सिनेजीवनः सलमान का इंस्टाग्राम कुछ देर के लिए हुआ बंद और मीनाक्षी शेषाद्रि करेंगी अभिनय की दुनिया में वापसी
अभिनेत्री करिश्मा कपूर अपकमिंग वेब सीरीज 'ब्राउन' में एक बिल्कुल नए और पहले से अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। अभिनेता आशुतोष राणा और अभिनेत्री रेणुका शहाणे, सोमवार को शादी की 25वीं सालगिरह मना रहे हैं।

सलमान का इंस्टाग्राम प्रोफाइल कुछ देर के लिए हुआ बंद
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। दरअसल, सोमवार को अचानक सलमान खान का इंस्टाग्राम प्रोफाइल कुछ समय के लिए गायब हो गया, जिसके बाद फैंस के बीच हलचल मच गई। सोशल मीडिया पर लोग लगातार यह जानने की कोशिश करते रहे कि आखिर अभिनेता का अकाउंट अचानक डीएक्टिवेट कैसे हो गया। जब लोग सलमान खान की इंस्टाग्राम प्रोफाइल खोलने की कोशिश कर रहे थे, तब स्क्रीन पर 'यह पेज उपलब्ध नहीं है' जैसा मैसेज दिखाई दे रहा था। इससे कई लोगों को लगा कि शायद अभिनेता ने अपना अकाउंट बंद कर दिया है। हालांकि, थोड़ी देर बाद उनकी प्रोफाइल पहले की तरह दिखाई देने लगी।
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह तकनीकी खराबी थी, अकाउंट को थोड़ी देर के लिए बंद किया गया था या फिर किसी ने हैक करने की कोशिश की थी। इस मामले में सलमान खान या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन, सोशल मीडिया पर फैंस और यूजर्स कई तरह की बातें कर रहे हैं।
बता दें कि सलमान खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। इंस्टाग्राम पर उनकी काफी बड़ी फैन फॉलोइंग है। उनके 72 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जो उनकी हर पोस्ट और अपडेट का बेसब्री से इंतजार करते हैं। यह पूरा मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब कुछ दिन पहले ही सलमान ने मीडिया और फोटोग्राफर्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। सलमान खान हिंदुजा अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें देखकर पैपराजी ने उनकी अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि' चिल्लाना शुरू कर दिया। इस शोर से सलमान भड़क गए और नाराजगी जताई। उन्होंने पैपराजी को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खरी-खोटी भी सुनाई थी। उन्होंने कहा था, ''60 साल को हो गया हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला। ये याद रख लेना।''
'ब्राउन' में करिश्मा कपूर का सबसे डार्क और दमदार रोल
ओटीटी की दुनिया में कई बड़े फिल्मी सितारे नए और चुनौतीपूर्ण किरदारों के साथ वापसी कर रहे हैं। अब बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर एक बिल्कुल नए और पहले से अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। उनकी अपकमिंग वेब सीरीज 'ब्राउन' का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी। जी5 की इस नई वेब सीरीज में करिश्मा कपूर एक सख्त पुलिस अधिकारी के किरदार में दिख रही हैं। यह किरदार उनके अब तक के करियर से काफी अलग है।
टीजर में उनके अंदाज से साफ है कि यह कहानी सिर्फ साधारण अपराध जांच पर आधारित नहीं है, बल्कि इसमें कई मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक परतें भी जुड़ी हुई हैं। इस सीरीज की कहानी कोलकाता शहर की है, जहां माहौल रहस्यमय है। करिश्मा कपूर इसमें 'रीटा ब्राउन' नाम की पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रही हैं, जो कोलकाता पुलिस फोर्स में काम करती हैं। कहानी थ्रिल से भरी हुई है, जो दर्शकों को एक अलग तरह का अनुभव देने का वादा करती है।
करिश्मा कपूर लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने अलग-अलग दौर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। 90 के दशक में वह बॉलीवुड की प्रमुख हीरोइनों में शामिल थीं, लेकिन समय के साथ उन्होंने अपने अभिनय में बदलाव लाते हुए नए प्लेटफॉर्म और नई कहानियों को अपनाया है। 'ब्राउन' उनके करियर में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है, क्योंकि इसमें वह एक बेहद गंभीर और मानसिक रूप से संघर्ष करती हुई पुलिस अफसर की भूमिका निभा रही हैं।
इस वेब सीरीज का निर्देशन अभिनय देव ने किया है। उन्होंने कहानी को नियो-नोयर साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर के रूप में तैयार किया है। टीजर से साफ है कि सीरीज में अपराध की जांच के साथ-साथ मुख्य किरदार की निजी जिंदगी और मानसिक संघर्ष भी कहानी का अहम हिस्सा होगा। टीजर में करिश्मा कपूर का लुक भी काफी बदला हुआ दिखाई देता है। वह ज्यादा रफ, सादा और गंभीर रूप में नजर आ रही हैं। उनका यह नया अवतार दर्शकों के लिए काफी चौंकाने वाला है। उनके चेहरे के एक्सप्रेशन, उनकी बॉडी लैंग्वेज और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस कमाल के हैं।
मीनाक्षी शेषाद्रि करेंगी अभिनय की दुनिया में वापसी
हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि अभिनय की दुनिया में एक बार फिर से कदम रखने जा रही हैं। सोमवार को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए न सिर्फ अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया बल्कि फिल्म मेकर्स के सामने काम करने की इच्छा भी जाहिर की। मीनाक्षी शेषाद्रि ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर भावुक संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, "मैं आप सभी के प्यार, हौसले और लगातार मिल रहे समर्थन के लिए तहेदिल से धन्यवाद देती हूं। 30 साल लंबे सफर के बाद मैं अपनी कर्मभूमि मुंबई वापस आ गई हूं। एक बार फिर, पूरी उम्मीद है कि जुनून और सकारात्मक सोच के साथ मैं मनोरंजन की दुनिया में कदम रख रही हूं।"
अभिनेत्री ने बातचीत में यह भी स्पष्ट किया कि वे अब अच्छे और अर्थपूर्ण काम के अवसरों का इंतजार कर रही हैं। किरदारों को लेकर अपनी पसंद बताते हुए उन्होंने कहा, "चाहे मुख्य भूमिका में हो, सहायक किरदार या फिर कोई छोटा सा रोल, मेरे लिए सबसे जरूरी यह है कि वह प्रभावशाली हो। फिल्में हों या ओटीटी शो, मैं ऐसे किरदार निभाना चाहती हूं, जो मुझे एक कलाकार के रूप में चुनौती दें।" अभिनेत्री ने बताया कि उनके पास रोल को अच्छे से करने के लिए कई ऑफर आए लेकिन कुछ खास नहीं थे और कुछ पर बात आगे नहीं बढ़ पाई। खास बात यह है कि वे फिलहाल बिना किसी पीआर या टैलेंट एजेंसी के अपने दम पर काम के नए रास्ते तलाश रही हैं।
उन्होंने कहा, "ऐसे समय में आपका साथ और समर्थन मेरे लिए बहुत मायने रखता है। हालांकि मेरा ठिकाना भारत में है लेकिन मैं अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने अमेरिका भी जाती रहती हूं और कभी-कभी दूसरी जगहों की यात्रा भी करती हूं।" उन्होंने कहा, "मेरे प्यारे दोस्तों, मैं यहां किसी को कुछ साबित करने नहीं आई हूं। मैं सिर्फ अपने परिवार के प्यार और हौसले के साथ वही कर रही हूं, जिससे मुझे सच में खुशी मिलती है। अपने सभी चाहने वालों से मेरी बस यही गुजारिश है कि आप मुझे इसी तरह प्यार और समर्थन देते रहें, अपनी राय देते रहें और मेरा हौसला बढ़ाते रहें। आपका भरोसा और आशीर्वाद मुझे हर दिन आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।"
आशुतोष राणा और रेणुका शहाणे की शादी के 25 साल पूरे
अभिनेता आशुतोष राणा और अभिनेत्री रेणुका शहाणे, सोमवार को शादी की 25वीं सालगिरह मना रहे हैं। इस अवसर पर, अभिनेता ने अपनी पत्नी के साथ बिताए गए पुराने पलों को फिर से याद किया। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर पत्नी संग बिताए गए खास पलों की तस्वीरें शेयर कीं। इसके साथ, उन्होंने रेणुका शहाणे के लिए मन के भाव शब्दों के जरिए बयां करते हुए कहा कि अच्छा वक्त जल्दी बीत जाता है और उसका एहसास नहीं होता है। उन्होंने लिखा, "आनंदपूर्ण समय तेजी से बीत जाता है, उसके गुजरने का पता ही नहीं चलता, लगता है जैसे कल की बात थी। देखते ही देखते आज मेरे और परमप्रिय रेणुका जी के विवाह के 25 वर्ष पूर्ण हो गए।"
उन्होंने पत्नी रेणुका शहाणे की तारीफ करते हुए बताया, "आदरणीय रेणुका जी के साथ बीते 25 वर्षों के अनुभव के आधार पर कहता हूं कि विवाह एक दूसरे के व्यक्तित्व को बदलने का नहीं बल्कि एक दूसरे के व्यक्तित्व को बढ़ाने, परिष्कृत करने का कार्य करता है। सुखी वैवाहिक जीवन के लिए पति पत्नी का एक दूसरे के लिए मात्र प्रेम ही नहीं अपितु परस्पर सम्मान भी आवश्यक होता है। विवाह एक दूसरे के निस्तार और विस्तार में सहायक होने वाली दिव्य घटना है जो स्त्री और पुरुष को यह समझाने में सहायक होती है कि आधी दुनिया आपकी और आधी दुनिया आपकी। दांव लगाना सीख लो तो सारी दुनिया आपकी॥"
उन्होंने आगे लिखा, "जिस स्थान पर दो नदियां आपस में मिलती हैं, जहां उनका संगम होता है, वह स्थान पवित्र तीर्थ माना जाता है। वैसे ही वर्णाश्रम व्यवस्था में गृहस्थाश्रम भी तीर्थ की भांति होता है, क्योंकि विवाह के पश्चात दो भिन्न चेतनाएं अग्नि को साक्षी मानकर एक दूसरे से सदा के लिए अभिन्न हो जाती हैं, और उनका द्वैत भाव समाप्त होकर अद्वैत में रूपांतरित हो जाता है।" अपनी बात को खत्म करते हुए उन्होंने लिखा, "परमपूज्य गुरुदेव भगवान दद्दाजी की कृपा, माता-पिता, परिजनों के आशीर्वाद एवं स्नेही मित्रों की शुभकामना-सद्भावना ही हमारे जीवन का आधेय है। मैं उस परमसत्ता के प्रति अनुग्रह के भाव से भरा हुआ हूं जिसने मुझे और परमप्रिय रेणुका जी को अपनी जीवन यात्रा में एक दूसरे का सहगामी, अनुगामी और अग्रगामी बनने का अवसर प्रदान किया।"
'कॉकटेल 2' का पहला रोमांटिक ट्रैक 'तुझको' आउट
अभिनेता शाहिद, रश्मिका और कृति सेनन स्टारर फिल्म 'कॉकटेल 2' का नया गाना 'तुझको' सोमवार को रिलीज कर दिया गया। यह एक सोलफुल और भावुक रोमांटिक ट्रैक है। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने गाने को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "बहुत सारे प्यार और भावनाओं से भरा यह खूबसूरत गाना दिल को छू लेने वाला है।" उन्होंने आगे लिखा, "मुझे यह गाना बेहद पसंद आया और उम्मीद है कि आप सभी को भी यह उतना ही पसंद आएगा।"
गाने में शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना की फ्रेस केमिस्ट्री देखने को मिलती है। स्क्रीन पर दोनों की केमिस्ट्री बेहद सहज, सुंदर और प्रभावशाली नजर आ रही है। यह कोई लाउड पार्टी सॉन्ग नहीं है बल्कि पूरा फोकस रोमांस, इमोशंस और सिनेमैटिक एक्सपीरियंस पर रखा गया है। गाने के खूबसूरत विजुअल्स और सुरीली धुन दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है। हालांकि, इससे पहले गाने का टीजर भी रिलीज किया गया था, जिसने फैंस के प्रति गाने और फिल्म को लेकर उत्सुकता जाहिर की थी। अब पूरा रिलीज करने के बाद इसे दर्शकों और म्यूजिक लवर्स की ओर से जबरदस्त सराहना मिल रही है। अपनी शानदार मेलोडी की वजह से यह गाना धीरे -धीरे लोगों की प्लेलिस्ट का हिस्सा बन रहा है।
गाने को अरिजीत सिंह और सुनिधि चौहान ने अपनी शानदार आवाज में गाया है, जबकि अमिताभ भट्टाचार्या ने इसके लिरिक्स लिखे हैं और प्रीतम चक्रवर्ती ने इसका संगीत तैयार किया है। मेकर्स ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाते हुए गाने के आखिरी में कृति सेनन का सीन भी रखा है। पूरे गाने में रश्मिका और शाहिद के बीच खास बॉन्ड देखने को मिलता है लेकिन इसके आखिरी में कृति सेनन की एंट्री होती है, जिससे लव ट्राएंगल का ट्विस्ट आता है। 'कॉकटेल 2' साल 2012 की सुपरहिट रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'कॉकटेल' का सीक्वल है। आधुनिक रिश्तों और भावनात्मक उलझनों पर आधारित इस फिल्म में एक नया और दिलचस्प लव-ट्रायंगल देखने को मिलेगा। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं और यह 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
