डिजाइनर रोहित बल के निधन से सदमे में बॉलीवुड, दिल्ली में आज होगा अंतिम संस्कार

डिजाइनर रोहित बल का सफदरजंग एन्क्लेव के आश्लोक अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार को रोहित को हार्ट अटैक आया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

इंडियन फैशन इंडस्ट्री के दिग्गज डिजाइनर रोहित बल का आज दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान में अंतिम संस्कार होगा। 1 नवंबर की रात उनका निधन हो गया था वो 63 साल के थे और पिछले कई साल से दिल से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे थे। 2010 में उनकी एंजियोप्लास्टी भी हुई थी। फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया (एफडीसीआई) ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में उनकी मृत्यु की जानकारी दी। कहा गया कि रोहित बल के काम ने "भारतीय फैशन को फिर से परिभाषित किया"।

जानकारी के मुताबिक बल का सफदरजंग एन्क्लेव के आश्लोक अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार को रोहित को हार्ट अटैक आया। डॉक्टरों ने उन्हें होश में लाने की पूरी कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया न जा सका। रोहित बल का अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट में होगा। भारत में फैशन सेंस को निखारने और संवारने का श्रेय बल को जाता है। खास कर मेन्स वियर में वो एक क्रांति लेकर आए।

रोहित का परिवार लंबे समय से दिल्ली में ही रह रहा था। हाल ही में बल ने अपने कलेक्शन 'कायनात' से फैशन जगत में धूम मचा दी थी। उनके टैलेंट का लोहा बॉलीवुड ही नहीं हॉलीवुड भी मानता था। भारतीय संस्कृति को करीने से सहेजने और उसमें शालीनता का पुट बनाए रखने में माहिर थे बल। यही वजह है कि 1996 में टाइम पत्रिका ने उन्हें भारत का ‘मास्टर ऑफ फैब्रिक एंड फैंटेसी’ बताया था।

सोनम कपूर, करीना कपूर खान, अनन्या पांडे और अन्य बॉलीवुड एक्ट्रेस ने शनिवार को लग्जरी फैशन डिजाइनर रोहित बल के निधन पर शोक व्यक्त किया। एफडीसीआई ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा था, 'हम दिग्गज डिजाइनर रोहित बल के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं। वह फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ़ इंडिया (एफडीसीआई) के संस्थापक सदस्य थे। आधुनिकता के साथ पारंपरिक पैटर्न के अनूठे मिश्रण के लिए पहचाने जाने वाले बल के काम ने भारतीय फैशन को फिर से परिभाषित किया और पीढ़ियों को प्रेरित किया।' 'कला और नवाचार के साथ-साथ आगे की सोच की उनकी विरासत फैशन की दुनिया में जिंदा रहेगी। 'गुड्डा' आपको नमन, आप एक लीजेंड हैं।'

डिजाइनर का आखिरी शो कुछ हफ्तों पहले ही राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में लैक्मे फैशन वीक में था और जिसकी अभिनेत्री अनन्या पांडे शो-स्टॉपर थीं और उन्होंने शो के अंत में डिजाइनर को गुलाब भेंट किया था। बल के निधन की खबर से अनन्या भी दुखी हैं। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर दोनों की एक फोटो शेयर की। उन्होंने तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा, 'गुड्डा। ओम शांति। एक्ट्रेस सोनम कपूर ने डिजाइनर के साथ व्हाट्सएप चैट सहित कई फोटो शेयर कीं। उन्होंने बल के लिए एक भावपूर्ण नोट लिखा, जिनकी ड्रेस उन्होंने उसी दिन दिवाली के दिन पहनी थीं। उन्होंने लिखा, 'प्रिय गुड्डा, मैंने आपके निधन के बारे में सुना, जब मैं आपकी शानदार क्रिएशन में दिवाली मनाने जा रही थी, जिसे आपने उदारतापूर्वक मुझे दूसरी बार दिया था। मैं आपके साथ लंबे समय तक काम करने, आपके डिजाइन वियर में वॉक करने को लेकर खुद को धन्य समझती हूं। मुझे आशा है कि आप शांति से हैं। हमेशा आपकी सबसे बड़ी फैन।'

एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ​​ने प्रतिष्ठित डिजाइनर के साथ एक फोटो शेयर की, जो अपनी नीली आंखों और सुनहरे बालों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने लिखा, 'इस नुकसान से बहुत दुखी हूं, उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।' करीना कपूर खान ने उनके बचपन की फोटो शेयर कीं और फोटो के कैप्शन में लाल, सफेद और काले रंग के दिल बनाए। गुलशन देवैया ने लिखा, 'रोहित बाल : 8 मई 1961 - 1 नवंबर 2024।' एक्ट्रेस निमरत कौर ने कहा, 'दूरदर्शी, पथप्रदर्शक, आदर्श। रोहित बल।' बल का काम सिर्फ देश तक सीमित नहीं था। उनके बनाए कपड़े पामेला एंडरसन, उमा थुरमन, सिंडी क्रॉफर्ड और नाओमी कैंपबेल जैसी वैश्विक हस्तियों ने पहने हैं। प्रतिष्ठित डिजाइनर का अंतिम संस्कार शनिवार को नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा।

रोहित बल को साल 2001 और 2004 में अंतरराष्ट्रीय फैशन अवॉर्ड्स में ‘डिजाइनर ऑफ द ईयर’ चुना गया था। बल खुद ही कहते थे- मैं हमेशा वही करता रहा जो मैं हूं और कभी भी वो नहीं किया जो बाकी लोग कर रहे थे। मेरे पास एक बहुत ही मजबूत और फोकस्ड डिजाइन फिलॉसफी है। और मैं उसको फॉलो करता हूं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia