कि हमने पंजाब और कर्नाटक में किसानों का कर्जमाफी का वादा किया था, जैसे ही दोनों राज्यों में सरकार आई हमने सबसे पहले अपने वादे को पूरा किया।

मंच से राहुल गांधी ने कहा कि हम किसानों से वादा करते हैं कि राज्य में सरकार बनने के 10 दिन के अंदर ही हम कर्ज माफ कर देंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को जो बोनस रमन सरकार ने नहीं दिया उस बोनस को भी कांग्रेस की सरकार देगी।

10 Nov 2018, 1:11 PM

राहुल बोले, पनामा पेपर्स में रमन के बेटे का आया नाम, नहीं हुई कार्रवाई, क्योंकि वो भ्रष्ट हैं

छत्तीसगढ़ के कांकेर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि रमन सरकार किसानों और गरीबों के साथ नाइंसाफी कर रही है। उन्होंने कहा कि रमन और मोदी सरकार ने किसानों को बोनस नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में कांग्रेस की सरकार आई तो हमारी सरकार किसानों को बोनस देगी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक विजन के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अगर कांग्रेस की सरकार आई तो हर जिले में फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाया जाएगा, ताकि किसान उपज को वहां बेच सकें।

राहुल गांधी ने मंच से राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पनामा पेपर्स में रमन सिंह के बेटे का नाम आया, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई, क्योंकि रमन सिंह और मोदी भ्रष्ट हैं। राहुल गांधी ने कहा कि 5,000 करोड़ के चिट फंड घोटाले में भी कार्रवाई इसलिये नहीं हुई, क्योंकि मुख्यमंत्री कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।”

राहुल गांधी ने कहा, “ रमन सिंह जी ने हजारों एकड़ जमीन किसानों, आदिवासियों से छीनी। कांग्रेस की सरकार आई तो हम गांव के हर परिवार को जमीन देंगे।”


10 Nov 2018, 12:37 PM

बीजेपी ने छत्तीसगढ़ के लिए जारी किया घोषणापत्र

बीजेपी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है।

10 Nov 2018, 12:25 PM

कांग्रेस ने एमपी के लिए जारी किया घोषणापत्र, किसानों को 50 फीसदी कम रेट पर बिजली देने का वादा

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। घोषणापत्र में पार्टी ने कहा है कि राज्य में अगर उसकी सरकार आई तो वह किसानों को 50 फीसदी कम रेट पर बिजली देगी। साथ ही डीजल और पेट्रोल के दाम को कम करने का भी पार्टी ने वादा किया है। इसके अलावा पार्टी ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में गौशालाएं खोली जाएंगी।

कांग्रेस के घोषणापत्र की बड़ी बातें:

  • किसानों का कर्जा माफ करेंगे
  • किसानों का बिजली बिल आधा करने का वादा
  • बेरोजगार युवाओं को 1 हजार रुपये हर महीने बेरोजगारी भत्ता
  • विधान परिषद का गठन करेंगे
  • बच्चियों के विवाह के लिए 51 हजार रुपये का अनुदान देंगे
  • महिलाओं के स्व सहायता समूह के कर्ज माफ करेंगे
  • सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 300 रुपये से बढ़ाकर 1 हजार रुपये करेंगे
  • जन आयोग का गठन कर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ेंगे

10 Nov 2018, 12:13 PM

छत्तीसगढ़: राहुल गांधी ने कई संगठनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन हैं। राजनांदगांव में गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद राहुल गांधी ने विभिन्न संगठनों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

10 Nov 2018, 12:06 PM

शहरों के नाम बदलने पर योगी के मंत्री बोले, बीजेपी पहले पार्टी के मुस्लिम नेताओं के बदले नाम

उत्तर प्रदेश के शहरों के नाम बदलने पर योगी कैबिनेट के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ड्रामा कर रही है। राजभर ने कहा, “बीजेपी ने मुगलसराय और फैजाबाद का नाम बदल दिया। उनका कहना है कि इनके पीछे मुगल लगा था। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और उत्तर प्रदेश के मंत्री मोहसिन रजा जैसे तीन मुस्लिम चेहरे हैं। पहले बीजेपी इनका नाम बदले।”


10 Nov 2018, 11:50 AM

राफेल की कीमत सभी को है पता, फिर भी ये गोपनीय है: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे को लेकर एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राफेल की कीतम के बारे में सभी को पता है फिर भी मोदी सरकार कह रही है कि इसे बताया नहीं जा सकता है, क्योंकि यह गोपनीय है।

उन्होंने ट्वीट कर कहा, “प्रधानमंत्री, अनिल अंबानी, हॉलैंड और मैक्रोन, सभी पत्रकार, रक्षा मंत्री और दसॉल्ट के प्रतिद्वंद्वी सभी राफेल की कीमत के बारे में जानते हैं। लेकिन राफेल की कीमत राष्ट्रीय गोपनीय है, जिसे सुप्रीम कोर्ट को भी नहीं बताया जा सकता है।”

10 Nov 2018, 11:00 AM

बेंगलुरु: टीपू सुल्तान के महल के बाहर की तस्वीर


10 Nov 2018, 11:18 AM

छत्तीसगढ़: राजनांदगांव में राहुल गांधी ने गुरुद्वारे में मत्था टेका

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन है। राज्य में चुनाव प्रचार के पहले चहण का आज शोर थम जाएगा। राहुल गांधी आज राज्य में कई सभाओं को संबोधित करेंगे। सभा को संबोधित करने से पहले राहुल गांधी ने राजनांदगांव में गुरुद्वारे में मत्था टेका।

10 Nov 2018, 10:45 AM

बेंगलुरु: टीपू जयंती के मौके पर कर्नाटक के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री, सिद्धारमैया से मिले

टीपू जयंती के मौके पर कर्नाटक के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बीजी जमीर अहमद खान ने बेंगलुरु में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मुलाकात की।


10 Nov 2018, 10:37 AM

कर्नाटक: मडीकेरी के पुलिस उपायुक्त दफ्तर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

कर्नाटक में टीपू जयंती के मौके पर बीजेपी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच मडीकेरी के पुलिस उपायुक्त दफ्तर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की है।

10 Nov 2018, 10:28 AM

कर्नाटक: टीपू जयंती पर कोडागू में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

टीपू जयंती पर कर्नाटक में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। कोडागू की पुलिस उपायुक्त ने कहा कि अगर कोई नियम-कानून को तोड़ता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


10 Nov 2018, 9:42 AM

कर्नाटक में टीपू जयंती मनाए जाने के खिलाफ प्रदर्शन, मेडीकेरी में कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

मैसूर साम्राज्य के शासक रहे टीपू सुल्तान की आज जयंती है। कर्नाटक में टीपू जयंती मनाने का बीजेपी विरोध कर रही है। राज्य में जगह-जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं। मेडीकेरी में टीपू जयंती मनाए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे समूहों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस बीच पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

10 Nov 2018, 8:50 AM

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 26 के पास 150 झुग्गियां जलकर राख, 500 लोग हुए बेघर

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 26 के दौलतपुर गांव के पास करीब 150 झुग्गियां जलकर राख हो गईं हैं।झुग्गियां में आग लगने से करीब 500 लोग बेघर हो गए हैं। गनीमत ये है इस आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। झुग्गियों में आग कैसे लगी इस बात का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia