हिंदू राष्ट्र पर नीतीश कुमार का बड़ा बयान, कहा- संभव नहीं, गांधी को छोड़ किसी की बात नहीं सुनी जानी चाहिए

पटना में शुक्रवार को नीतीश कुमार ने कहा कि यहां हर धर्म और संप्रदाय के लोग रहते हैं। अगर कोई भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहता है तो यह संभव नहीं है। वह देश को नष्ट करना चाहता है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की कई धर्म गुरुओं की मांग को नकारते हुए कहा कि यह संभव नहीं है। उन्होंने यहां तक कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की बात को छोड़कर किसी और की बात नहीं सुनी जानी चाहिए। हमलोग गांधीजी के बताए रास्ते पर ही चल रहे हैं।

पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यहां हर धर्म और संप्रदाय के लोग रहते हैं। अगर कोई भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहता है तो यह संभव नहीं है। देश को नष्ट करना चाहता है। उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कही बातों का पालन करना चाहिए। हमलोग गांधीजी के बताए रास्ते पर चल रहे हैं।


इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह द्वारा किसानों के लिए कुछ नहीं करने के आरोपों पर भड़कते हुए उन्होंने कहा कि कोई क्या बोलते हैं नहीं बोलते हैं, उससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। राज्य में कृषि के क्षेत्र में बहुत काम हुआ है। सब लोगों को मालूम है। हमारी सरकार किसानों के लिए समर्पित है। हमलोग हमेशा किसानों के लिए ही काम करते रहे हैं। जिसको पता नहीं है वो कुछ भी बोलते रहे।

उन्होंने आगे कहा कि पूरे गांव में कहीं कोई मकान दिखता था, आज देखिए। लोग बोलेंगे तो ही हमारे काम को वैल्यू मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि कोई कुछ भी बोल रहा है तो उसे बोलने दीजिए। मुझे इस बात की थोड़ी सी भी परवाह नहीं है कि कौन क्या बोलता है। उनको सरकार के द्वारा किए गए कार्यों को अभी अच्छी तरह से जानने की जरूरत है।

सीएम नीतीश कुमार ने दावा करते हुए कहा कि समाधान यात्रा में मैंने देखा है कि बिहार के गांवों में विकास हो रहा है। राज्य ने बिना किसी से मदद लिए अपने बल पर विकास किया है। उन्होंने विरोधियों पर हमला करते हुए कहा ये लोग नहीं बोलेंगे तो अपनी पार्टी में आगे कैसे बढ़ेंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia