सिनेजीवनः 'भूत-बंगला' ने बदली वामिका गब्बी की किस्मत और अभिनेता भरत कपूर के निधन से इंडस्ट्री में शोक

भूमि पेडनेकर ने खुलासा किया है कि फिल्म 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार ने उनके साथ ऐसा मजाक किया था, जिससे वह बुरी तरह डर गई थीं। मोहनलाल ने अपनी शादी की सालगिरह पर पत्नी सुचित्रा के साथ एक खूबसूरत तस्वीर शेयर किया है।

'भूत-बंगला' ने बदली वामिका गब्बी की किस्मत और अभिनेता भरत कपूर के निधन से इंडस्ट्री में शोक
i
user

नवजीवन डेस्क

'भूत-बंगला' ने बदली वामिका गब्बी की किस्मत

अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की कॉमेडी से भरी फिल्म 'भूत-बंगला' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर रही है। फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर चुकी है और यह वामिका गब्बी की पहली फिल्म है, जिसने 100 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया है। अभिनेत्री ने फिल्म के 100 करोड़ से अधिक की कमाई पर खुशी जाहिर की है और फिल्म के मेकर्स और को-स्टार को दिल से धन्यवाद दिया है। वामिका गब्बी ने फिल्म भूत-बंगला में अपने अभिनय से सबका दिल जीत लिया है और फिल्म की कमाई की रफ्तार से अभिनेत्री काफी खुश हैं क्योंकि यह उनके करियर की पहली फिल्म है, जिसने 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया है।

अभिनेत्री ने फिल्म की अनसीन फोटोज को शेयर कर अपने को-स्टार और क्रू मेंबर्स को दिल से धन्यवाद दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म की बीटीएस फोटोज को शेयर कर लिखा, "मेरी पहली 100 करोड़ की फिल्म। प्रियदर्शन सर, अक्षय कुमार, एकता कपूर और एफ.ए.ए.आर.ए. के साथ-साथ पूरी कास्ट और क्रू का मैं तहे दिल से शुक्रिया अदा करती हूं, जिन्होंने इस फिल्म पर भरोसा किया और अपना सब कुछ इसमें लगा दिया। भूत बंगला जितनी हमारी है, उतनी ही आपकी भी है।"

वामिका ने फिल्म को ढेर सारा प्यार देने के लिए दर्शकों का भी दिल से धन्यवाद दिया है। उनका कहना है कि दर्शकों के दिलों में फिल्म और उन्होंने भी एक खास जगह बना ली है। अभिनेत्री ने आगे लिखा, "यहां तक ​​का हर कदम मेहनत, सीख और गहरी भावनाओं से भरा है। यह तो बस शुरुआत है... मैं आती रहूंगी, आगे बढ़ती रहूंगी और आपका मनोरंजन करती रहूंगी... हमेशा।" बता दें कि वामिका गब्बी की झोली में पांच फिल्में हैं, जो आने वाले सालों में रिलीज होने वाली हैं। अभिनेत्री मिल सिनेमा में फेंटसी फिल्म 'जिनी,' दिल का दरवाजा खोल ना डार्लिंग,' 'पति पत्नी और वो दो', पंजाबी फिल्म 'किकली,' और एक्शन और थ्रिलर से भरी फिल्म 'जी-2' में भी दिखने वाली है। कुछ फिल्में इसी साल तो कुछ फिल्में साल 2027 में रिलीज होने वाली हैं।

दिग्गज अभिनेता भरत कपूर के निधन से इंडस्ट्री में शोक

दशकों से हिंदी सिनेमा में विलेन और चरित्र अभिनेता के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करने वाले दिग्गज अभिनेता भरत कपूर के निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर है। भरत कपूर का 80 साल की उम्र में सोमवार शाम को निधन हो गया। पिछले चार दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। जिसके बाद उन्हें मुंबई के सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार भी सोमवार की शाम को ही सायन अस्पताल के पास मौजूद श्मशान घाट में किया गया। इस मौके पर हिंदी सिनेमा के कई अभिनेता और परिवार के करीबी लोग मौजूद रहे।

उनके साथ पर्दे पर अपना जादू चलाने वाली पूनम ढिल्लो ने अभिनेता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है और अपनी पुरानी फिल्म 'नूरी' को भी याद किया है। भरत कपूर ने कई फिल्मों में काम किया और सहायक रोल भी निभाए, लेकिन फिल्म 'नूरी' उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई और इसी फिल्म के जरिए उन्हें बतौर विलेन पहचान मिली। फिल्म में लीड रोल में पूनम ढिल्लो और फ़ारुक शेख़ लीड रोल में थे और भरत कपूर दोनों के प्यार के दुश्मन। इसी फिल्म को याद कर पूनम ढिल्लो ने लिखा, "एक जेंटलमैन, अच्छे को-एक्टर, परफेक्ट फैमिली मैन और एक सीधे-सच्चे इंसान। बहुत हैंडसम अभिनेता और आवाज भी बहुत प्यारी, बहुत कुछ कहना चाहती हूं लेकिन शब्द नहीं हैं।" पूनम ढिल्लो के अलावा, निर्माता-निर्देशक अशोक पंडित ने भी अभिनेता की फोटो पोस्ट कर श्रद्धांजलि दी।

भरत कपूर हिंदी मनोरंजन उद्योग में एक जाना-पहचाना नाम रहे हैं। वे 1970, 80 और 90 के दशक में टेलीविजन और फिल्मों में नियमित रूप से दिखाई देते रहे हैं। एक अभिनेता के रूप में लगभग 4 दशकों के अपने कार्यकाल के दौरान वह 'नूरी' (1979), 'राम बलराम' (1980), 'लव स्टोरी' (1981), 'बाजार' (1982), 'गुलामी' (1985), 'आखिरी रास्ता' (1986), 'सत्यमेव जयते' (1987), 'स्वर्ग' (1990), 'खुदा गवाह' (1992), और 'रंग' (1993) जैसी कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रहे। उनकी फिल्मोग्राफी में बरसात' (1995), 'साजन चले ससुराल' (1996) और 'मीनाक्षीः ए टेल ऑफ थ्री सिटीज' (2004) भी शामिल है।

इसके अलावा, भरत कपूर कई टेलीविजन शो जैसे कैम्पस, परंपरा, राहत, सांस, अमानत, भाग्यविधाता, तारा, चुनौती और कहानी चंद्रकांता में भी नजर आए। भरत कपूर ने विभिन्न शैलियों में कई तरह की भूमिकाएं निभाकर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कई फिल्मों में खलनायक, सहायक किरदार और प्रभावशाली व्यक्तित्व की भूमिकाएं निभाई हैं।


मोहनलाल ने शादी की सालगिरह पर शेयर किया दिल छू लेने वाला मैसेज

दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल सिर्फ अपनी शानदार फिल्मों और दमदार अभिनय के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी सादगी भरी जिंदगी के लिए भी जाने जाते हैं। करीब चार दशक से ज्यादा समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय अभिनेता ने हमेशा अपनी पारिवारिक जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखा, लेकिन जब भी वह पत्नी सुचित्रा के साथ कोई खास पल शेयर करते हैं, तो फैंस उसे खूब पसंद करते हैं। अपनी शादी की 38वीं सालगिरह के मौके पर भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा।

दरअसल, मोहनलाल ने अपनी शादी की सालगिरह पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पत्नी सुचित्रा के साथ एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में दोनों न्यूयॉर्क हार्बर स्थित मशहूर स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के पास खड़े नजर आ रहे हैं। तस्वीर में दोनों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दे रही है। इस तस्वीर के साथ मोहनलाल ने कैप्शन में लिखा, ''शादी के 38 साल बीत जाने के बाद भी मुझे आज भी ऐसा महसूस होता है जैसे हमारे रिश्ते की अभी शुरुआत ही हुई हो।'' यह पोस्ट सामने आने के बाद फैंस उन्हें शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं दे रहे हैं।

सुचित्रा मशहूर तमिल अभिनेता और निर्माता के. बालाजी की बेटी हैं। बताया जाता है कि जब सुचित्रा ने पहली बार मोहनलाल को फिल्मों में देखा था, तब वह उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं करती थीं। उस समय मोहनलाल फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभा रहे थे और उनके अभिनय का असर इतना गहरा था कि सुचित्रा उन्हें सच में नापसंद करने लगी थीं। हालांकि समय के साथ उनका नजरिया बदल गया। बाद में जब उन्होंने मोहनलाल की दूसरी फिल्में देखीं, तो उन्हें अभिनेता का अलग रूप देखने को मिला। धीरे-धीरे वह उनके अभिनय और व्यक्तित्व से प्रभावित होने लगीं। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उनका रिश्ता आगे बढ़ने लगा। कहा जाता है कि दोनों के रिश्ते में एक समय ऐसा भी आया, जब कुंडली न मिलने की वजह से शादी की बात रुक गई थी। परिवारों ने इस रिश्ते को आगे बढ़ाने से मना कर दिया था, लेकिन दोनों ने रिश्ता फिर से आगे बढ़ाने का फैसला किया और साल 1988 में शादी के बंधन में बंध गए।

अक्षय के मजाक से जब डर के मारे कांप उठीं भूमि

बॉलीवुड सितारों की जिंदगी जितनी चमकदार पर्दे पर दिखाई देती है, उसके पीछे उतने ही मजेदार और यादगार किस्से भी छिपे होते हैं। फिल्मों की शूटिंग के दौरान कलाकार कई बार ऐसे अनुभवों से गुजरते हैं, जिन्हें वह सालों बाद भी याद करके हंस पड़ते हैं। इस बीच, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने भी ऐसा ही दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता अक्षय कुमार ने उनके साथ ऐसा मजाक किया था, जिससे वह बुरी तरह डर गई थीं। यह खुलासा भूमि पेडनेकर ने क्विज रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' में किया। शो में बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' की शूटिंग से जुड़ा एक अनुभव साझा किया।

भूमि पेडनेकर ने कहा, "मुझे तेज रफ्तार से बहुत डर लगता है, खासकर बाइक पर बैठकर तेज चलना मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है। ये बात अक्षय को कहीं से पता चल गई। शूटिंग के दौरान एक दिन अक्षय ने मुझसे पूछा कि क्या तुम्हें बाइक से डर लगता है। इस पर मैंने बताया– 'हां...बाइक की तेज स्पीड से बहुत ज्यादा डरती हूं।' भूमि ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी थी कि फिल्म में कोई खतरनाक बाइक स्टंट नहीं रखा गया था। लेकिन शायद अक्षय उस समय उनके साथ प्रैंक करने के मूड में थे।

भूमि ने कहा, "पहले तो अक्षय कुमार ने मुझे भरोसा दिलाया कि डरने जैसी कोई बात नहीं है। वह आराम से बाइक चला रहे थे, सब कुछ नॉर्मल लग रहा था। लेकिन अचानक अक्षय ने मुझसे कसकर पकड़ने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने बाइक की रफ़्तार तेज़ कर दी। यह देखकर मैं बुरी तरह घबरा गई।" उन्होंने कहा, ''उस पल मैं बहुत डर गई थीं। मेरा शरीर जैसे जम सा गया था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं। डर के मारे मैं सिर्फ भगवान को याद कर रही थीं और यही प्रार्थना कर रही थीं कि सब ठीक रहे।'' इस पुराने किस्से को याद करते हुए शो के होस्ट और अभिनेता अक्षय कुमार भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।


100 एकड़ में बना महिष्मती राज्य, ऐसे हुई थी 'बाहुबली 2' की शूटिंग

साल 2017 में आज के दिन ऐसी फिल्म रिलीज हुई थी, जिसने हिंदी सिनेमा से लेकर दक्षिण भारतीय सिनेमा को हिलाकर रख दिया था। फिल्म का नाम था 'बाहुबली 2: द कॉन्क्लूजन'। आज फिल्म के रिलीज को नौ साल पूरे हो चुके हैं और बहुत कम लोग जानते हैं कि बाहुबली 2: द कॉन्क्लूज़न पहली फिल्म थी जिसका पेड प्रीव्यू रखा गया था। आज के समय में फिल्मों का पेड प्रीव्यू रखना हर हिंदी फिल्म की परंपरा बन चुकी है। आज फिल्म के रिलीज के नौ साल पूरे होने पर हम आपको फिल्म से जुड़े कुछ अनोखे फैक्ट्स बताएंगे। बाहुबली 2: द कॉन्क्लूज़न ने रिलीज के बाद भारत की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म का खिताब हासिल किया, लेकिन फिल्म 'दंगल' का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई, लेकिन बहुत कम लोग यह बात जानते हैं कि फिल्म बाहुबली की शूटिंग के दौरान ही दूसरे पार्ट की 30 फीसदी शूटिंग पहले कर ली गई थी और बाद में बाकी की बची फिल्म की शूटिंग पूरी सुरक्षा के साथ की गई।

बाहुबली और बाहुबली 2: द कॉन्क्लूज़न में दिखाए गए फिल्म सेट की चर्चा आज भी होती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सेट को सिर्फ ग्राफिक्स की मदद से नहीं, बल्कि मुंबई से दूर हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में बनाया गया था? फिल्म के लिए 100 एकड़ में महिष्मति राज्य का निर्माण किया गया था। सेट के निर्माण में 60 करोड़ का खर्च आया था और बनाने के लिए 500 से अधिक लोगों की टीम ने मिलकर कई महीनों तक काम किया था। सेट का निर्माण कला निर्देशक साबू सिरिल ने अपनी टीम के साथ किया था, जो कालापानी, अशोक, ओम शांति ओम और रोबोट जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। फिल्म के कुछ सीन्स की शूटिंग केरल के कन्नवम वन, अथिरप्पिल्ली जलप्रपात, और ओरवाकल रॉक गार्डन में भी हुई थी।

बाहुबली और बाहुबली 2: द कॉन्क्लूज़न में झरने वाले सीन की शूटिंग केरल के अथिरप्पिल्ली जलप्रपात के नीचे हुई थी, लेकिन एस.एस. राजामौली ने फिल्म के दूसरे भाग की शूटिंग के लिए छत्तीसगढ़ के हांदावाड़ा वॉटरफॉल को चुना था, लेकिन नक्सली हमलों के डर से उन्होंने केरल में ही फिल्म की शूटिंग को आगे बढ़ाया। बहुत कम लोग जानते हैं कि 'बाहुबली' का खुद का अपना म्यूजियम भी है, जहां दोनों फिल्मों के दौरान इस्तेमाल हुए हथियार, कवच, और भव्य सेट को आज भी वैसा ही रखा गया है। अगर आप रामोजी फिल्म सिटी जाते हैं तो, वहां आपको महिष्मती राज्य का सेट, विशाल रथ और फिल्म में दिखाए गए कई सीन्स याद आ जाएंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia