सिनेजीवन: अक्षय कुमार की 'राम सेतु' का फर्स्‍ट लुक र‍िलीज और शादी की सालगिरह पर दीपिका पर प्यार लुटाते दिखे रणवीर

अक्षय कुमार जल्द ही अभिषेक शर्मा के निर्देशन में बनने वाली फिल्म 'राम सेतु' में दिखाई देने वाले हैं। हाल ही में इस फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आया है और बॉलीवुड की चर्चित जोड़ी रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण आज अपनी दूसरी एनिवर्सरी सेलिब्रेट कर रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

पवन नौटियाल @pawanautiyal

प्रभु श्रीराम बनेंगे अक्षय कुमार! फिल्म 'राम सेतु का फर्स्ट लुक जारी

दिवाली के मौके पर अक्षय कुमार ने अपने चाहने वालों को एक बड़ा तोहफा दिया है। अक्षय कुमार जल्द ही अभिषेक शर्मा के निर्देशन में बनने वाली फिल्म 'राम सेतु' में दिखाई देने वाले हैं। हाल ही में इस फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आया है। जारी किए गए 2 पोस्टर्स में अक्षय कुमार एक आदमी की तरह दिख रहे हैं। लेकिन उनके पीछे बैक ग्राउंड में प्रभु श्रीराम का पोस्टर दिखाई दे रहा है। अक्षय ने इन पोस्टर्स को शेयर कर लिखा- 'इस दीपावली, भारत राष्ट्र के आदर्श और महानायक भगवान श्री राम की पुण्य स्मृतियों को युगों-युगों तक भारत की चेतना में सुरक्षित रखने के लिए एक ऐसा सेतु बनाए जो आने वाले पीढ़ियों को राम से जोड़ कर रखे।इसी प्रयास में हमारा भी एक छोटा संकल्प है- राम सेतु। आप सबको दीपावली की शुभ कामनाएं।'

फैन ने दिवाली पर सुशांत के घर के बाहर जलाए दीये, बहन श्‍वेता ने शेयर की तस्वीर

दिवाली के त्योहार के दिन उनके परिवार और चाहने वालों को सुशांत की कमी खल रही है। शायद ही कभी किसी ने सोचा होगा कि आज इस दिवाली सुशांत हमारे बीच नहीं होंगे। वहीं सुशांत की एक फैन एक्टर के मुंबई स्थित घर के बाहर पहुंची। वहां उन्होंने सुशांत के नाम का दीया जलाया और उम्‍मीद जताई की यह जलती लौ इंसाफ की किरण लेकर आएगी। इस दौरान की एक तस्वीर सुशांत की बहन श्‍वेता सिंह कीर्ति ने इंस्टा पर शेयर की है। तस्‍वीर में महिला फैन सुशांत के अपार्टमेंट मॉन्‍ट ब्‍लैंक के बाहर हाथों में दीपक लिए खड़ी है। श्‍वेता ने इसके साथ कैप्‍शन में लिखा- 'हां, हमें पूरा यकीन है इस तंत्र पर और हम आगे बढ़ते रहेंगे, अपनी आवाज उठाते रहेंगे जब तक कि हमें इंसाफ नहीं मिल जाता।'

शादी की सालगिरह पर दीपिका पर प्यार लुटाते दिखे रणवीर, शेयर की रोमांटिक तस्वीर

बॉलीवुड की चर्चित जोड़ी रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण आज अपनी दूसरी एनिवर्सरी सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस मौके पर रणवीर ने खास अंदाज में दीपिका पादुकोण को विश किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी और दीपिका की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं और सालगिरह की मुबारकबाद दी है। बता दें, 14 नवंबर 2020 को रणवीर- दीपिका ने सात फेरे लिये थे। तस्वीरें शेयर करते हुए रणवीर सिंह ने लिखा-'हम दोनों एक-दूसरे से सदा के लिए जुड़े हुए हैं। दूसरी सालगिरह मुबारक हो मेरी गुड़िया।' बॉलीवुड के तमाम सेलेब्स भी उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।

वीडियो: चित्रागंदा सिंह ने शुरु की देवी लक्ष्मी के आगमन की तैयारियां

एक्ट्रेस चित्रागंदा सिंह अपने घर पर मां लक्ष्मी के आगमन के लिए अपने हाथों से रंगोली बना रही हैं। इस दौरान का वीडियो उन्होंने अपने इंस्टा अकाउंट पर शेयर किया है। सामने आए वीडियो में चित्रागंदा ने पिंक कलर का सूट पहने नजर आ रही हैं। वे रंगोली बना रही हैं और साथ में रंगोली में दीये जलाकर रख रही हैं। बैकग्राउंड में 'चोगाड़ा थारा' गाना बज रहा है।वीडियो को शेयर कर चित्रांगदा ने लिखा- 'सभी को हैपी दीवाली। भगवान सभी को उस काबिल बनाएं कि वे सबको प्यार बांट सकें और दूसरों की जिंदगी रोशन बना सकें।' फैंस एक्ट्रेस की इस वीडियो को काफी पसंद कर रहे हैं।

अपनी भांजी से शादी करेंगे प्रभुदेवा?

प्रभुदेवा आजकल सलमान खान की फिल्म राधे को लेकर सुर्खियों में थे लेकिन पिछले कुछ घंटों से उनका नाम उनकी दूसरी शादी के कारण ट्रेंडिंग है। खबरों की मानें तो प्रभुदेवा अपने तलाक के 9 साल बाद दूसरी शादी करने का मन बना चुके हैं। लेकिन चौंकाने वाली खबर ये नहीं है कि प्रभुदेवा 47 साल की उम्र में दूसरी शादी करने वाले हैं। चौंकाने वाली खबर ये है कि प्रभुदेवा काफी समय से अपनी भांजी या भतीजी को डेट कर रहे हैं और अब उनसे शादी करने का मन बना चुके हैं। ये खबर एक अंग्रेज़ी वेबसाइट के हवाले से सामने आई है जिसकी बाद प्रभुदेवा हर जगह ट्रेंड हो रहे हैं। अभी तक प्रभुदेवा की टीम ने ना ही इस खबर की पुष्टि की है और ना ही इसका खंडन किया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia