प्रियंका गांधी बोलीं- लोकतंत्र में जनता जिंदाबाद, नेताओं से मांगे हिसाब, तय करें उनकी जवाबदेही

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सभी पार्टियों के बड़े नेता रैली करने में लगे हैं। इसी सिलसिले में कांग्रेस महासिचव प्रियंका गांधी गुरुवार को अपने ससुराल मुरादाबाद पहुंची। यहां उन्होंने एक विशाल रैली को संबोधित किया।

फोटो: @INC
फोटो: @INC
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सभी पार्टियों के बड़े नेता रैली करने में लगे हैं। इसी सिलसिले में कांग्रेस महासिचव प्रियंका गांधी गुरुवार को अपने ससुराल मुरादाबाद पहुंची। यहां उन्होंने एक विशाल रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन के शुरुआत में ही प्रियंका ने कहा, 'आप सबका मेरे ससुराल में स्वागत है। ससुराल वालों मैं माफ़ी मांगती हूं कि मैं बहुत दिनों बाद आई हूं। आप लोगों ने मेरे परिवार का बहुत साथ दिया। मेरे ससुर बंटवारे के बाद यहां आए और अपना और अपने परिवार का भविष्य बनाया। मुरादाबाद को पीतल के लिए जाना जाता था। पहले इस शहर को विकसित करने की बात होती थी। पहले यहां लोन मिलता था, टैक्स माफ़ होता था। आज हालात कहां हैं। पहले 8000 करोड़ का निर्यात होता था वो घट गया है। 3 लाख लोगों का रोज़गार चला गया।'

प्रियंका गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले नोटबंदी की आपसे बोला काला धन वापस आएगा। फिर जीएसटी लगाई गई। कारीगर की दिहाड़ी आधी हुई , डीज़ल महंगा हुआ। उधर चीन आगे बढ़ता गया पर यहां इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर मज़बूत नहीं किया गया।

कांग्रेस महासिचव ने आगे कहा कि आपने अपने ख़ून पसीने से नगरी बनाई पर ये सरकार अंधेर नगरी बनाती है। महंगाई से घर का बजट चौपट है। 22 लाख युवाओं ने मेहनत की लेकिन टैट का पेपर लीक हो गया। फिर भर्तियां लटक गईं। 10 लाख से अधिक पद खाली पड़े हैं। योगी जी कहते हैं कि यहां नौकरियां हैं पर युवाओं में योग्यता कम है। यहां लोग बताते हैं कि बच्चे बीटेक हैं आईटीआई की है पर कहीं पर रोज़गार नहीं मिलता। उन्‍होंने कहा, 'उद्योगपति चार साल से योगी जी से मिलना चाह रहे हैं पर योगी जी नहीं मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिकता पर आधारित राजनीति होती है। उन्हें पता है कि चुनाव आएगा धर्म के नाम पर वोट मांगेगे और जीत के निकल जाएंगे। मैं कहती हूं कि विकास की बात नहीं होगी तब तक माफ़िया चलता रहेगा.यहां हर चीज़ में माफ़िया है। ये हालात आप बदलोगे कैसे ? नेता मंच पर खड़े होकर फिज़ूल बातें करेगा क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी जवाबदेही नहीं है। इस चुनाव को कांग्रेस पार्टी विकास के नाम पर लड़ेगी। हम अपनी प्रतिज्ञाएं पूरी करेंगे।'


प्रियंका ने किसान आंदोलन को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान 700 किसान शहीद हुए लेकिन प्रधानमंत्री जी ने एक मिनट मौन नहीं रखा। कोई चर्चा नहीं की। वहीं अजय मिश्रा टेनी, मोदी जी के साथ लखनऊ में मंच पर था। प्रियंका ने कहा, 'लखनऊ की एक कॉलोनी में कई परिवारों से मिली हूं। मेहनत करके बच्चों को पढ़ाने वाले परिवारों के बच्चे बेरोजगार हैं। यूपी में सांप्रदायिकता पर आधारित राजनीति है इसीलिए सीएम ने कारोबारियों को मिलने का वक्त नहीं दिया। चुनाव के वक्त का इंतजार कर रहे हैं चुनाव आएगा तो बात करेंगे। जब तक वोट विकास के आधार पर नहीं पड़ेगा तब तक जिम्मेवारी तय नहीं होगी। जमीन का माफिया, नदी का माफिया, बालू माफिया, पढ़ाई का माफिया शिक्षा का माफिया गनीमत है सांस का माफिया नहीं है। जब तक आप इस राजनीति के घेरे में रहेंगे कोई बदलाव नहीं आने वाला है। सबसे बड़ी जिम्मेदारी आपकी है आप नेताओं को जिम्मेदार बनाओ उन्हें दिखाओ ऐसा नहीं चलेगा। कांग्रेस पार्टी इस चुनाव को सिर्फ और सिर्फ विकास के आधार पर लड़ना चाहती है। हमने प्रतिज्ञा ली है कि हम 20 लाख रोजगार दिलाएंगे। हम हर जिले में हम उद्योग व्यापार लगाएंगे। छत्तीसगढ़ में सरकार 2500रु कुंटल धान खरीद रही है। किसानों के आंदोलन से बहुत बड़ी बात सामने आई है। जब आप मन बना लेते हैं अडिग रहते हैं तो सरकार को झुकना पड़ता है। उन शहीद किसानों के लिए पीएम संसद में 2 मिनट मौन तक नहीं रहे। जिन कानूनों को रद्द किया उन पर 2 मिनट तक चर्चा नहीं हुई।

प्रियंका गांधी ने लखीमपुर खीरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी के मंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल दिया। लेकिन पीएम और सीएम दोनों के मुंह से किसानों के लिए एक शब्द नहीं निकला। इतना ही नहीं पीएम लखनऊ गए तो वहीं मंत्री उनके साथ मंच शेयर करता है। किसानों का कहना है कि जब तक मंत्री पद पर वह रहेंगे किसानों को न्याय नहीं मिलेगा। किसानों ने हमसे कहा पैसे नहीं चाहिए दीदी, बेटे के लिए न्याय चाहिए। किसान आंदोलन से बात निकली है शक्ति आपके हाथों में हैं उस शक्ति को पहचानिए। अभी भी 4000 करोड़ का गन्ना भुगतान बचा है। पीएम नरेंद्र मोदी जिस हवाई जहाज में घूमते हैं आठ हजार करोड़ का है। संसद के सुंदरीकरण में 20000 करोड रुपए खर्च कर सकते हैं लेकिन आपके लिए कुछ नहीं दे सकते कहते हैं कि पैसा नहीं है। आज खाद की लाइनों में किसान अपना दम तोड़ रहे हैं। डीजल के दाम आसमान छू रहा है किसानों को एमएसपी नहीं मिल रहा है।


कांग्रेस महासिचव ने मुरादाबाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, 'यह एक शहर है जहां उद्योग है आप सब जानते हैं बिजली का रेट कितना है? आपको कहा गया था कि आपके शहर को स्मार्ट बनाया जाएगा लेकिन एक ही चीज है स्मार्ट मीटर। मैं आपके साथ खड़ी हूं आप को आगे बढ़ाना चाहती हूं, 40% टिकट महिलाओं को मिलेंगे। मैं उन महिलाओं के घर जाती हूं जहां महिलाओं से बलात्कार होते हैं उनका शोषण होता है उन्हें कुचला जा रहा है कोई कुछ नहीं कह रहा है सब विज्ञापनों में है। सवाल यह है कि आप सबके लिए लड़ने वाली महिला कैसे आगे बढ़ेगी? कोई बात नहीं इस बार अगर वह हार जाएंगी, सशक्त बनेंगी अगली बार जीतेंगे।'

प्रियंका ने महिलाओं से सवाल किया कि बताओ अपने लिए लड़ना चाहती हो या फिर अत्याचार सहना चाहती हो। स्कूटी किसके लिए है मोबाइल फोन किसके लिए है आपके लिए है। जो जात धर्म और बिरादरी पर राजनीति करते हैं सब खत्म हो जाएगा सशक्त बनो अपने लिए खुद लड़ो कोई नहीं लड़ेगा तुम्हारे लिए। प्रियंका गांधी ने महिलाओं में जोश भरते हुए कहा कि जोर से बोलो लड़की हूं लड़ सकती हूं। उन्होंने ने बताया कि चुनाव में जीत मिलने पर कांग्रेस राज्य के लोगों के लिए क्या करने वाली है। प्रियंका ने बताया कि किसानों के लिए तय किया है कि कर्जा माफ करेंगे और सबके लिए तय किया है बिजली बिल हाफ करेंगे। कोरोना में आपने ऑक्सीजन मांगा तो सरकार आपके पीछे पड़ गई आपकी मदद नहीं हुई। गरीब छोटे कारोबारियों का व्यापार कम हुआ हम चाहते हैं वह फिर से पैरों पर खड़े हो। हम उन सब की मदद करना चाहते हैं उन्हें ₹25000 देना चाहते हैं। अगर हमारी सरकार आएगी तो हम 10 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त करेंगे। वृद्धा विधवा पेंशन हजार रुपये करेंगे और जितनी भी नौकरियां हैं उस में महिलाओं को आरक्षण तय करेंगे। सुनिए लोकतंत्र में जनता जिंदाबाद है। मेरी आपसे शिकायत है आप अपने नेताओं से हिसाब नहीं मांगते। आगरा में अरुण बाल्मीकि परिवार को तीन-चार दिन हवालात में बंद करके रखा गया।'


हाथरस की घटना के बारे में बताते हुए प्रियंका ने कहा कि वहां दलित गरीब लड़की का रेप किया जाता है और पुलिस प्रशासन उसकी चिता जला देता है। उसके मां-बाप को भी उसकी अंतिम क्रिया कर्म में शामिल होने नहीं दिया जाता है। मुख्यमंत्री जी चुप रहते हैं आप हिसाब क्यों नहीं मानते। किसानों को क्या-क्या नहीं कहा देशद्रोही आंदोलनजीवी, अब चुनाव आया तो कह रहे हैं मुझे माफ करिए। क्यों माफ कर रहे हैं आप इंसाफ मांगने कोरोना में किस के परिवारों जुड़े क्या आपने हिसाब मांगा हिसाब मांगो। राजनीतिक दलों और उनके नेताओं से रिश्ता बदलो उनसे हिसाब मांगों सवाल करो। कांग्रेस नेता ने समाजवादी पार्टी और बहुजन सामज पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिनको मुख्य विपक्ष कहा जा रहा है वह विकास का एजेंडा सेट नहीं कर रहे। सपा सरकार में जातिवाद और गुंडई और बसपा में लूट की सरकार। आपने समाजवादी का नया नारा सुना है- आ रहे हैं अखिलेश। पूरे प्रदेश में जगह-जगह लोगों के साथ अत्याचार हुआ, जुल्म हुआ मैं पूछना चाहती हूं क्या अखिलेश जी आए? उन्नाव और हाथरस में महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ उनको जलाया गया क्या अखिलेश जी आए? किसान आंदोलन में किसानों के साथ अत्याचार हुआ उन्हें जीप के नीचे कुचला गया क्या अखिलेश जी आए? नहीं आए ना तो अब चुनाव के समय क्यों आ रहे हैं। चुनाव के समय उनकी पार्टी और वह अचानक सक्रिय क्यों हो रहे हैं?

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 02 Dec 2021, 5:24 PM