बड़ी खबर LIVE: केरल बाढ़ राहत कोष में 1 महीने की सैलरी देंगे कांग्रेस के विधायक और सांसद, पार्टी ने किया ऐलान

कांग्रेस के सभी विधायक और सांसद केरल बाढ़ राहत कोष में 1 महीने की सैलरी दान करेंगे। इस बात की जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दी। उन्होंने कहा कि केरल के लोगों को जरूरी चीजें भेजने के लिए एक विशेष राहत समिति भी बनाई जाएगी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

18 Aug 2018, 6:58 PM

एशियन गेम्स 2018 का हुआ शुभारंभ, जर्काता में हुई ओपनिंग सेरेमनी

18 Aug 2018, 6:22 PM

केरल: चेन्गनूर में भारतीय जल सेना चलाया राहत और बचाव अभियान

18 Aug 2018, 6:22 PM

केरल: पलक्कड़ के गांव में बाढ़ ने मचाई भारी तबाही


18 Aug 2018, 5:39 PM

केरल: बाढ़ और भूस्खलन से पलक्कड़ की सड़क क्षतिग्रस्त

केरल में भारी बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन से पलक्कड़ की सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।

18 Aug 2018, 5:21 PM

देश भर में राफेल डील पर सम्मेलन करने के लिए राहुल गांधी ने बनाई 6 सदस्यों की टीम

देश भर में राफेल डील पर सम्मेलन करने के लिए राहुल गांधी ने 6 सदस्यों की टीम बनाई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयपाल रेड्डी इस टीम का नेतृत्व करेंगे।


18 Aug 2018, 5:15 PM

केरल के लिए मध्‍य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जारी किए 10 करोड़ रुपये

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केरल बाढ़ प्रभावितों के मदद के लिए 10 करोड़ रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

18 Aug 2018, 5:06 PM

कांग्रेस के सभी विधायक और सांसद केरल बाढ़ राहत कोष में 1 महीने की सैलरी दान करेंगे

कांग्रेस के सभी विधायक और सांसद केरल बाढ़ राहत कोष में 1 महीने की सैलरी दान करेंगे। इस बात की जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दी। उन्होंने कहा कि केरल के लोगों को जरूरी चीजें भेजने के लिए एक विशेष राहत समिति भी बनाई जाएगी।


18 Aug 2018, 4:03 PM

महाराष्ट्र, गुजरात और यूपी सरकार ने केरल के लिए मदद का ऐलान किया

महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश सरकार ने बाढ़ प्रभावित केरल के लिए मदद का ऐलान किया है। महाराष्ट्र ने 20 करोड़, गुजरात ने 10 करोड़ और उत्तर प्रदेश सरकार ने 15 करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया है।

18 Aug 2018, 3:27 PM

संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान का निधन

संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान का 80 साल की उम्र में निधन हो गया है। 1938 में घाना में जन्मे कोफी अन्नान ने 1997 से 2006 तक संयुक्त राष्ट्र संघ के 7वें महासचिव के रूप में काम किया था।


18 Aug 2018, 2:17 PM

अगले दो दिनों तक केरल में जारी रह सकती है भारी बारिश: मौसम विभाग

केरल के लोगों को अगले 2 दिनों तक भारी बारिश से राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 दिनों तक राज्य में भारी बारिश जारी रह सकती है। राहत की बात यह है कि 2 दिनों के बाद राज्य में कम बारिश होने का अनुमान है।

18 Aug 2018, 2:07 PM

केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने केंद्र सरकार से और हेलीकॉप्टर और नाव की मांग की

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा, “पीएम मोदी ने राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया है। खराब मौसम की वजह से हमारा हेलीकॉप्टर कुछ जगहों पर नहीं जा सका। उन्होंने केरल के लिए 500 करोड़ रुपये का ऐलान किया है, इसके लिए हम उन्हें धन्यवाद कहते हैं और यह मांग करते हैं कि वे हमें और हेलीकॉप्टर और नाव मुहैया कराएं।”

केरल बारिश और बाढ़ से मची तबाही से जूझ रहा है। इस बीच कई राज्य केरल को मदद पहुंचाने के लिए सामने आए हैं। बिहार ने 10 करोड़ और ओडिशा ने 5 करोड़ रुपये की मदद देने का ऐलान किया है।


18 Aug 2018, 12:41 PM

हरियाणा सरकार ने केरल के लिए 10 करोड़ की मदद का ऐलान किया

केरल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार ने 10 करोड़ की मदद का ऐलान किया है।

18 Aug 2018, 11:50 AM

पीएम मोदी ने केरल के लिए 500 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल के बाढ़ प्रभावित इलाकों के हवाई सर्वेक्षण पर हैं। इस बीच उन्होंने केरल के लिए 500 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा की है। इसके अलावा बाढ़ और बारिश में जिन लोगों की मौत हुई है उनके परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का भी ऐलान किया गया है। इससे पहले केंद्र सरकार ने केरल के लिए 100 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा की थी।

बता दें कि राज्य में बारिश और बाढ़ से भीषण तबाही हुई है। केरल सरकार ने केंद सरकार से राज्य में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए 2 हजार करोड़ रुपये की मांग की थी। लेकिन केंद्र सरकार ने सिर्फ 600 करोड़ रुपये ही दिए हैं। एक अनुमान के मुताबिक, बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से केरल में 20 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

वहीं एनडीआरएफ के डीजी संजय कुमार ने कहा, “राज्य में एनडीआरएफ की 58 टीमें 8 बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के काम में जुटी हुई हैं। एनडीआरएफ की टीमों ने अब तक 7 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पहुंचाया है। जरूरत पड़ने पर और टीमों को वहां भेजा जाएगा।”


18 Aug 2018, 11:35 AM

राहुल गांधी ने की पीएम मोदी से अपील, बिना देरी किए केरल बाढ़ को घोषित करें राष्ट्रीय आपदा

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केरल बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “ प्रिय प्रधानमंत्री कृपया कर के केरल बाढ़ को बिना देरी किए हुए राष्ट्रीय आपदा घोषित कर दें। राज्य में लाखों लोगों की जिंदगियां दांव पर हैं।”

18 Aug 2018, 11:19 AM

केरल में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं पीएम मोदी

केरल में बाढ़ प्रभावित इलाकों का पीएम मोदी हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं। पीएम मोदी के साथ राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन भी साथ में मौजूद हैं। इससे पहले खबर आई थी कि खराब मौसम के चलते पीएम मोदी का बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण रद्द हो गया है।

मुश्किल वक्त में केरल के लोगों की मदद के लिए भारतीय स्टेट बैंक सामने आया है। एसबीआई ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 2 करोड़ रुपये दान देने का ऐलान किया है।


18 Aug 2018, 10:58 AM

इमरान खान ने पाकिस्तान के 22वें पीएम के रूप में ली शपथ

इमरान खान ने पाकिस्तान के 22वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। इस्लामाबाद में आयोजित शपथग्रहण में नवजोत सिंह सिद्धू भी शामिल हुए।

18 Aug 2018, 10:52 AM

इमरान खान पाकिस्तान के 22वें पीएम के रूप में ले रहे हैं शपथ

पूर्व क्रिकेटर और पाकिस्तान तरहीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान पाकिस्तान के 22वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले रहे हैं। इस्लामाबाद में आयोजित शपथग्रहण समारोह नवजोत सिंह सिद्धू भी पहुंचे हैं।

इससे पहले शुक्रवार को पाकिस्तान की नेशनल एसेंबली की कुल 336 सीटों में से इमरान खान को बहुमत के लिए 173 सीटों की जरूरत थी। इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने 176 सीटें जीतीं, जबकि उनके विरोधी में खड़े पाकिस्तान मुस्लिम लीग(नवाज) के अध्यक्ष शहबाज शरीफ को सिफ 96 वोट ही मिले थे।


18 Aug 2018, 10:35 AM

केरल में खराब मौसम के चलते पीएम मोदी का बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण रद्द

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खराब मौसम के चलते शनिवार को केरल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हेलीकॉप्टर से सर्वेक्षण रद्द कर दिया गया। नदियों में तेज उफान और भूस्खलन के चलते हुए हादसों में शनिवार सुबह तक मरने वालों की संख्या 180 तक पहुंच चुकी है, जबकि तीन लाख लोगों को मजबूरन 2,000 राहत शिविरों में शरण लेना पड़ा है।

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से यहां पहुंचे मोदी के साथ मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, राज्य के राजस्व मंत्री ई. चंद्रशेखरन और अन्य शीर्ष अधिकारी थे।

कोच्चि से शनिवार को दिल्ली लौटने से पहले प्रधानमंत्री राज्य के हालात पर चर्चा करने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।

(आईएएनएस की रिपोर्ट)

18 Aug 2018, 9:57 AM

केरल में हालत बेहद गंभीर: पीसी चाको

कांग्रेस नेता पीसी चाको ने कहा, “बाढ़ में हजारों लोग असहाय महसूस कर रहे हैं और उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में बेहद गंभीर स्थिति है। आपातकालीन निकासी अभियान की आवश्यकता है। केंद्र से जो भी मदद मिल रही है वह सराहनीय है, लेकिन केरल को और मदद की जरूरत है।”


18 Aug 2018, 8:58 AM

केरल में 100 सालों में बाढ़ से सबसे बड़ी तबाही, अब तक 324 लोगों की मौत, लाखों लोग हुए बेघर

केरल में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 100 सालों में सबड़े तबाही हुई है। अब तक राज्य में 324 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं बाढ़ की वजह से लाखों लोग बेघर हो चुके हैं। सेना, नौसेना, वायुसेना और एनडीआरएफ की टीमें बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है।

केरल सीएमओ ने ट्वीट कर कहा, “केरल 100 सालों में सबसे भयावह बाढ़ का सामना कर रहा है। राज्य के 80 बांध खोल दिए गए हैं। अब तक 324 लोगों की जान जा चुकी है। 2,23,139 लोगों को अब तक 15 सौ से ज्यादा राहत शिविरों में पहुंचाया जा चुका है। आपसे अपील की जाती है कि राहत कोष में आप दान करें।”

18 Aug 2018, 9:12 AM

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस केरल में बाढ़ से हुई मौतों से चिंतित

फोटो: आईएएनएस
फोटो: आईएएनएस
एंटोनियो गुटेरेस, संयुक्त राष्ट्र महासचिव

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस केरल में बांध से लोगों की मौत और तबाही से चितित हैं। वैश्विक संगठन इस घटनाक्रम पर करीब से नजर बनाए हुए है।

गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि संयुक्त राष्ट्र भारत में बाढ़ से मची तबाही और मौतों से व्यथित है। यह बाढ़ लगभग 100 सालों में सबसे विनाशकारी बाढ़ है।

यह पूछे जाने पर कि क्या भारत ने संयुक्त राष्ट्र से सहयोग मांगा है? इस पर उन्होंने कहा कि अभी तक मदद नहीं मांगी गई है, जैसा कि आपको पता है कि भारत के पास इस तरह की प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सक्षम मशीनरी है।

उन्होंने कहा, "लेकिन यकीनन हमारी टीम और मैं हमारे रेजिडेंट समन्वयक यूरी अफानासेव के संपर्क में हैं। वे इस घटना पर करीब से नजर रखे हुए हैं।"

(आईएएनएस की रिपोर्ट)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia