कृषि कानून: किसानों के समर्थन में सड़कों पर उतरे राहुल-प्रियंका, कहा- रद्द हो कानून, अन्नदाता के साथ खड़ी है कांग्रेस

कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी पूरे देश में किसान अधिकार दिवस मना रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। वहीं देश की राजधानी की कमान खुद राहुल-प्रियंका गांधी ने संभाल ली है।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन
user

पवन नौटियाल @pawanautiyal

कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी पूरे देश में किसान अधिकार दिवस मना रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। वहीं देश की राजधानी की कमान खुद राहुल-प्रियंका गांधी ने संभाल ली है। राहुल और प्रियंका गांधी ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ राजभवन की ओर मार्च निकाला। राहुल गांधी ने कहा कि मुझे गर्व है जो भी हमारे किसान आज कर रहे हैं। मेरा उनको समर्थन है। मैं हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि जब मोदी सरकार किसानों की जमीन छीनने की कोशिश कर रही थी; तब हमने उन्हें रोका था। मोदी सरकार एक बार फिर से किसानों पर आक्रमण कर रही है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि मोदी सरकार को ये तीनों विवादित कानूनों को वापस लेना ही होगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी महासचिप प्रियंका गांधी ने जंतर मंतर पर कृषि कानूनों के खिलाफ धरने पर बैठे कांग्रेस के सांसदों से भी मुलाकात की। राहुल गांधी ने दोहराया कि ये कृषि कानून किसानों को खत्म करने के लिए लाया गया है। प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी किसानों की इज्जत नहीं करते हैं।

वहीं देशभर के कांग्रेस के प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आई है। सबसे बड़े राज्य यूपी की बात करें तो यहां राजधानी लखनऊ में राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।


कांग्रेस का कहना है कि किसानों के बिना भारत की कल्पना नहीं की जा सकती है। किसानों का दर्द ही देश का दर्द है। किसानों की तकलीफ ही देश की तकलीफ है। किसानों की आवाज ही देश की आवाज है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia