सिनेजीवन: ऋषि कपूर को याद कर रोने लगे अमिताभ बच्चन और लॉकडाउन के बीच फिर मदद के लिए आगे आए सलमान

अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर को श्रद्धाजंलि देते हुए वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और लॉकडाउन के बीच सुपरस्टार सलमान खान ने स्थानीय ग्रामीणों में बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री वितरित की।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

ऋषि कपूर की अस्थियां विसर्जित करने के बाद नीतू ने बयां किया दर्द

रविवार यानी की 3 मई को रणबीर कपूर, नीतू कपूर ने मुंबई के बाणगंगा में ऋषि कपूर की अस्थियां विसर्जित की। इसके कई सारे फोटो और वीडियो भी वायरल हुए। आलिया भट्ट और अयान मुखर्जी भी यहां कपूर परिवार के साथ मौजूद थे। वहीं अब उनकी अस्थियां बहाने के बाद भी नीतू कपूर ने अपने परिवार का दुख सबके सामने रखते हुए एख खास संदेश लिखा है। नीतू ने कहा है कि ये उनके परिवार के लिए सबसे मुश्किल समय है। नीतू कपूर ने लिखा है कि एक परिवार होने के नाते हमें हर पल कुछ खो देने का एहसास होता है। जब हम साथ बैठते हैं और पीछे मुड़कर देखते हैं तो हमें अपने दुख के साथ-साथ वो लोग भी याद आते हैं जिन्होंने इस मुश्किल समय में हमारा साथ दिया।

ऋषि कपूर की मौत से टूटे अमिताभ बच्चन, वीडियो में रो पडे़ बिग बी

अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर को श्रद्धाजंलि देते हुए वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने दोनों के सफर के बारे में बताया और उनकी एनर्जी व उत्साह का जिक्र किया। अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर से जुड़ी यादें ताजा की। उन्होंने लिखा कि कैसे वह जवान, उत्साहित और एनर्जी से भरे इंसान थे। अमिताभ बच्चन का ये इमोशनल वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अभी तक लाखों लोगों ने सोशल मीडिया पर इसे देखा व कमेंट्स किए। बता दें पिछले दो साल से ल्यूकेमिया से ऋषि कपूर लड़ रहे थे। वह न्यूयॉर्क से इलाज करवाकर लौटे थे। पिछले दिनों उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां उन्होंने अंतिम सांसे ली।


कोविड-19 : सलमान खान ने दान किया खाद्य सामग्री

लॉकडाउन के बीच सुपरस्टार सलमान खान शहर से दूर पनवेल में अपने फार्महाउस पर समय बिता रहे हैं और कोरोनोवायरस के खिलाफ लड़ाई में सहायता करने के लिए वह जितना संभव हो सकता है वह सब कर रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर से मदद की मिसाल पेश करते हुए स्थानीय ग्रामीणों में बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री वितरित किया है। इंस्टाग्राम पर साझा वीडियो में सलमान खान लुलिया वंतूर, जैकलीन फनार्डीज और अन्य की मदद से ट्रक में राशन भरते नजर आ रहे हैं। वीडियो के साथ स्टार ने लिखा, "योगदान के लिए शुक्रिया, सभी का धन्यवाद, जैकलीन, लुलिया, राहुल, कमाल खान, निकेतन, वलुच्छा, अभिराज..।" क्लिप में फार्महाउस से कई गाड़ियां और ट्रक भी निकलते दिख रहे हैं, जिसमें सुपरस्टार खुद उन्हें गाइड कर रहा है। यह वीडियो तब सामने आया है जब उन्होंने लोगों से 'अन्न दान' चुनौती स्वीकार करने का आग्रह किया।

#IForIndia कॉन्सर्ट में साथ आए बॉलीवुड स्टार्स

रविवार शाम देश में 85 भारतीय और वैश्विक सितारे एक फंडरेजर कॉन्सर्ट GiveIndia Covid-19 में राहत कोष के लिए धन जुटाने के लिए एक ही मंच पर नजर आए। 3 मई, 2020 को I Fo India नाम के इस लाइव कॉन्सर्ट में आमिर खान, किरण राव, शाहरुख खान, अमि‍ताभ बच्चन, आलिया भट्ट, समेत कई और बड़े स्टार्स ने वर्चुअल दर्शकों के लिए उम्मीद की क्लासिक धुनों को गाकर इस कार्यक्रम में समां बांधा।दर्शकों को उम्मीद के संदेशों देते हुए, सेलेब्स ने लाइव कॉन्सर्ट में सभी से फंडरेजर में योगदान करने का आग्रह किया। इस इवेंट में आमिर और किरण ने किशोर कुमार के गीत 'आ चल के तुझे’ तो वहीं माधुरी दीक्षित ने हॉलीवुड सिंगर एड शीरन के गाने को गुनगुनाया। इनके अलावा शाहरुख खान ने भी एक मजेदार गाना गाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। आलिया भत्ता और दिलजीत दोसांझ ने भी गाने गाए। वहीं प्रियंका चोपड़ा ने एक खूबसूरत कविता सुनाई।


बादशाह ने बॉलीवुड में अपनी क्रश का खुलासा किया

रैपर बादशाह ने हाल ही में प्रशंसकों के साथ एक प्रश्न-उत्तर सेशन का आयोजन किया था, जिसमें उन्होंने अपने गानों के बोलों के साथ कई चीजों के बारे में बात की। इस सेशन में उन्होंने यह भी खुलासा किया कि बॉलीवुड की किस अभिनेत्री पर उन्हें क्रश है। बादशाह ने प्रश्न-उत्तर सेशन का आयोजन इंस्टाग्राम पर किया था। उनसे पूछे जाने पर कि उनके अनुसार कौन सा गाना सबसे अंडररेटेड है? तो बादशाह ने कहा, "मेरा मानना है कि मेरे लिरिक्स वाले सभी गाने अंडररेटेड हैं। मेरा मानना है कि ओ.एन.ई. पूरा एल्बम ही अंडररेटेड है।" एक अन्य ने सवाल किया कि क्या वह किसी के प्रशंसक हैं, जिस पर उन्होंने एआर रहमान और कान्ये वेस्ट के नामों का उल्लेख किया। वहीं उनसे जब किसी ने पूछा कि बॉलीवुड की किस अभिनेत्री पर उन्हें क्रश है, तो उन्होंने जवाब में रवीना टंडन का नाम लिया। उनसे पूछे जाने पर कि क्या उन्हें नेपाली गाने पसंद हैं, तो उन्होंने कहा, "हां बिल्कुल मुझे नेपाली गाने पसंद हैं।"

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia