अमित शाह के बयान पर प्रियंका गांधी का सवाल- क्या कर्नाटक के बेटे-बेटियां अपना प्रदेश नहीं चला सकते?

कांग्रेस महासचिव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक के बाहर के नेता यहां आते हैं और आपके राज्य को दूसरे प्रदेश के नेता को और पीएम मोदी को सौंपने की बात करते हैं।

कर्नाटक के चिकमंगलुर जिले के श्रृंगेरी में जनसभा को संबोधित करती प्रियंका गांधी।
कर्नाटक के चिकमंगलुर जिले के श्रृंगेरी में जनसभा को संबोधित करती प्रियंका गांधी।
user

नवजीवन डेस्क

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए सभी दल ताबड़तोड़ प्रचार में लगे हुए हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने चिकमंगलुर जिले के श्रृंगेरी में जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रियंका ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जो भी वादे करती है उसे निभाती है। प्रियंका ने कहा कि राजस्थान, हिमाचल और छत्तीसगढ़ के लोगों से कांग्रेस ने जो वादा किया उसे पूरा किया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस कर्नाटक के लिए गारंटी लाई है। यहां हमारी सरकार बनाएं फिर यहां लूट बंद और विकास चालू हो जाएगी। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में प्रदेश में प्रगति की 100 फीसदी गारंटी है।

कांग्रेस महासचिव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक के बाहर के नेता यहां आते हैं और आपके राज्य को दूसरे प्रदेश के नेता को और पीएम मोदी को सौंपने की बात करते हैं। प्रियंका ने सवाल किया, “ऐसा करने ही क्यों है। क्या बसवन्ना जी, कुवेम्पु जी और नारायण गुरु जी के बेटे और बेट‍ियां अपना प्रदेश खुद नहीं चला सकते?” दरअसल गृहमंत्री अमित शाह ने कर्नाटक में पीएम मोदी के नाम पर वोट मांगा था।


उन्होंने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करने का मुद्दा उठाया। प्रियंका ने कहा- इंदिरा गांधी के खिलाफ भी एक केस लगाकर उन्हें संसद से निकाल दिया गया था। आप उन्हें संसद में वापस लाए। आज उनके पोते राहुल पर भी फर्जी केस डालकर संसद से निकाल दिया गया है। राहुल को पूरा विश्वास है कि इस देश की जनता हमारे साथ खड़ी रहेगी। हम सच्चाई के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

प्रियंका ने कहा कि इंदिरा गांधी को आप सभी जानते हैं। उनकी खासियत थी कि उन्होंने कभी आपका भरोसा नहीं तोड़ा। आज अगर आप मुझ पर भरोसा करते हैं तो यह इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की वजह से है, जिन्होंने वास्तव में आपके लिए काम किया।


प्रियंका ने रैली में पीएम मोदी पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि मैंने देखा है कि बीजेपी के नेता यहां आते हैं और अजीब-अजीब बातें करते हैं। मैंने सुना है कि प्रधानमंत्री कह रहे थे कि विपक्षी नेता उनकी कब्र खोदना चाहते हैं, यह कैसी बात है? इस देश में कोई भी ऐसा नहीं होगा जो हमारे प्रधानमंत्री का अच्छा स्वास्थ्य और उनकी लंबी उम्र नहीं चाहता हो।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia