Tokyo Olympics: पुरुष हॉकी में मौजूदा चैम्पियन अर्जेटीना को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा भारत

हॉकी में रियो ओलिंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट टीम अर्जेंटीना को हराने के बाद पूल ए में भारत के 9 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर कायम है। भारत को आखिरी पूल मैच जापान के खिलाफ शुक्रवार को खेलना है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

अंतिम क्वार्टर में किए गए दो शानदार गोलों की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गुरुवार को खेले गए अपने चौथे ग्रुप मैच में मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन अर्जेटीना को 3-1 से हरा दिया। भारत की यह चार मैचों में तीसरी जीत है। अब उसके खाते में 9 अंक हो गए हैं और वह अपने ग्रुप-ए में आस्ट्रेलिया (12) के बाद मजबूती से दूसरे क्रम पर विराजमान है। भारतीय टीम का अगले दौर में जाना तय हो गया है।

भारत के लिए वरुण कुमार ने 43वें, विवेक सागर प्रसाद ने 58वें और हरमनप्रीत सिंह ने 59वें मिनट में गोल किए। अर्जेटीना के लिए एकमात्र गोल 48वें मिनट में स्कुथ कासेला ने किया।शुरुआत के दो क्वार्टर गोलरहित जाने के बाद भारत ने तीसरे क्वार्टर के अंत में गोल कर 1-0 की लीड ली थी। भारत के लिए यह गोल वरुण कुमार ने पेनाल्टी कार्नर पर किया था।

अब भारत के सामने इस गोल को बचाए रखने की जिम्मेदारी। दूसरी ओर, मौजूदा चैम्पियन ने अपने हमले तेज कर दिए। इसी क्रम में 47वें मिनट में उसे पेनाल्टी कार्नर मिला, जिसे 48 मिनट में गोल में बदलकर स्कुथ कासेला ने स्कोर 1-1 कर दिया।

अब मामला फिर वही हो गया था जो तीसरे क्वार्टर के मध्य तक था। अब दोनों टीमें आगे निकलने के लिए होड़ लगा रहीं। इस होड़ में भारत को सफलता मिली। उसने 58वें मिनट में गोल कर 2-1 की लीड ले ली। भारत के लिए यह गोल विवेक सागर ने किया। यह एक मैदानी गोल था।


इस गोल से उत्साहित भारत ने फिर हमला किया और 59वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर हासिल किया। इस पर गोल कर हरमनप्रीत सिंह ने भारत की यादगार जीत पक्की कर दी।

इन दो गोलों ने न केवल भारत की जीत को पक्की करदी बल्कि उनके गोल अंतर को भी शून्य कर दिया। वल्र्ड नंबर-1 ऑस्ट्रेलिया से 7-1 की शर्मनाक हार के बाद गोल का अंतर घटकर -5 रह गया था। लेकिन स्पेन के खिलाफ मिली 3-0 की जीत और आज अर्जेंटीना के खिलाफ 3-1 के फैसले ने भारत को दूसरे स्थान पर ला दिया है।

भारत के अब चार मैचों में नौ अंक हो गए हैं और वह ऑस्ट्रेलिया (12) से पीछे दूसरे स्थान पर है, जिसने अब तक सभी चार मैच जीते हैं।

स्पेन एक जीत और एक ड्रा से चार अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जो न्यूजीलैंड के बराबर है। अर्जेंटीना के भी एक जीत और एक ड्रॉ से चार अंक हैं लेकिन वह गोल के अंतर से स्पेन और न्यूजीलैंड से पीछे है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ केवल एक ड्रॉ के साथ जापान एक अंक के साथ ग्रुप में अंतिम स्थान पर है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */