यूपी चुनावः कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा कल से होगी शुरू, प्रियंका गांधी बाराबंकी से करेंगी रवाना

प्रियंका गांधी यात्रा के दौरान शिक्षा और नौकरियों में महिलाओं को आरक्षण, महिलाओं को मुफ्त शिक्षा, किसानों की कर्जमाफी और बिजली दरों में छूट जैसी कई बड़ी घोषणाएं कर सकती हैं। वह पहले ही ऐलान कर चुकी हैं कि कांग्रेस राज्य में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को बाराबंकी से कांग्रेस की तीन प्रतिज्ञा यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। पूरे सूबे में यह यात्रा 23 अक्टूबर से 1 नवंबर तक निकाली जाएगी। कांग्रेस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पहली प्रतिज्ञा यात्रा बाराबंकी से शुरू होगी और लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर और जालौन होते हुए झांसी में समाप्त होगी।

इसी तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में दूसरी यात्रा सहारनपुर से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, अलीगढ़, हाथरस, आगरा और मथुरा होते हुए चलेगी। अवध क्षेत्र में तीसरी यात्रा वाराणसी से शुरू होकर चंदौली, सोनभद्र, मिजार्पुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और अमेठी होते हुए रायबरेली में समाप्त होगी।


इन प्रतिज्ञा यात्राओं के दौरान प्रियंका गांधी कई जनसभाएं करेंगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी इस यात्रा के दौरान आगामी चुनाव के लिए शिक्षा और नौकरियों में महिलाओं को आरक्षण, महिलाओं के लिए मुफ्त शिक्षा, किसानों की कर्जमाफी और बिजली दरों में छूट जैसी कई बड़ी घोषणाएं कर सकती हैं।

प्रियंका गांधी पहले ही घोषणा कर चुकी हैं कि कांग्रेस राज्य में महिलाओं को कुल चुनावी टिकट का 40 प्रतिशत देगी। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश की छात्राओं को मोबाइल फोन और स्कूटी देने का भी वादा किया है। कांग्रेस इस बार आधी आबादी यानि महिला मतदाताओं पर विशेष नजर रख रही है और वह प्रदेश में स्थापित हो चुकी जाति आधारित राजनीति को बेअसर करने के लिए प्रयास कर रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia