सिनेजीवनः ‘टटिहरी’ गाने पर फंसे बादशाह, महिला आयोग ने भेजा समन और ऑस्कर प्रेजेंटर्स लिस्ट में प्रियंका का नाम

धमाकेदार फिल्म बताई जा रही 'धुरंधर-2' का ट्रेलर 7 मार्च को रिलीज के लिए तैयार है। खुद रणवीर सिंह ने फिल्म के 5 नए पोस्टर्स रिलीज करते हुए ट्रेलर रिलीज की जानकारी दी है। पोस्टर में रणवीर लंबे बालों के साथ हाथ में बंदूक लिए खूंखार अवतार में दिख रहे हैं।

‘टटिहरी’ गाने पर फंसे बादशाह, महिला आयोग ने भेजा समन और ऑस्कर प्रेजेंटर्स लिस्ट में प्रियंका का नाम
i
user

नवजीवन डेस्क

‘टटिहरी’ गाने को लेकर बादशाह को हरियाणा महिला आयोग का समन

"गेंदा फूल' और 'वेलवेट फ्लो' के बाद पंजाबी सिंगर बादशाह का नया गाना ‘टटिहरी’ विवादों में घिर चुका है। हरियाणा महिला आयोग ने गायक बादशाह को समन जारी किया है। गाने में लड़कियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। इस मामले में हरियाणा महिला आयोग ने गायक बादशाह को समन जारी किया है और विवादित गाने पर स्पष्टीकरण मांगा है। ‘टटिहरी’ सॉन्ग 1 मार्च को रिलीज हुआ था, जिसमें लड़कियों को हरियाणा के लोक संगीत पर सरकारी स्कूल की ड्रेस पहनकर डांस करते हुए देखा गया। गाने में लड़ कियां किताबों से भरे बैग को फेंकती दिखती हैं। इसके अलावा, गाने में लड़कियों के लिए कुछ ऐसे अमर्यादित बोल का इस्तेमाल किया गया है, जिनका रिलीज के साथ ही कड़ा विरोध हो रहा है। बादशाह को भेजे नोटिस में हवाला दिया गया है कि हरियाणा की बेटियों को लेकर कुछ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। महिला आयोग ने स्पष्टीकरण देने के लिए सिंगर व रैपर बादशाह को तलब किया है।

इससे पहले अखिल भारतीय सहारण खाप ने भी गाने के रिलीज पर आपत्ति जताई थी। खाप की तरफ से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को गाने के विरोध में पत्र लिखकर अवगत कराया गया था। पत्र में जिक्र किया गया कि गाने में बहुत अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जो समाज के लिए घातक है। गाने में लड़कियों के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल हुआ है, वो भी निंदनीय हैं। यह गाना हरियाणा की सांस्कृतिक छवि को नुकसान पहुंचा सकता है। अखिल भारतीय सहारण खाप के अलावा, रोहतक के वकील राजनारायण पंघाल ने भी गाने को लेकर बाल विकास मंत्रालय में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल इस पूरे विवाद पर सिंगर और सिंगर की टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इससे पहले भी बादशाह के कई गाने विवादों में रहे हैं। उनके गेंदा फूल गाने पर भी लिरिक्स कॉपी और क्रेडिट न देने को लेकर विवाद हुआ था, क्योंकि गाने में तो बंगाली लाइनों का इस्तेमाल हुआ थ और वे बंगाली सिंगर के गाने से ली गई थीं।

भारत छोड़ ईरान का रुख नहीं करेगी मंदाना करीमी

ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत का जश्न मनाने वाली ईरानी एक्ट्रेस मंदाना करीमी इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। हालांकि अब अभिनेत्री का कहना है कि उनकी बातों को सोशल मीडिया पर तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है और ईरान की असली कहानी दुनिया को बताने की बजाय उनके बयानों को सनसनीखेज तरीके से पेश किया जा रहा है। ईरानी एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने अब इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया है और सोशल मीडिया पर उनके विरोध में फैली बातों को लेकर सफाई दी है। उन्होंने यह भी साफ किया कि आने वाले समय में वह भारत में रहेंगी भी या नहीं। वीडियो के जरिए अभिनेत्री ने बताया कि उनके भारत छोड़ने की चर्चा हो रही है और लोगों को लग रहा है कि वह वापस ईरान जाने वाली हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। उन्होंने बताया कि ईरान में वह बीते 10 साल से बैन हैं और वह भारत जरूर छोड़ेंगी, लेकिन वापस ईरान जाने के लिए नहीं।

भारत पर धोखा देने के आरोप पर अभिनेत्री का कहना है कि पिछले कई महीनों से उन्हें भारत की तरफ से किसी तरह का कोई सपोर्ट नहीं मिला है और सुरक्षा कारणों की वजह से वो बीते 2 महीने से एक ही जगह पर फंसी हैं और अपने करीबी दोस्तों से दूर हैं। उन्होंने बताया कि उनके इवेंट्स भी कैंसिल हो चुके हैं। इतना ही नहीं, अभिनेत्री ने पोस्ट में रजा शाह पहलवी को याद किया। उन्होंने कहा, "बातचीत मेरे लोगों के बारे में होनी चाहिए, उनकी परेशानियों के बारे में, ईरान के भविष्य के बारे में, और हमारे नेता रजा शाह पहलवी के बारे में, जिन्हें कई ईरानी इस शासन के पतन के बाद अपने देश के पुनर्निर्माण की उम्मीद के प्रतीक के रूप में देखते हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस्लामी गणराज्य की सच्चाई क्या है और इस शासन का अंत क्यों होना चाहिए। महत्वपूर्ण बात यह है कि उन ईरानियों की आवाज़ सुनी जाए जो स्वतंत्रता के लिए सब कुछ दांव पर लगा रहे हैं। मैं ईरान और अपने लोगों के बारे में बोलने से कभी पीछे नहीं हटूंगी। न आज, न कल, न कभी।" बता दें कि मंदाना करीमी ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा था कि भारत में उन्हें काफी समय से काम नहीं मिल रहा और ईरान के हक में बोलने की वजह से मेरे कई दोस्तों ने मेरा साथ छोड़ दिया। यही कारण है कि वे भारत छोड़ना चाहती हैं।


ऑस्कर 2026 की प्रेजेंटर्स लिस्ट में प्रियंका चोपड़ा का नाम

हॉलीवुड में काफी समय से काम कर रहीं बॉलीवुड की 'देसी गर्ल' प्रियंका चोपड़ा जोनस ने एक बार फिर भारत का मान बढ़ाया है। दरअसल 98वें अकादमी अवॉर्ड्स में ऑस्कर पुरस्कार प्रदान करने वाले प्रस्तुतकर्ताओं की लिस्ट में प्रियंका का नाम शामिल किया गया है। इस बात की पुष्टि अभिनेत्री ने खुद सोशल मीडिया के जरिए की। प्रियंका चोपड़ा ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया। इसमें उनके नाम के साथ प्रस्तुतकर्ता के भी नाम शामिल हैं। अभिनेत्री ने लिखा, "2026 अकादमी अवॉर्ड्स।" प्रियंका के साथ इस लिस्ट में रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ऐनी हैथवे, विल अर्नेट, ग्वेनेथ पाल्ट्रो और पॉल मेस्कल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। ये सितारे समारोह में मंच पर आएंगे और विभिन्न श्रेणियों के प्रतिष्ठित पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगे।

पोस्ट शेयर करने के बाद प्रियंका के इंडस्ट्री के दोस्तों और साथी कलाकारों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और कमेंट सेक्शन में प्यार और शुभकामनाओं की बौछार कर दी। कई लोगों ने हार्ट और फायर के इमोजी कमेंट किए। मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान ने कमेंट सेक्शन पर लिखा, "बधाई हो। आप सच में हीरो हैं।"

प्रियंका जल्द ही एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी नजर आएंगे। फिल्म के जरिए प्रियंका 7 साल बाद घर वापसी कर रही हैं और वे महेश बाबू के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी। साथ ही, यह एसएस राजामौली का प्रोजेक्ट है, जो कभी भी अपनी कहानी कहने के अंदाज से दर्शकों को निराश नहीं करते हैं। ये सब देखते हुए फैंस के बीच उत्साह चरम पर है।

7 मार्च को आएगा 'धुरंधर-2' का ट्रेलर, रिलीज डेट के साथ सामने आया नया पोस्टर

साल 2026 की सबसे धमाकेदार फिल्म 'धुरंधर-2' को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म का ट्रेलर कल, यानी 7 मार्च, को रिलीज के लिए तैयार है, और इस बात की जानकारी खुद अभिनेता ने दी है। रणवीर ने यह भी बताया है कि फिल्म का ट्रेलर किस समय रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर रिलीज के एलान के साथ फैंस का एक्साइटमेंट लेवल भी बढ़ चुका है और अब ट्रेलर के रिलीज का इंतजार बड़ी उत्सुकता के साथ हो रहा है। रणवीर सिंह ने 5 नए पोस्टर्स रिलीज के साथ फिल्म के ट्रेलर रिलीज की जानकारी दी है। पोस्टर में अभिनेता लंबे बालों के साथ हाथ में बंदूक लिए खूंखार अवतार में दिख रहे हैं। उन्होंने पोस्टर शेयर कर कैप्शन में लिखा, "तैयार हो जाइए, ट्रेलर कल, 7 मार्च को सुबह 11:01 बजे रिलीज़ होगा। 'धुरंधर- द रिवेंज' 19 मार्च 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है।"

पोस्ट से साफ है कि फिल्म पहले पार्ट की तरह पैन-इंडिया लेवल पर रिलीज होने वाली है। कहा जा रहा है कि इस बार फिल्म में हमजा अली (रणवीर सिंह) और मेकर इकबाल (अर्जुन रामपाल) के बीच भयंकर जंग देखने को मिलेगी। फिल्म के पहले पार्ट में रहमान डकैत की मौत हो चुकी है, लेकिन उसकी झलक दर्शकों को दूसरे पार्ट में भी देखने को मिलेगी, क्योंकि पहले भाग से कनेक्ट करके ही फिल्म को आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं, 19 मार्च को 'धुरंधर-2' अकेले की बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली है। पहले फिल्म का सामना यश की बहुप्रतिक्षित फिल्म टॉक्सिक से होना था, लेकिन मेकर्स ने फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ा दिया है। अब यश की टॉक्सिक 4 जून को रिलीज हो रही है। माना जा रहा है कि फिल्म की रिलीज को टालने का फैसला मेकर्स ने ईरान और इजरायल के बीच हो रहे तनाव को देखते हुए लिया है। कहा जा रहा है कि बड़े बजट में बनी फिल्म को पैन इंडिया रिलीज होना है और तनाव की वजह से सिनेमा के वैश्विक बाजार पर बड़ा असर देखने को मिल रहा है।


'अल्लू अर्जुन और स्नेहा ने मनाई शादी की सालगिरह

साउथ इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता अल्लू अर्जुन और उनकी पत्नी स्नेहा की लव स्टोरी हमेशा से लोगों के लिए खास रही है। दोनों की जोड़ी को फैंस काफी पसंद करते हैं और अक्सर उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती हैं। अपनी शादी की 15वीं सालगिरह के मौके पर भी यह जोड़ी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। इस खास अवसर पर स्नेहा रेड्डी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पति अल्लू अर्जुन के साथ कुछ खूबसूरत और रोमांटिक तस्वीरें साझा की हैं, जिन्होंने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तस्वीरों में स्नेहा और अल्लू कपल पोज देते नजर आते हैं। सभी तस्वीरों में अल्लू ने स्नेहा का हाथ थामा हुआ है, जबकि एक अन्य तस्वीर में उनका पूरा परिवार दिखाई देता है। उस तस्वीर में उनके दोनों बच्चे मौजूद हैं और एक दूसरे की ओर मुस्कुराते हुए देख रहे हैं।

इन तस्वीरों को साझा करते हुए स्नेहा ने कैप्शन में लिखा, ''15 साल बाद हमने प्यार से भरी जिंदगी बनाई है, एक ऐसा परिवार जो मेरे लिए सब कुछ है, और एक ऐसा घर जो खुशियों से भरा है... हमारे दो प्यारे बच्चे, हमारे दो पालतू डॉगी, और बीच में अनगिनत यादें। जीवन के हर अध्याय में मेरा साथ देने के लिए धन्यवाद। हैप्पी एनिवर्सरी। शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं।'' सालगिरह के इस खास मौके पर अल्लू अर्जुन ने भी अपने इंस्टाग्राम पर स्नेहा के साथ एक तस्वीर साझा की और लिखा, ''शादी की सालगिरह की बधाई हो, क्यूटी। 15 साल का यह सफर साथ में गुजर गया। आपके बिना यह सफर इतना आसान नहीं होता।''

इस कपल की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। बताया जाता है कि अल्लू अर्जुन एक शादी समारोह में अमेरिका गए थे, जहां उनकी पहली मुलाकात स्नेहा से हुई। पहली ही नजर में वह स्नेहा की सादगी और खूबसूरती पर मर मिटे थे। उस समय वह उनसे उनका नंबर नहीं ले पाए, लेकिन बाद में किसी तरह उनका नंबर हासिल किया और फिर दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। शुरुआत में स्नेहा के पिता कंचरला चंद्रशेखर रेड्डी इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन बाद में मान गए। परिवार की सहमति से दोनों ने 6 मार्च 2011 को शादी की।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia