मुलायम सिंह के निधन पर देश में शोक की लहर, राष्ट्रपति, PM समेत इन नेताओं ने जताया दुख, UP में 3 दिन के राजकीय शोक का ऐलान

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Getty Images
Getty Images
user

नवजीवन डेस्क

सपा सरंक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव का सोमवार यानी आज निधन हो गया है। मुलायम सिंह ने 82 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। आपको बता दें, उन्हें पिछले महीने ही गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अखिलेश यादव ने उनके निधन की जानकारी देते हुए कहा, ''मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे.''

जानकारी के मुताबिक मुलायम सिंह यादव को यूरिन संक्रमण, ब्लड प्रेशर की समस्या और सांस लेने में तकलीफ के चलते पिछले मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कई दिनों से उनकी तबीयत लगातार नाजुक बनी हुई थी।

मुलायम सिंह यादव के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुलायम सिंह यादव के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं!


वहीं पीएम मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। पीएम मोदी ने आगे लिखा, मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुलायाम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट कर कहा, मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर श्री मुलायम सिंह यादव जी को श्रीचरणों में स्थान दें।

वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर यूपी में तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया। उन्होंने नेताजी के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के संस्थापक श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुखदाई है। उनके निधन से समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग का अंत हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं

उन्होंने आगे कहा कि मुलायम सिंह यादव जी के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा करती है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।

कांग्रेस पार्टी ने भी ट्वीट कर कहा कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके सभी प्रशंसकों और परिजनों को ये अपार दुख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति

55 साल से अधिक समय तक राजनीति में सक्रिय रहे मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई में हुआ था। वह 1967 में पहली बार यूपी के जसवंत नगर से विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे और फिर उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह आठ बार विधायक निर्वाचित हुए तो वहीं सात बार निर्वाचित होकर लोकसभा सांसद बने।

1977 में वह पहली बार जनता पार्टी से यूपी के मंत्री बने थे जबकि 1989 में वह पहली बार यूपी के सीएम बने। इसके बाद 1993 और फिर 2003 दूसरी और तीसरी बार सीएम पद पर काबिज हुए। मुलायम सिंह ने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी और 1993 में बीएसपी के साथ मिलकर सरकार बनाई थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia