नवजीवन बुलेटिन: 8 पुलिसवालों की हत्या का मुख्यी आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे गिरफ्तार, कोरोना ने तोड़े फिर रिकॉर्ड

कानपुर एनकाउंटर का मुख्य आरोपी विकास दुबे आखिरकार गिरफ्तार हो गया है। पुलिस ने उसे उज्जैन से गिरफ्तार किया है। वहीं कोरोना का कहर जारी है। आज पहली बार 24 घंटे में 25 हजार के करीब कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। देश में संक्रमितों की संख्या अब पौने आठ लाख के करीब पहुंच गई है।

user

नवजीवन डेस्क

कानपुर एनकाउंटर का मुख्य आरोपी विकास दुबे आखिरकार गिरफ्तार हो गया है। पुलिस ने उसे उज्जैन से गिरफ्तार किया है। खबरों के मुताबिक, उज्जैन के महाकाल मंदिर में वो संरेंडर करना चाहता था, लेकिन पहले ही पुलिस को जानकारी दे दी गई। दूसरी ओर विकास दुबे का एक और साथी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उसे कल ही पुलिस ने फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि वह पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था।

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के चित्रकूट की खदानों में नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। यहां गरीब नाबालिग लड़कियां मजदूरी करने को मजबूर हैं और बिचौलिए इसका फायदा उठाते हैं। एक निजी चैनल की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने पूछा है कि क्या यही सपनों का भारत है?

देश में कोरोना का कहर जारी है। आज पहली बार 24 घंटे में 25 हजार के करीब कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। देश में संक्रमितों की संख्या अब पौने आठ लाख के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 7 लाख 67 हजार 297 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 21,129 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लाख 76 हजार लोग ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 24 हजार 879 नए मामले सामने आए और 487 मौतें हुईं।

जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर के मैदान नाला इलाके में LOC के पास से पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के बने पिस्तौल, हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए हैं। बता दें कि पाकिस्तान कश्मीर में किसी न किसी तरह के दखल से बाज नहीं आ रहा। मंगलवार और बुधवार की रात पाकिस्तान द्वारा पुंछ जिले में भारतीय चौकियों और गांवों पर मोर्टार दागे जाने के बाद एक वृद्ध महिला की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia