गोडसे जिंदाबाद कहने वाले देश को कर रहे शर्मिंदा, इन्हें सार्वजनिक रूप से शर्मसार किया जाना चाहिएः वरुण गांधी

उत्तर प्रदेश से बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने लिखा कि भारत हमेशा एक आध्यात्मिक महाशक्ति रहा है, लेकिन यह गांधी हैं जिन्होंने हमारे देश के आध्यात्मिक आधार को अपने अस्तित्व के माध्यम से व्यक्त किया और हमें एक नैतिक अधिकार दिया जो आज भी हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद वरुण गांधी ने गांधी जयंती के अवसर पर सोशल मीडिया पर गोडसे जिंदाबाद के नारे लगाने वालों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि ये लोग देश को शर्मसार कर रहे हैं। ऐसे लोगों को सार्वजनिक रूप से शर्मसार किया जाना चाहिए। गोडसे जिंदाबाद के नारे लगाने वालों और ट्वीट करने वालों की आलोचना करते हुए वरुण गांधी ने कहा कि ऐसे लोगों को मुख्यधारा में बिल्कुल नहीं आने देना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से बीजेपी लोकसभा सांसद वरुण गांधी ने कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि भारत को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जो सम्मान मिला है, वह महात्मा गांधी और उन आदर्शों के कारण मिला है, जिन पर महात्मा गांधी चले थे। बीजेपी सांसद ने कहा कि जो लोग गोडसे जिंदाबाद ट्वीट कर रहे हैं, उन लोगों को सार्वजनिक रूप से शर्मसार किया जाना चाहिए।


आज गांधी जयंती पर जब सारा देश और दुनिया गांधी को याद कर रही है तो आज ही के दिन ट्विटर पर कुछ लोग नाथूराम गोडसे जिंदाबाद के नारे को ट्रेंड करा रहे हैं। इस तरह के नारों को ट्विटर पर ट्रेंड कराने वालों के खिलाफ ट्वीट करते हुए वरुण गांधी ने लिखा कि "भारत हमेशा एक आध्यात्मिक महाशक्ति रहा है, लेकिन यह महात्मा हैं जिन्होंने हमारे देश के आध्यात्मिक आधार को अपने अस्तित्व के माध्यम से व्यक्त किया और हमें एक नैतिक अधिकार दिया जो आज भी हमारी सबसे बड़ी ताकत है। गोडसे जिंदाबाद ट्वीट करने वाले देश को शर्मसार कर रहे हैं।

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी इस ट्विटर ट्रेंड की निंदा करते हुए कहा कि गोडसे का महिमामंडन उस नफरत का नतीजा है जिसको सींचा जा रहा है।

बता दें कि आज गांधी जयंती पर सारा देश राष्ट्रपति महात्मा गांधी को याद कर रहा है, नमन कर रहा है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी से लेकर तमाम राजनीतिक दलों के नेता, सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और देश के आम आदमी ने भी आज बापू को नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। दुनिया के कई देशों में भी आज महात्मा गांधी को याद किया गया।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia