खेल जगत: RCB के लिए विराट कोहली रैप सॉन्ग 'नया शेर' में आएंगे नजर और सिडनी टेस्ट के तीसरे दिन का खेल बारिश से रद्द

भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली रैपर डिवाइन और जोनिता गांधी के रैप गीत 'नया शेर' में नजर आएंगे। सिडनी में लगातार बारिश के कारण ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरे और अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन का खेल शुक्रवार को रद्द हो गया।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

यूरोस्पोर्ट इंडिया बांग्लादेश प्रीमियर लीग 2023 का प्रसारण करेगा

फोटो: IANS
फोटो: IANS

वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी ने शुक्रवार को घोषणा की कि उसने 6 जनवरी से 16 फरवरी तक होने वाले बांग्लादेश प्रीमियर लीग के प्रसारण अधिकार हासिल कर लिए हैं और टूर्नामेंट का प्रसारण यूरोस्पोर्ट इंडिया पर किया जाएगा।

टूर्नामेंट की शुरूआत गत चैंपियन कोमिला विक्टोरियंस और रंगपुर राइडर्स के बीच शुक्रवार को मुकाबले से होगी। बांग्लादेश प्रीमियर लीग की शुरूआत 2012 में हुई थी और इस वर्ष यह उसका नौंवां संस्करण होगा। 2023 सत्र में 46 मैच खेले जाएंगे और इसमें सात टीमें डबल राउंड रोबिन आधार पर एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा करेंगी। चार शीर्ष टीमें क्वालीफायर्स में पहुंचेंगी और फाइनल 16 फरवरी को होगा।

सिडनी टेस्ट के तीसरे दिन का खेल बारिश से रद्द

फोटो: IANS
फोटो: IANS

सिडनी में लगातार बारिश के कारण ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरे और अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन का खेल शुक्रवार को रद्द हो गया।

बारिश के कारण पहले दिन भी आधे दिन का खेल बर्बाद हुआ था। दूसरे दिन हालात सुधरे और पूरे 90 ओवर का खेल हुआ। लेकिन तीसरे दिन फिर मौसम की मार पड़ी और एक भी गेंद नहीं फेंकी गयी। शनिवार के लिए बेहतर मौसम की भविष्यवाणी की गयी है। गुरूवार को स्टंप्स के समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 475 रन था। उस्मान ख्वाजा 195 और मैट रेनशॉ पांच रन पर नाबाद थे।


हॉकी विश्व कप: गत चैंपियन बेल्जियम की टीम ओडिशा पहुंची

फोटो: IANS
फोटो: IANS

गत चैंपियन बेल्जियम की टीम हॉकी विश्व कप में हिस्सा लेने शुक्रवार को ओडिशा पहुंच गयी। बेल्जियम ने चार साल पहले कलिंगा स्टेडियम में विश्व कप जीता था। बीजू पटनायक इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर प्रशंसक भारी संख्या में विश्व की नंबर दो टीम से खेल के बड़े सितारों का स्वागत करने के लिए जमा थे।

बेल्जियम को पूल बी में जर्मनी, जापान और कोरिया के साथ रखा गया है। वह अपने अभियान की शुरूआत भुवनेश्वर में 14 जनवरी को कोरिया के खिलाफ मुकाबले से करेगा।

रॉयल चैलेंज के लिए विराट कोहली रैप सॉन्ग 'नया शेर' में आएंगे नजर

फोटो: IANS
फोटो: IANS

भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली रैपर डिवाइन और जोनिता गांधी के रैप गीत 'नया शेर' में नजर आएंगे। विराट कोहली को रॉयल चैलेंज के लिए एक रैप सॉन्ग में दिखाया जाएगा। यह नया एंथम दिखाता है कि कैसे बोल्ड चॉइस से फर्क पड़ता है। डिवाइन और जोनिता के साथ विराट कोहली डांस करते नजर आएंगे।

इस मौके विराट कोहली ने कहा, "मैं हमेशा एक ऐसा खिलाड़ी रहा हूं, जो कभी भी मैदान पर या बाहर बोल्ड विकल्प लेने से नहीं कतराता। मैं वही रवैया अपनाता रहता हूं, जिसने मुझे वह बनने में मदद की, जो मैं हूं।"


बायर्न म्यूनिख ने डेली ब्लाइंड को छह महीने के समझौते पर अनुबंधित किया

फोटो: IANS
फोटो: IANS

एफसी बायर्न म्यूनिख ने अपने डिफेंस को मजबूत करते हुए अनुभवी सेंटर बैक डेली ब्लाइंड को अनुबंधित किया है। जर्मन टीम ने गुरूवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी।
32 वर्षीय डच खिलाड़ी ने छह महीने के लिए समझौता किया है। वह लुकास हर्नांडेज का स्थान लेंगे जो 2022 फीफा विश्व कप में घुटने की चोट का शिकार हो गए थे।

बायर्न के खेल निदेशक हसन सलीहांडिजिक ने कहा, "हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि डेली टीम के साथ जुड़ गए हैं। वह एक लचीले डिफेंडर हैं जो बाएं के साथ साथ सेंटर में भी खेल सकते है। उनके पास व्यापक अंतर्राष्ट्रीय अनुभव है। मुझे विश्वास है कि वह हमारी मदद कर सकते हैं।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia