कांग्रेस पर संविधान और लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी, ताकत लगा दें- नए साल पर खड़गे का कार्यकर्ताओं के लिए संदेश

खड़गे ने अपने संदेश में कहा कि यह समय प्रत्येक आकांक्षा को एकजुट करने और उन सभ्यतागत आदर्शो को सुदृढ़ करने का है जो हमें एक साथ जोड़ते हैं। आइए, हम एक समावेशी समाज के विचारों और आदर्शो को पुन: प्राप्त करें, जिससे देश में शांति और सद्भाव कायम हो।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को नए साल के मौके पर जारी संदेश में कहा कि देश में संविधान और लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने कहा, "यह वह साल हो जब हम हर भारतीय, खासकर सबसे कमजोर लोगों की आवाज उठाने के लिए कड़ी मेहनत करें। हमारे संविधान और लोकतांत्रिक लोकाचार को बचाने का दायित्व हम पर है। आइए, हम एकजुट हों और अपने पूर्वजों द्वारा परिकल्पित हमारे साझा मूल्यों को संरक्षित करें।"

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रत्येक भारतीय को यह महसूस करना चाहिए कि कांग्रेस धर्मनिरपेक्ष, प्रगतिशील और उदार भारत के सपनों और आकांक्षाओं को साकार करने का माध्यम है। कांग्रेस हमेशा भारत के लिए खड़ी रही है, और हमें इस वैचारिक बंधन और अमूल्य संबंध को मजबूत करने की जरूरत है।


उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संदेश में कहा, "आइए, हम वर्ष 2023 को एक ऐसा वर्ष बनाने का संकल्प लें, जिसमें हर भारतीय एक साथ आए और सौहार्द्र और भाईचारे के बंधन को मजबूत करे।" उन्होंने लोगों से अपील की कि उन बाधाओं को दूर करने का समय आ गया है, जो हमें विभाजित करते हैं और हमारे भीतर प्रेम, करुणा, सहिष्णुता और बंधुत्व के मूल्यों को फिर से जगाते हैं।

अपने संदेश में उन्होंने कहा, "यह समय प्रत्येक आकांक्षा को एकजुट करने और उन सभ्यतागत आदर्शो को सुदृढ़ करने का है जो हमें एक साथ जोड़ते हैं। आइए, हम एक समावेशी समाज के विचारों और आदर्शो को पुन: प्राप्त करें, जिससे देश में शांति और सद्भाव कायम हो।"

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 01 Jan 2023, 11:01 PM
/* */