सिनेजीवनः रॉ संस्थापक काओ पर फिल्म बनाएंगे करण जौहर और बंगाली अभिनेत्री मिथु मुखर्जी का 71 साल की उम्र में निधन
मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने मेडिकल साइंस की बारीकियों और संगीत का जिक्र करते हुए कहा है कि हर दिन केबीसी के दायरे और जिंदगी के दायरे में कुछ नया सीखने को मिलता है। अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह ने बताया है कि कॉमेडी का असली नियम क्या है।

रॉ के संस्थापक आरएन काओ पर फिल्म बनाएंगे करण
भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) की नींव रखने वाले दिग्गज जासूस रामेश्वर नाथ काओ की कहानी अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और लियो मीडिया कलेक्टिव ने आर.एन. काओ की जिंदगी और उनके काम पर बनने वाली एक बड़े स्तर की स्पाई एक्शन फिल्म की घोषणा कर दी है। फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसकी रिलीज डेट लॉक कर दी गई है। यह फिल्म 11 अगस्त 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
करण जौहर इससे पहले 'केसरी', 'राजी', 'शेरशाह' और 'केसरी: चैप्टर 2' जैसी फिल्मों के जरिए देश से जुड़ी कहानियों और अनसुने किरदारों को पर्दे पर ला चुके हैं। अब वह फिल्म रॉ के संस्थापक आर.एन. काओ के सफर को पर्दे पर दिखाएंगे। रॉ की स्थापना 1968 में हुई थी। मेकर्स का लक्ष्य 2028 में एजेंसी के 60 साल पूरे होने के आसपास इस कहानी को बड़े पर्दे पर लाना है। फिल्म को फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में रखा गया है।
फिल्म की कहानी लेखक नितिन गोखले की किताब 'जेंटलमैन स्पाईमास्टर' पर आधारित होगी। इसमें आर.एन. काओ के 1955 से 1971 तक के सफर को दिखाया जाएगा। कहानी उस दौर पर फोकस करेगी जब भारत में एक अलग बाहरी खुफिया एजेंसी की जरूरत महसूस हुई और आगे चलकर रॉ का गठन हुआ। इसके बाद 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान एजेंसी के शुरुआती मिशन को भी कहानी में जगह दी जाएगी।
आर.एन. काओ को भारतीय जासूसी व्यवस्था के सबसे अहम नामों में गिना जाता है। 1968 में रॉ की स्थापना के बाद वह इसके पहले प्रमुख बने थे। वह भारत की बाहरी खुफिया व्यवस्था को एक अलग पहचान देने और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने वाले प्रमुख लोगों में से एक है। उनकी कहानी में जासूसी, रणनीति, राजनीति और देश की सुरक्षा से जुड़े कई अहम पहलू शामिल हैं।
बंगाली अभिनेत्री मिथु मुखर्जी का 71 वर्ष की उम्र में निधन
जानी-मानी बंगाली अभिनेत्री मिथु मुखर्जी का 71 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। अभिनेत्री के निधन की खबर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से जुड़े सूत्रों ने दी। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने एक्स पर अभिनेत्री को श्रद्धांजलि दी और लिखा, ''एआईसीडब्ल्यूए अभिनेत्री मिथु मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता है। वह बंगाली और हिंदी फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री थीं। उन्होंने 'शेष पर्व' से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत किया और 1970 और 1980 के दशक में भारतीय सिनेमा का एक जाना-पहचाना और सम्मानित चेहरा बन गईं। उनको 'मरजीना अब्दुल्ला', 'निशि कन्या', 'मौचक', 'स्वयंसिद्धा', 'होटल स्नो फॉक्स', 'भाग्यचक्र', 'संधि', 'फादर' और 'आश्रिता' जैसी चर्चित बंगाली फिल्मों में उनके यादगार अभिनय के लिए याद किया जाता है। वह 'खान दोस्त', 'सफेद झूठ', 'दिल्लगी' और 'दो लड़के दोनों कड़के' जैसी हिंदी फिल्मों में भी काम किया।''
एआईसीडब्ल्यूए ने कहा, "मिथु मुखर्जी के निधन से पूरी बंगाली फिल्म इंडस्ट्री सदमे और शोक में है। वह सिर्फ एक मशहूर अभिनेत्री नहीं थीं बल्कि फिल्म जगत का अहम हिस्सा और पूरी फिल्म बिरादरी की प्रिय सदस्य थीं। उनका जाना भारतीय सिनेमा के एक दौर का अंत है। बंगाली सिनेमा और भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके शानदार अभिनय और उनकी प्रतिभा से समृद्ध हुई फिल्मों की याद आने वाली पीढ़ियों के बीच भी बनी रहेगी।"
अर्चना पूरन सिंह ने कॉमेडी का असली नियम बताया
क्रिकेटर रोहित शर्मा के पॉपुलर शो 'फैमिली फुल हाउस' के आगामी एपिसोड में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह अभिनेता राकेश बेदी के साथ गेस्ट के तौर पर नजर आएंगी। आगामी एपिसोड में अभिनेत्री ने राकेश बेदी के साथ काम करने का अनुभव बताया। अभिनेत्री ने बताया, "आपको एक मजेदार बात बताती हूं कि हमने एक बार दूरदर्शन के लिए एक साथ सीरियल किया था, 'जाने भी दो पारो'। उसमें मैं डायरेक्टर-एक्टर दोनों थी और राकेश बेदी ने मेरे पति का रोल प्ले किया था। जो पहला ओपनिंग सीन लिखा गया था, उसे हमने एक-दो बार करके देखा, लेकिन बिल्कुल भी मजा नहीं आया। हालांकि सीन लिखा हुआ था और शॉट भी तैयार था, फिर राकेश मुझसे बोले कि तू स्क्रिप्ट की छोड़, बस मुझसे पहली लाइन बोल और उसके बाद जो भी मैं जवाब दूंगा, तू उस पर जवाब देना।" अभिनेत्री ने बताया कि उस सीन को दोनों ने बिना किसी स्क्रिप्ट के जल्द ही शूट कर लिया था।
वहीं, अभिनेता राकेश बेदी ने अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा, "कुछ-कुछ एक्टर्स ऐसे होते हैं जो आपके बहुत अच्छे साथी कलाकार बन जाते हैं, जिन्हें आप भूल नहीं पाते और हमने तो 4-5 साल काम किया है, जिनमें 'श्रीमान श्रीमती' और 1-2 साल 'जाने भी दो पारो' में साथ काम किया।" राकेश बेदी ने बताया कि उन्होंने अपने पूरे करियर में अर्चना पूरन सिंह जैसी कोई दूसरी बेहतरीन कलाकार नहीं देखी। अभिनेत्री ने कहा, "दरअसल कॉमेडी का एक उसूल होता है। कॉमेडी में ऐसा नहीं है कि एक्टर को सोचना पड़े कि मैं दूसरे एक्टर से क्या छीन लूं, बल्कि सोचना ये होता है कि मैं उसे क्या दूं जिससे उसका सीन और ज्यादा निखर कर आए।"
जिंदगी में सीखने का सिलसिला जारी: अमिताभ बच्चन
मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने मेडिकल साइंस की बारीकियों और नैतिकता की परीक्षाओं से लेकर संगीत की असीम दुनिया तक उन कई सीखों को याद किया है जो जिंदगी हमें देती रहती है। उन्होंने कहा कि हर दिन "केबीसी के दायरे" और "जिंदगी के दायरे" में कुछ नया सीखने को मिलता है। उन्होंने अपने ब्लॉग पर लिखा: "हर दिन कुछ नया सीखना... कुछ दूसरों के बारे में, लेकिन ज्यादातर अपने बारे में... हम कौन हैं, क्या हैं और कहां हैं... और सीखने का सिलसिला कभी नहीं रुकता। मेडिकल साइंस की पेचीदगियां, ज्ञान की विविधता, नैतिकता की परीक्षाएं और हर दिन कुछ नया सीखना। सिर्फ केबीसी के दायरे में ही नहीं, बल्कि जिंदगी के दायरे में भी।"
इसके बाद अमिताभ बच्चन ने "संगीत" के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "और फिर संगीत है जो कभी खत्म नहीं होता, कभी माफ नहीं करता, कभी रोकता नहीं, लेकिन हर पल एक चुनौती पेश करता है - उन्होंने यह कैसे किया और खोज शुरू हो जाती है। मन और इंद्रियां जाग उठती हैं और एक खास एहसास छा जाता है। दिल और रूह को भर देता है, क्योंकि यही तो इसकी महानता की असली पहचान है।"
सिनेमा के दिग्गज कलाकार अभी "कौन बनेगा करोड़पति" में नजर आ रहे हैं, जो ओरिजिनल ब्रिटिश फॉर्मेट 'हू वॉन्ट्स टू बी अ मिलियनेयर?' का ऑफिशियल हिंदी वर्जन है। यह फॉर्मेट 'हू वॉन्ट्स टू बी अ मिलियनेयर?' फ़्रैंचाइज़ी के दूसरे शो जैसा ही है: कंटेस्टेंट से मल्टीपल-चॉइस सवाल पूछे जाते हैं और उन्हें चार संभावित विकल्पों में से सही जवाब चुनना होता है। साथ ही, अगर वे पक्का नहीं हैं तो वे लाइफलाइन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बिग बी, जिन्हें आखिरी बार टी. जे. ज्ञानवेल की फिल्म 'वेट्टैयन' में देखा गया था, वे नितेश तिवारी की आने वाली बड़ी फिल्म "रामायण: पार्ट 1" में नजर आएंगे। इस फिल्म में यश, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और सनी देओल भी होंगे। अमिताभ अभी फिल्ममेकर नाग अश्विन की फिल्म "कल्कि 2898 एडी" के सीक्वल में व्यस्त हैं। इस फिल्म में कमल हासन और प्रभास भी हैं।
सबसे ज्यादा फ्लर्ट धर्मेंद्र करते थेः जया प्रदा
एक्ट्रेस जया प्रदा ने एक बार बताया था कि सभी एक्टर्स में धर्मेंद्र सबसे ज्यादा फ्लर्ट करने वाले थे। कपिल शर्मा के शो का एक पुराना क्लिप इंटरनेट पर फिर से सामने आया है, जिसमें एक्ट्रेस पुरानी यादों को ताजा करती हुई दिख रही हैं। जब कपिल ने उनसे पूछा, "तो, मैम, सबसे ज्यादा फ्लर्ट कौन करता था? तो एक्ट्रेस ने कहा, "क्या मैं बताऊं?" थोड़ा उकसाने पर उन्होंने हंसते हुए कहा- "धर्मेंद्र" इसके बाद पूछा- सेट पर देर से कौन आता था। एक्ट्रेस ने कहा, "राजेश खन्ना बहुत देर से आते थे। सच में?
जया प्रदा ने बताया, मैं साउथ से हूं और मैंने साउथ में बहुत काम किया है। इसलिए मैं सुबह 7 बजे सेट पर पहुंच जाती थी, लेकिन यहां आने के बाद मेकर्स मुझे सुबह 9 बजे सेट पर बुलाते थे। सेट पर आने के बाद मैं अपना मेकअप करती थी। वह रात 8 बजे के आसपास आते थे। यहां आने के बाद वह वड़ा पाव खाते थे। उसके बाद वह एक शॉट देते थे और रात 9 बजे पैक-अप कर लेते थे।"
जया प्रदा ने कहा, "मैं पांच शिफ्ट करती थी और सभी स्टार्स होते थे तो 'शराबी' फ़िल्म के लिए, मैं ऊटी से सफर करती थी और शाम को ट्रेन से जाती थी। मैं चेन्नई पहुंचती थी। मैं चेन्नई एयरपोर्ट पर नहाती थी। नहाने के बाद मैं फ्लाइट में बैठती थी। मैं फ्लाइट में ही अपना मेकअप करती थी।" उन्होंने कहा, "फिर मैं कोयंबटूर पहुंचती थी तो मुझे इस तरह मैनेज करना पड़ता था। मैं उन्हें मना नहीं कर सकती थी लेकिन साउथ इंडिया में भी ऐसा ही है। वे सभी बड़े हीरो, आइकॉन हैं। एनटीआर, राजकुमार सर वगैरह। उनके मुकाबले मैं एक युवा लड़की थी। मैं 16 या 17 साल की थी। इसलिए मैं घबरा जाती थी। यह मुश्किल था लेकिन गर्व की बात भी है।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
