बड़ी खबर LIVE: चुनार में गिरफ्तार प्रियंका गांधी का ऐलान- पीड़ितों से मिलने के अपराध में जेल जाने को तैयार

यूपी के सोनभद्र जाने के दौरान गिरफ्तार की गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जमानत लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह नरसंहार का दंश झेल रहे गरीब आदिवासियों से मिलने, उनकी व्यथा-कथा जानने आई हैं, जो उनका धर्म है और नैतिक अधिकार भी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

19 Jul 2019, 10:33 PM

चुनार में गिरफ्तार प्रियंका गांधी का ऐलान- पीड़ितों से मिलने के अपराध में जेल जाने को तैयार

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जाने के दौरान गिरफ्तार की गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जमानत लेने से इनकार कर दिया है। चुनार गेस्ट हाउस में हिरासत रखी गईं प्रियंका गांधी ने कहा कि वह इस जमानत को अनैतिक मानती हैं और उनकी मांग है कि उन्हें पीड़ितों से मिलने दिया जाए। उन्होंने कहा कि “मैं नरसंहार का दंश झेल रहे गरीब आदिवासियों से मिलने, उनकी व्यथा-कथा जानने आई हूं। जनता का सेवक होने के नाते यह मेरा धर्म है और नैतिक अधिकार भी है। उनसे मिलने का मेरा निर्णय अडिग है।”

उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश प्रशासन द्वारा मुझे पिछले 9 घंटे से गिरफ्तार कर चुनार किले में रखा गया है। प्रशासन कह रहा है कि मुझे 50,000 रुपये की जमानत देनी है, अन्यथा मुझे 14 दिन के लिए जेल की सजा दी जाएगी, मगर वे मुझे सोनभद्र नहीं जाने देंगे ऐसा उन्हें ‘ऊपर से ऑर्डर है’। मैंने न कोई कानून तोड़ा है, न कोई अपराध किया है। बल्कि सुबह से मैंने स्पष्ट किया था कि प्रशासन चाहे तो मैं अकेली उनके साथ पीड़ित परिवारों से मिलने आदिवासियों के गांव जाने को तैयार हूं या प्रशासन जिस तरीके से भी मुझे उनसे मिलाना चाहता है मैं तैयार हूं। मगर इसके बावजूद उप्र सरकार ने यह तमाशा किया हुआ है। जनता सब देख रही है।”

प्रियंका गांधी ने कहा, “मैं इस संदर्भ में जमानत को अनैतिक मानती हूं और इसे देने को तैयार नहीं हूं। मेरी साफ मांग है कि मुझे पीड़ित आदिवासियों से मिलने दिया जाए। सरकार को जो उचित लगे वह करे। अगर सरकार पीड़ितों से मिलने के अपराध के लिए मुझे जेल में डालना चाहें तो मैं इसके लिए पूरी तरह से तैयार हूं।

19 Jul 2019, 10:22 PM

सोनभद्र के पीड़ित आदिवासियों से मिलने के फैसले पर प्रियंका गांधी अडिग, जमानत लेने से किया इनकार

यूपी के सोनभद्र जाने के दौरान गिरफ्तार की गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जमानत लेने से इनकार कर दिया है। चुनार गेस्ट हाउस में हिरासत रखी गईं प्रियंका गांधी ने कहा कि वह जमानत को अनैतिक मानती हैं और उनकी मांग है कि उन्हें पीड़ितों से मिलने दिया जाय।

19 Jul 2019, 9:08 PM

हापुड़ की एक फैक्ट्री में कचरा साफ करने उतरे 3 मजदूरों की सेप्टिक टैंक में मौत

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में जीएस दास नाम की एक कलर फैक्ट्री में कचरा साफ करने सेप्टिक टैंक में उतरे 3 मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कुछ मजदूर टैंक में कचरा साफ करने गए थे, जिसमें से एक बेहोश ङोकर गिर गया। उसे बचाने के लिए 2 मजदूर नीचे उतरे थे। लेकिन तीनों की कचरे में डूब कर मौत हो गई।


19 Jul 2019, 8:52 PM

यूपी के चुनार में हिरासत में ली गईं प्रियंका गांधी का धरना जारी, प्रशासन पर बिजली काटने का आरोप

यूपी के सोनभद्र जाने के दौरान हिरासत में ली गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का चुनार गेस्ट हाउस में धरना जारी है। इस बीच वहां बिजली कटने से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर जानबूझकर बिजली काटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे मोमबत्तियों के साथ अपना विरोध जारी रखेंगे।

19 Jul 2019, 7:53 PM

बिहारः सारण में मवेशी चोरी के आरोप में तीन लोगों की हत्या के मामले में 7 गिरफ्तार, जांच जारी

बिहार के सारण जिले के बहियापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मवेशी चोरी के शक में 3 लोगों की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में बहियापुर थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।


19 Jul 2019, 7:09 PM

एयर एशिया इंडिया के पायलट रवि राज का लाइसेंस 3 महीने के लिए निलंबित

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 9 जून को दिल्ली-श्रीनगर उड़ान पर हाईजैक कोड ’गलत तरीके से भेजने के लिए एयर एशिया इंडिया के पायलट रवि राज के लाइसेंस को 3 महीने के लिए निलंबित कर दिया है।

19 Jul 2019, 6:58 PM

असम के राज्यपाल जगदीश मुखी ने बाढ़ की स्थिती की समीक्षा की

असम के राज्यपाल जगदीश मुखी ने आज असम के सरकार के मुख्य सचिव आलोक कुमार और गवर्नर हाउस में कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। राज्य में बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है।


19 Jul 2019, 6:46 PM

बिहार के नवादा में बड़ा हादसा, आकाशीय बिजली गिरने से 8 बच्चों की हुई मौत, 9 लोग घायल

बिहार के नवादा जिले में बड़ा हादसा हुआ है। खबरों के मुताबिक, नवादा में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से 8 बच्चों की मौत हो गई है। वहीं, इस हादसे में 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

19 Jul 2019, 6:22 PM

गाजियाबाद: हिंडन एयर बेस के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाला शख्स गिराफ्तार

भारतीय वायु सेना की एक टीम ने हिंडन एयर बेस के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद आज मुकेश नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया।


19 Jul 2019, 6:07 PM

चेन्नई: प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

19 Jul 2019, 6:00 PM

पूर्व बीजेपी विधायक सुरेंद्र नाथ को मिली जमानत, सीएम कमलनाथ पर की थी विवादित टिप्पणी


19 Jul 2019, 5:54 PM

कश्मीर : आतंकवादियों ने महबूबा के चचेरे भाई के गार्ड की हत्या की

जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकवादियों ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के चचेरे भाई के सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। सुरक्षा गार्ड की सर्विस राइफल से ही उस पर हमला किया गया। जिले के बिजबेहरा शहर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के वरिष्ठ नेता सजाद मुफ्ती के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) कांस्टेबल फारूक अहमद पर आतंकवादियों ने गोलीबारी कर दी।

19 Jul 2019, 5:49 PM

सोनभद्र नरसंहार पर रणदीप सुरजेवाला ने पूछा- क्या पीड़ितों के आंसू पोछना अब इस देश में अपराध है?

रणदीप सुरजेवाला ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में संविधान और कानून का नहीं बल्कि अपराध का शासन है। जिस प्रकार 17 जुलाई को सोनभद्र में 3 महिलाओं सहित 10 आदिवासी किसानों की 200 व्यक्तियों द्वारा बंदूक/भालों से हत्या की गई, ये दिखाता है कि संगठित अपराध आदित्यनाथ जी के इशारे से पनप रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि आज जब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जी उन आदिवासी परिवारों के आंसू पोंछने गई, तो बजाय अपराधियों को सजा देने के अजय सिंह बिष्ट की सरकार ने अपनी क्रूरता का परिचय देते हुए उनको गिरफ्तार कर रखा है।

उन्होंने पूछा कि क्या पीड़ितों के आंसू पोछना अब इस देश में अपराध है? क्या प्रियंका गांधी द्वारा धारा 144 का उल्लंघन किए बिना 3 लोगों के साथ उन परिवारों से मिलने जाना अपराध है? क्या उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी/दबंगई का बोलबाला चलेगा या फिर कानून का शासन चलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी सिर्फ सोनभद्र जाना चाहती थी, वो भी कानून की अनुपालना में। उसके बावजूद पुलिस के अधिकारी ऊपर से आदेश आने की बात कहते हैं। ये आदेश नरेंद्र मोदी जी का है, अमित शाह का है या फिर योगी आदित्यनाथ का है।


19 Jul 2019, 5:48 PM

बीजेपी राज में उत्तर प्रदेश अब अपराध प्रदेश बन गया है: सुरजेवाला

प्रियंका गांधी को यूपी के सोनभद्र में पुलिस हिरासत में लिए जाने को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा, “आज देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में हाहाकार, अनाचार, हत्या, अत्याचार, डकैती, लूट, गुंडई और संगठित अपराध का आलम है। भाजपा राज में उत्तर प्रदेश अब अपराध प्रदेश बन गया है।”

उन्होंने आगे कहा, “आदित्यनाथ उर्फ अजय सिंह बिष्ट जी की सरकार अब केवल प्रदेश में हो रही हत्याओं, अबोध बच्चियों के साथ हो रहे बलात्कार, गुंडागर्दी, संगठित अपराध के लिए जानी जाती है। ये सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है।”

19 Jul 2019, 5:33 PM

सोनभद्र में प्रियंका गांधी को लिया गया हिरासत में, भोपाल समेत देश के कई हिस्सों में कांग्रेस का हल्ला-बोल

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में सामूहिक हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को मिर्जापुर में प्रशासन ने रोक लिया। इसके बाद धरने पर बैठीं प्रियंका गांधी को प्रशासन ने हिरासत में ले लिया। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्ला बोला है। भोपाल समेत देश के कई हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।


19 Jul 2019, 5:33 PM

राधमोहन सिंह, हंसराज अहीर समेत दो और लोगों को आगामी संगठन चुनावों की जिम्मेदारी दी गई

अमित शाह ने पार्टी के आगामी संगठन चुनावों के लिए राधमोहन सिंह, हंसराज अहीर, विनोद सोनकर और सीटी रवि को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है।

19 Jul 2019, 5:28 PM

मुंबई: रेप केस में अभिनेता आदित्य पंचोली को कोर्ट ने दी 3 अगस्त तक अंतरिम राहत

मुंबई की सत्र अदालत ने रेप मामले में अभिनेता आदित्‍य पंचोली को 3 अगस्‍त तक के लिए अंतरिम राहत दी।


19 Jul 2019, 5:22 PM

बिहार: नवादा में एक बड़ा हादसा, बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत

बिहार के नवादा में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां के धानपुर गांव के मुसहरी में बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में कई बच्चे भी शामिल हैं। जब बिजली गिरी तब बच्चे मैदान में खेल रहे थे।

19 Jul 2019, 5:21 PM

अपराध रोकने में नाकाम योगी सरकार मुझे मेरा कर्तव्य करने से रोक रही: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार की ड्यूटी है अपराधियों को पकड़ना। मेरा कर्तव्य है अपराध से पीड़ित लोगों के पक्ष में खड़े होना। बीजेपी अपराध रोकने में तो नाकामयाब है, मगर मुझे मेरा कर्तव्य करने से रोक रही है। मुझे पीड़ितों के समर्थन में खड़े होने से कोई रोक नहीं सकता। कृपया अपराध रोकिए!”


19 Jul 2019, 5:18 PM

बाढ़ में डूबा बिहार, डिप्टी सीएम ने देखा ‘सुपर 30’, सफाई में बोले- फिल्म न देखना राज्य का अपमान

बिहार के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इस बीच राज्य के डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने फिल्म ‘सुपर 30’ देखी। जब मीडिया में इस बात की आलोचना हुई तो उन्होंने इस पर सफाई देते हुए कहा, “पिछले 6 दिन के भीतर मैंने इस फिल्म को दो बार देखा है। इस फिल्म को देखने की वजह से मुझे गालियां भी पड़ी हैं। एक निजी न्यूज चैनल दिखा रहा था कि बिहार बाढ़ में डूबा है और बिहार के डिप्टी सीएम सिनेमा देख रहे हैं। उस चैनल वाले को यह नहीं मालूम है कि बिहार अगर बाढ़ में डूबा है तो एक साथ कई काम किए जा सकते हैं। हम बिहार के बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। अगर कोई फिल्म बिहार पर बनी है और फिल्म को नहीं देखना भी बिहार और उसके कलाकारों का अपमान है।”

19 Jul 2019, 5:05 PM

मुंबई: कोर्ट ने अभिनेता एजाज खान को शनिवार तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा


19 Jul 2019, 4:27 PM

मुंबई: वेस्टइंडीज के आगामी दौरे के लिए 21 जुलाई को होगी चयन कमेटी की बैठक

19 Jul 2019, 4:15 PM

बीजेपी की संसदीय दल की बैठक 23 जुलाई को संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग में होगी


19 Jul 2019, 4:14 PM

मंगलुरु: टैंकर और कार की टक्कर में 4 लोगों की मौत, दो घायल

मंगलुरु में ब्रह्मराकोटल टोल प्लाजा के पास एलपीजी टैंकर और कार की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस हादसे में दो लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

19 Jul 2019, 3:23 PM

जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में पीडीपी के निजी सुरक्षा अधिकारी की गोली मारकर हत्या


19 Jul 2019, 3:19 PM

कांग्रेस ने 17 जुलाई को देश भर में बीजेपी दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन का ऐलान किया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जाने से रोकने के बाद देश भर में बीजेपी कार्यालयों के बाहर किसान कांग्रेस ने 17 जुलाई को प्रदर्शन का ऐलान किय है। दो पक्षों में हुई फायरिंग में 10 लोगों की मौत हो गई थी। प्रियंका गांधी मृतकों के परिजनों से मिलने जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें यूपी पुलिस ने सोनभद्र से हिरासत में ले लिया और उन्हें चुनार गेस्ट हाउस में ले गई। जहां प्रियंका गाधी का धरना जारी है। उनका कहना है कि मृतकों के परिजनों से मिले बिना में नहीं जाऊंगी।

19 Jul 2019, 3:13 PM

लोकसभा में ओवैसी ने मोदी सरकार से पूछा, मॉब लिंचिंग को लेकर कानून क्यों नहीं बना रही सरकार

देश में भीड़ द्वारा की जा रही हत्याओं का मामला लोकसभा में उठा है। एआईएमआईएम के अध्यक्ष ओवैसी ने मोदी सरकार से पूछा कि मॉब लिंचिंग को लेकर सरकार कानून क्यों नहीं बना रही है।


19 Jul 2019, 3:12 PM

बिहार के मधुबनी में बाढ़ से लोग बेहाल

19 Jul 2019, 3:00 PM

बिहार: वैशाली में चोरी के शक में दो लोगों को भीड़ ने पीटा

बिहार के वैशाली में चोरी के शक में दो लोगों की भीड़ ने पिटाई कर दी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले सारण में मेशी चोरी के शक में तीन लोगों की भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था।


19 Jul 2019, 2:53 PM

यूपी: चुनार गेस्ट हाउस में धरने पर बैठीं प्रियंका गांधी, बोलीं- पीड़ितों से बिना मिले नहीं जाऊंगी

उत्तर प्रदेश के चुनार गेस्ट हाउस में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी धरने पर बैठ गई हैं। उन्होंने कहा कि बिना पीड़ितों से मिले मैं नहीं जाऊंगी। सोनभद्र में पुलिस ने प्रियंका गांधी को उस वक्त हिरासत में लिया था, जब वे फायरिंग में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने जा रही थीं। प्रियंका गांधी को हिरासत में लेकर पुलिस चुनार गेस्ट हाउस पहुंची है।

19 Jul 2019, 1:47 PM

यूपी के सोनभद्र में प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी अवैध: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “यूपी के सोनभद्र में प्रियंका की अवैध गिरफ्तारी परेशान करने वाली है। 10 आदिवासी किसानों जिनकी गोली मारकर इसलिए हत्या कर दी गई, क्योंकि वे अपनी जमीन छोड़ना नहीं चाहते थे। पीड़ितों के परिजनों से मिलने से प्रियंका गांधी को सत्ता द्वारा रोका जाना बीजेपी सरकार की असुरक्षा को दर्शाता है।”


19 Jul 2019, 1:34 PM

बाबरी विध्वंस मामला: सुप्रीम कोर्ट ने 9 महीने के भीतर फैसला सुनाने का दिया आदेश

योध्या में बाबरी मस्जिद ढांचे को ढहाए जाने की साजिश के आपराधिक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत 9 महीने के भीतर फैसला सुनाने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को मामले की सुनवाई करते हुए निर्देश दिया कि आपराधिक साजिश से जुड़े मामले में 6 माह के भीतर गवाहों के बयान दर्ज हो जाने चाहिए, जबकि 9 माह के भीतर फैसला सुना दिया जाना चाहिए।

19 Jul 2019, 1:29 PM

असम में 50 लोगों ने खुदकुशी की, क्योंकि उनका नाम एआरसी सूची में नहीं था: शशि थरूर


19 Jul 2019, 1:08 PM

खुद के ऊपर केस दर्ज होने पर आजम खान बोले- जबसे बीजेपी के खिलाफ जीता हूं, मुझे परेशान किया जा रहा

19 Jul 2019, 1:07 PM

रामपुर में जमीन कब्जा करने के मामले में अब तक आजम खान के खिलाफ 23 केस दर्ज- एसपी

उत्तर प्रदेश के एसपी अजय पाल शर्मा ने कहा, “जमीन अतिक्रमण के मामले में अब तक एसपी सांसद आजम खान के खिलाफ 23 एफआईआर दर्ज की गई हैं। किसानों द्वारा शिकायतों के अनुसार, आजम खआन किसनों को धमकी देते थे और जमीन को अवैध रूप से हड़प लेते थे। मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई गई है।”


19 Jul 2019, 12:39 PM

आरटीआई संशोधन बिल 2019 लोकसभा में पेश

19 Jul 2019, 12:29 PM

सोनभद्र: मीडिया ने प्रियंका गांधी से पूछा आपको गिरफ्तार किया गया है, उन्होंने कहा हां

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में जब मीडिया ने प्रियंका गांधी से पूछा कि आपको गिरफ्तार किया गया है, इस पर उन्होंने कहा कि हां। उन्होंने कहा कि हम शानिपूर्ण तरीके से मृतकों के परिजनों से मिलने जा रही थे, लेकिन हमें जाने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पति पुलिस कहां ले जा रही है।


19 Jul 2019, 12:22 PM

यूपी: चुनार गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी को लेकर जा रही है पुलिस

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा, “मुझे नहीं पता पुलिस कहां ले जा रही है। ये जहां ले जाएंगे मैं जाने के लिए तैयार हूं।”

गौरतलब है कि दो पक्षों में जमीन विवाद के दौरान फायरिंग में 10 लोगों की जान चली गई थी। प्रियांका गांधी मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोक लिया। और बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

खबरों के मुताबिक, फिलहाल पुलिस प्रियंका गांधी को सोनभद्र से चुनार गेस्ट हाउस में लेकर जा रही है।

19 Jul 2019, 12:16 PM

प्रियंका गांधी को सोनभद्र में पुलिस ने हिरासत में लिया, मृतकों के परिजनों से जा रही थीं मिलने

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में पुलिस ने कांग्रेस महासचि प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। फायरिंग में मारे गए लोगों के परिजनों से प्रियंका गांधी मुलाकात करने जा रही थीं। इस दौरान रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जब वे धरने पर बैठ गईं तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।


19 Jul 2019, 12:12 PM

यूपी: सोनभद्र में धरने पर पर बैठीं प्रियंका गांधी

यूपी के सोनभद्र में पुलिस द्वारा रोके जाने पर प्रियंका गांधी ने कहा, “सिर्फ मैं पीड़ितों से मिलना चाहती हूं। मैंने प्रशासन से यहां तक कहा कि मेरे साथ केवल चार लोग जाएंगे। प्रशासन हमें वहां जाने नहीं दे रहा है। उन्हें, हमें बताना चाहिए कि क्यों रोका जा रहा है। हम यहां शांति से बैठे रहेंगे।”

19 Jul 2019, 12:01 PM

प्रियंका गांधी को सोनभद्र में पुलिस ने रोका, फायरिंग में मारे गए लोगों के परिजनों से जा रही थीं मिलने

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में जमीन विवाद में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचि प्रियंका गांधी को पुलिस ने रोक दिया है। उन्हें मृतकों को परिजनों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। अस्पताल में घायलों का हाल जानने के बाद प्रियंका गांधी मृतकों के परिजनों से मिलने जा रही थीं। इलाके में धारा 144 लगा दी गई है।

गौरतलब है कि दो पक्षों में जमीन विवाद के बाद गोलियां चली थीं। इस दौरान 10 लोगों की जान चलई गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।


19 Jul 2019, 11:49 AM

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में फायरिंग में घायल लोगों से अस्पताल में मिलीं प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में दो पक्षों में हुई फायरिंग के दौरान घायल लोगों से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की है। दो पक्षों में जमीन विवाद के बाद गोलियां चली थीं। इस दौरान 10 लोगों की जान चलई गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।

19 Jul 2019, 11:05 AM

कांग्रेस महासचिव प्रियांका गांधी वाराणसी पहुंचीं, यहां से जाएंगी सोनभद्र

कांग्रेस महासचिव प्रियांका गांधी वाराणसी पहुंच गई हैं। यहां से प्रियंका गांधी सीधे सोनभद्र जाएंगी और उन लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगी, जिनकी जमीन विवाद के दौरान फायरिंग में मौत हो गई थी। इस बीच सोनभद्र मामले में यूपी विधानसभा में विपक्ष ने हंगामा किया है।


19 Jul 2019, 10:57 AM

बिहार के सारण में भीड़ ने तीन लोगों को पीट-पीटकर मार डाला, मवेशी चोरी का था शक

बिहार के सारण के बनियापुर थाना इलाके में मॉब लिंचिंग मामले में मरने वालों की संख्या 3 हो गई है। वहीं एक व्यक्ति की गंभीर हालत में इलाज जारी है। पहले खबर आई थी कि भीड़ ने पीट-पीटकर दो लोगों की हत्या कर दी है। लेकिन अब बताया जा रहा है भीड़ द्वारा पिटाई से तीन लोगों की मौत हुई है। मवेशी चोरी के शक में भीड़ ने चार लोगों को पकड़ लिया था। भीड़ ने इतना पीटा की तीन लोगों की मौत हो गई है। केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

19 Jul 2019, 10:30 AM

दिल्ली पुलिस ने 600 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ 5 लोगों को किया गिरफ्तार


19 Jul 2019, 10:14 AM

नेपाल: धनगढ़ी बम धमाके में 5 घायलों में से एक की मौत, एक घायल भारतीय नागरिक

नेपाल के धनगढ़ी में गुरुवार को हुए बम विस्फोट में घायल हुए 5 लोगों में से 1 व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। एक घायल की पहचान भारतीय नागरिक के रूप में की गई है।

19 Jul 2019, 10:11 AM

कांग्रेस के 6 सांसद लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया

‘लोकतांत्रिक संस्थानों पर कब्जे’ का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के 6 सांसद लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।


19 Jul 2019, 10:09 AM

ओडिशा: कालाहांडी में जब नहीं मिला एंबुलेंस तो शव को कंधे पर ले जाने को मजबूर हुए परिजन

19 Jul 2019, 10:03 AM

'पिछली सरकारों की मजबूत नींव की वजह से भारत साल 2024 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा'

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने मोदी सरकार के उन आरोपों का करारा जवाब दिया, जिसमें केंद्र की मोदी सरकार यह कहती रहती है कि पिछली सरकारों ने कुछ नहीं किया। पूर्व राष्ट्रपति ने गुरुवार को कहा कि पिछली सरकारों की मजबूत नींव की वजह से भारत साल 2024 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से भारतीयों के प्रयासों के कारण कई आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने, “वित्त मंत्री कह सकते हैं कि भारत 2024 में 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बन जाएगा क्योंकि इसकी मजबूत नींव पहले रखी जा चुकी है। ब्रिटिशों के जरिए नहीं बल्कि स्वतंत्रता के बाद से भारतीयों के प्रयास से ऐसा संभव हुआ है।”


19 Jul 2019, 9:54 AM

मुजफ्फरनगर दंगा मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस की लापरवाही से बच गए सभी आरोपी

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। ‘इंडियन एक्सप्रेस’ ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि मुजफ्फरनगर दंगों में पुलिस ने अहम गवाहों के बयान दर्ज नहीं किए थे। पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि हत्या में इस्तेमाल हथियारों को पुलिस ने कोर्ट में पेश नहीं किया। रिपोर्ट के मुताबिक, 41 मामलों में फैसला सुनाया गया। इनमें से हत्या के सिर्फ एक मामले में सजा हुई। मुस्लिमों पर हमले के बाकी सभी मामलों में आरोपी बरी हो गए।

19 Jul 2019, 9:44 AM

भाई आनंद कुमार पर हुई कार्रवाई से भड़कीं मायावती, कहा- हमारे खिलाफ साजिश की जा रही

भाई आनंद कुमार पर कार्रवाई के विरोध में बीएसपी प्रमुख मायावती ने बीजेपी बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ साजिश की जा रही है। बीएसपी सुप्रीमो ने कहा कि बीजेपी के खाते में 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा आए, बीजेपी वंचितों को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने गिरहबान में झांके।


19 Jul 2019, 9:38 AM

यूपी: सोनभद्र में जमीन विवाद में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगी प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज उत्तर प्रदेश के सोनभद्र दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे उन लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगी, जिनकी हत्या जमीन विवाद में कर दी गई थी। जमीन विवाद में हुई फायरिंग में यहां पर 10 लोगों की जान चली गई थी।

19 Jul 2019, 9:17 AM

बिहार के सारण में मॉब लिंचिंग, मवेशी चोरी के शक में भीड़ ने दो लोगों को पीट-पीटकर मार डाला

बिहार के सारण के बनियापुर थाना इलाके में मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है। मवेशी चोरी के शक में भीड़ ने दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia