सिनेजीवनः सलमान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का बदला नाम और कान्ये वेस्ट का दिल्ली में होने वाला शो टला

अभिनेता मनोज बाजपेयी ने विनीत कुमार सिंह की वेब सीरीज 'हैलो बच्चों' में उनके शानदार अभिनय की तारीफ की है। राजपाल यादव ने ठान लिया है कि वे जब तक काम करेंगे, तब तक अपने प्रिय दर्शकों को कॉमेडी के जरिए सेहत और मनोरंजन दोनों देने की कोशिश करेंगे।

सलमान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का बदला नाम और कान्ये वेस्ट का  दिल्ली में होने वाला शो टला
i
user

नवजीवन डेस्क

सलमान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का बदला नाम

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान पिछले कुछ समय से अपनी आने वाली फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' को लेकर लगातार चर्चा में हैं। इस फिल्म की कहानी भारत और चीन के बीच हुए गलवान घाटी के घटनाक्रम से प्रेरित बताई जा रही है। लेकिन अब इस फिल्म को लेकर एक नया और बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल, फिल्म के मेकर्स ने रिलीज से पहले इसका नाम बदल दिया है, जिससे फैंस के बीच फिर से चर्चा तेज हो गई है। दरअसल, सोमवार को सलमान खान की प्रोडक्शन कंपनी सलमान खान फिल्म्स ने आधिकारिक तौर पर इस फिल्म के नए नाम की घोषणा की। अब यह फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' के नाम से रिलीज होगी। पहले इस प्रोजेक्ट को 'बैटल ऑफ गलवां' के नाम से जाना जा रहा था।

नाम बदलने के साथ ही मेकर्स ने फिल्म का एक नया पोस्टर भी जारी किया, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही लोगों का ध्यान खींच लिया। इस पोस्टर में सलमान खान बेहद अलग और गंभीर नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर खून और जख्म साफ दिखाई दे रहे हैं। उनके माथे पर गहरी चोट है और चेहरा धूल-मिट्टी से भरा हुआ है। उनकी आंखों में गुस्सा और दर्द का मिला-जुला भाव है। पोस्टर में सबसे ध्यान खींचने वाला हिस्सा एक ऐसा हथियार है जिसे वह अपने हाथ से रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस हथियार के ऊपर कांटेदार तार लिपटा हुआ है और उस पर खून के निशान भी दिखाई देते हैं। वहीं, बैकग्राउंड को धुएं और धूल से भरा हुआ दिखाया गया है; इसमें कुछ सैनिक हथियार के साथ दौड़ते नजर आ रहे हैं। इस पोस्टर का माहौल युद्ध जैसा महसूस होता है।

सलमान खान ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस', यानी युद्ध का अंत हो और शांति कायम रहे। फिल्म में सलमान खान कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो 16 बिहार रेजिमेंट का नेतृत्व करते हुए लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल पर स्थिति संभालते हैं। वहीं उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा, अभिनेता अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी फिल्म में अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

कान्ये वेस्ट का नई दिल्ली शो टला, अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण बदली तारीख

दुनिया भर में मशहूर संगीत कलाकारों के कॉन्सर्ट का इंतजार फैंस बड़ी बेसब्री से करते हैं। जब कोई अंतरराष्ट्रीय कलाकार भारत में परफॉर्म करने वाला होता है, तो उत्साह और भी ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसा ही उत्साह अमेरिकी रैपर कान्ये वेस्ट के नई दिल्ली में होने वाले शो को लेकर है, लेकिन अब इस शो को टाल दिया गया है और मई 2026 को तय करने की बात कही जा रही है। फैंस कान्ये वेस्ट के कॉन्सर्ट का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, लेकिन आयोजकों का कहना है कि यह फैसला सुरक्षा और मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

रैपर कान्ये वेस्ट ने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए नई दिल्ली में होने वाला शो अब 23 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में इस समय राजनीतिक और सैन्य तनाव बढ़ा हुआ है, इसलिए आयोजकों ने यह फैसला लिया है कि शो को कुछ समय के लिए आगे बढ़ा दिया जाए। अपने पोस्ट में कान्ये वेस्ट ने कहा कि सबसे बड़ी प्राथमिकता फैंस और पूरी टीम की सुरक्षा है। उन्होंने खासतौर पर उन लोगों का जिक्र किया जो अलग-अलग देशों से भारत आकर इस कॉन्सर्ट को देखने की योजना बना रहे थे। जिन लोगों ने पहले ही टिकट खरीद लिए हैं, उनकी टिकट नई तारीख के लिए मान्य रहेंगी और उन्हें फिर से टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही उन्होंने अपने फैंस का धन्यवाद भी किया और कहा कि वे उनकी समझदारी और समर्थन की सराहना करते हैं।

दरअसल, यह फैसला ऐसे समय में आया है जब दुनिया के कई हिस्सों में राजनीतिक और सैन्य तनाव तेजी से बढ़ रहा है। खबरों के मुताबिक हाल ही में अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमला किया, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव काफी बढ़ गया है और कई देशों में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। इसी वजह से कई अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों और यात्राओं पर भी असर पड़ रहा है। आयोजकों का मानना है कि जब तक हालात थोड़े स्थिर नहीं हो जाते, तब तक बड़े स्तर के आयोजनों को टालना ही बेहतर है। इसलिए नई दिल्ली में होने वाले कान्ये वेस्ट के कॉन्सर्ट की तारीख भी आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया।


'हैलो बच्चों' के लिए विनीत कुमार के फैन बने मनोज बाजपेयी

मनोरंजन जगत में अक्सर स्टार्स एक-दूसरे के काम की तारीफ कर प्रोत्साहन देते हैं। ऐसा ही कुछ सोमवार को देखने को मिला, जब अभिनेता मनोज बाजपेयी ने विनीत कुमार सिंह की वेब सीरीज 'हैलो बच्चों' में उनके शानदार अभिनय की तारीफ की। अभिनेता मनोज बाजपेयी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर 'हैलो बच्चों' का एक क्लिप पोस्ट किया। अभिनेता ने तारीफ करते हुए लिखा, "विनीत कुमार और 'हैलो बच्चों' की पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं। यह एक प्रेरणादायक और दिल को छू लेने वाली कहानी है। इस शो को दर्शकों का लगातार प्यार मिलता रहे, यही मेरी कामना है।"

6 मार्च को रिलीज हुई सीरीज 'हैलो बच्चों' के ओटीटी पर स्ट्रीम होने के बाद दर्शकों से भी जमकर सराहना मिल रही है। पांच एपिसोड वाली यह वेब सीरीज 'द वायरल फीवर' की ओर से बनाई गई है। सीरीज मशहूर एडटेक 'फिजिक्सवाला' के संस्थापक अलख पांडे के संघर्ष और सफलता की सच्ची कहानी पर आधारित है। सीरीज में अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई है। इसके अलावा, सीरीज में विक्रम कोचर और गिरिजा ओक गोडबोले भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज अलख पांडे (विनीत कुमार सिंह) और उनके साथी प्रतीक माहेश्वरी (विक्रम कोचर) के 'फिजिक्सवाला' के निर्माण, वित्तीय चुनौतियों और छात्रों को सस्ती कोचिंग उपलब्ध कराने के संघर्ष को दिखाती है।

वहीं, सीरीज का नाम 'हैलो बच्चों' इसलिए रखा गया है क्योंकि जब अलख पांडे अपनी क्लास शुरू करते हैं, तो वे इंट्रो में 'हैलो बच्चों' ही बोलते हैं। इस सीरीज के जरिए निर्देशक ने उन बच्चों के संघर्ष को भी उजागर किया है, जो महंगी कोचिंग के चलते अपने सपनों को पूरा करने से पीछे हट जाया करते थे। सीरीज में दिखाया गया है कि कैसे प्रयागराज में रहने वाला एक साधारण टीचर ऑनलाइन एजुकेशन के जरिए लाखों बच्चों तक मुफ्त और क्वालिटी पढ़ाई पहुंचाता है। इस सीरीज में संघर्ष, सपने, परिवार और शिक्षा की अहमियत को भावुक तरीके से दिखाया गया है।

जन्मदिन पर राजपाल ने बताया अपनी जिंदगी का 'असली मकसद'

शाहजहांपुर जिले से निकलकर हिंदी सिनेमा के कॉमेडी किंग बनने का सफर तय करते हुए राजपाल यादव आज बड़े अभिनेता बन चुके हैं। किसी को नहीं पता था कि 'शूल' में कुली का किरदार निभाने वाले राजपाल पर्दे पर सिर्फ हंसाने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि 'मैं माधुरी बनना चाहती हूं' जैसे फिल्मों से फैंस को रुलाना भी जानते हैं। अभिनेता के लिए आज का दिन बेहद खास है क्योंकि आज उनका जन्मदिन है। अपने 55वें जन्मदिन पर अभिनेता ने अपनी जिंदगी के मकसद फैंस के साथ साझा किए हैं और फैंस को ढेर सारा प्यार देने के लिए शत-शत नमन भी किया है। 13 दिन जेल में काटकर बाहर आए अभिनेता के लिए कुछ समय मुश्किलों से भरा रहा, लेकिन अब वे वापस काम पर लौट चुके हैं। काम के बीच मिल रही जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं पाकर अभिनेता बहुत खुश है, और उन्होंने ठान लिया है कि वे जब तक काम करेंगे, तब तक अपने प्रिय दर्शकों को कॉमेडी के जरिए सेहत और मनोरंजन दोनों देने की कोशिश करेंगे। अभिनेता ने पहले सोचा कि वे अपने परिवार और फैंस से जन्मदिन पर क्या खास तोहफा मांग सकते हैं, लेकिन असीम प्यार को देखकर उनका मन भर आया है।

राजपाल यादव ने वीडियो शेयर कर फैंस को इतना सारा प्यार देने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा, "प्यार के साथ जितना सपोर्ट फैंस ने दिया है, जिसके लिए बचपन से लेकर 55 किलो के इस शरीर की तरफ से बहुत-बहुत धन्यवाद। आंखों में अर्थपूर्ण अंजन लगे और सभी शरीर को, चाहे वो बच्चे हों या बुजुर्ग, मनसुख रूपी मनोरंजन मिले।" उन्होंने आगे कहा कि वे आज भी बिजी हैं और अपना कर्म हमेशा करते रहेंगे, क्योंकि जो कुछ मिला है, वो फैंस की बदौलत ही मिला है। बता दें कि अभिनेता ने 5 साल लगातार अलग-अलग प्रशिक्षण संस्थानों में अभिनय की बारीकियों को सीखा और फिर नाटकों से अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन फिल्म 'जंगल' ने अभिनेता को सिनेमा में पहचान दिलाई। यह फिल्म उन्हें खुद राम गोपाल वर्मा ने ऑफर की थी। इस दिन के बाद आज तक अभिनेता अपनी बहुमुखी प्रतिभा के साथ फैंस को एंटरटेन कर रहे हैं।


हितेन तेजवानी को अब समझ आई जिंदगी में संतुलन की अहमियत

टीवी इंडस्ट्री की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखाई देती है, उसके पीछे उतनी ही मेहनत और संघर्ष छिपा होता है। कलाकारों को लगातार शूटिंग करनी पड़ती है और कई बार दिन-रात काम करना पड़ता है। इस कड़ी में टीवी अभिनेता हितेन तेजवानी ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपने करियर के शुरुआती सालों की मेहनत और आज के बदले हुए नजरिए के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी था, जब वह 24 घंटे में करीब 18 से 19 घंटे तक काम किया करते थे। आईएएनएस से बात करते हुए हितेन तेजवानी ने अपने पुराने दिनों को याद किया और कहा, ''टीवी इंडस्ट्री में शुरुआत के समय मेरा पूरा ध्यान सिर्फ काम पर ही रहता था। उस समय मैं लगातार शूटिंग में बिजी रहता था, नींद के लिए बहुत कम समय मिल पाता था और बाकी किसी चीज के बारे में सोचने का समय भी नहीं होता था। कई बार तो ऐसा होता था कि मैं 24 घंटे में 18 से 19 घंटे तक लगातार काम करता रहता था और मुश्किल से कुछ घंटे ही सो पाता था।''

हितेन ने कहा, ''उस समय मेरे अंदर काम को लेकर जबरदस्त जुनून था। मैं सिर्फ यही सोचता था कि मैं अपने काम को और बेहतर कैसे करूं। वही मेहनत और लगातार काम करने का जज्बा मुझे आज इस मुकाम तक लेकर आया है। अगर मैंने उस समय इतनी मेहनत न की होती, तो शायद आज मैं यहां तक नहीं पहुंच पाता और इतने लंबे समय तक इंडस्ट्री में टिक भी नहीं पाता।'' अभिनेता ने कहा, ''समय के साथ इंसान का नजरिया बदलता है। दो दशक से ज्यादा समय तक इंडस्ट्री में काम करने के बाद अब मुझे यह महसूस होता है कि जिंदगी में सिर्फ काम ही सब कुछ नहीं होता। लंबे समय तक लगातार काम करने के बाद एक ऐसा दौर आता है, जब इंसान को संतुलन की अहमियत समझ आने लगती है। अब मैं कोशिश करता हूं कि काम के घंटे सीमित हों, ताकि मुझे आराम और परिवार के लिए भी पर्याप्त समय मिल सके।''

हितेन ने कहा, ''आज मैं अपने काम को पूरी ईमानदारी और मेहनत से करता हूं, लेकिन साथ ही यह भी ध्यान रखता हूं कि जीवन के दूसरे पहलुओं को नजरअंदाज न करूं। परिवार के साथ समय बिताऊं, आराम करूं और मानसिक शांति बनाए रखूं, क्योंकि यह उतना ही जरूरी है, जितना कि पेशेवर सफलता हासिल करना।'' बातचीत के दौरान उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले नए कलाकारों को भी सलाह दी। हितेन ने कहा, ''जो लोग इस इंडस्ट्री में आना चाहते हैं, उन्हें सबसे पहले अपने आप को समझना चाहिए। उन्हें यह जानना चाहिए कि उनकी ताकत क्या है और उनकी कमजोरियां क्या हैं। जब इंसान अपनी कमजोरियों को पहचान लेता है, तभी वह उन्हें सुधारने की दिशा में काम कर सकता है और खुद को बेहतर बना सकता है।''

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia