सिनेजीवन: फवाद खान की 'अबीर गुलाल' पर पहलगाम हमले का साया, जहां बरसीं गोलियां वो हमेशा रहा फिल्ममेकर्स की पसंदीदा लोकेशन
फवाद खान की फिल्म 'अबीर गुलाल' 9 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। लेकिन आतंकी हमले से गुस्साए लोग उनकी फिल्म का बहिष्कार करने की अपील कर रहे हैं।

'अबीर गुलाल' पर पहलगाम आतंकी हमले का फवाद खान की साया
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर देशभर के लोगों में गुस्सा है। पाकिस्तान सरकार ने इस हमले में हुई जानमाल की हानि पर चिंता व्यक्त की, लेकिन इसे 'आतंकवादी कृत्य' बताने या इसकी निंदा करने से परहेज किया। पड़ोसी मुल्क की इस प्रतिक्रिया के बाद लोगों का गुस्सा अब पाकिस्तानी कलाकारों पर फूट रहा है। इस कड़ी में लोग अब पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान की फिल्म 'अबीर गुलाल' को बैन करने की मांग कर रहे हैं।
फिल्म 9 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। लेकिन आतंकी हमले से गुस्साए लोग उनकी फिल्म का बहिष्कार करने की अपील कर रहे हैं। एक यूजर ने अपने ट्वीट में लिखा- 'क्या हम अभी भी भारत में पाकिस्तानी कलाकार की फिल्म 'अबीर गुलाल' को रिलीज होने देंगे?'
वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा- 'अबीर गुलाल को भारत में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।'
एक अन्य यूजर ने लिखा- 'पाकिस्तानी कलाकारों की फिल्मों को बायकॉट करिए। एक तरफ ये हमारे लोगों को मार रहे हैं और दूसरी तरफ बॉलीवुड इनके साथ फिल्में बना रहा है।'
'अबीर गुलाल' एक रोमांटिक क्रॉस बॉर्डर फिल्म है। इसमें सीमा पार की लवस्टोरी को दिखाया गया है। फिल्म में फवाद खान के अपोजिट वाणी कपूर हैं।
जहां बरसीं गोलियां उसे कहा जाता है 'मिनी स्विट्जरलैंड', हमेशा रहा फिल्ममेकर्स की पसंदीदा लोकेशन
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसारन में 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ। इस भयावह हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। घने जंगलों, नदियों और घास के लंबे मैदानों के चलते यह इलाका बॉलीवुड की पसंदीदा लोकेशन में से एक रहा है। एक मुसाफिर एक हसीना, कश्मीर की कली, जंगली जैसी फिल्में 50-60 के दशक में शूट हुईं तो आंतक के साए तले भी शूटिंग हुई। 21 वीं सदी भी बॉलीवुड के धुरंधरों की पसंदीदा जगह बना रहा।
आखिर कौन सी हैं ये फिल्में, जिन्हें पहलगाम की खूबसूरत वादियों में शूट किया गया? चलिए आपको बताते हैं-
जब तक है जान- शाहरुख खान, कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा स्टारर फिल्म 'जब तक है जान' के कई सीन पहलगाम के खूबसूरत वादियों के बीच शूट किए गए। इस फिल्म में शाहरुख ने आर्मी ऑफिसर समर आनंद का किरदार निभाया। वहीं अनुष्का शर्मा बिंदास गर्ल अकीरा राय की भूमिका में नजर आईं, जो डॉक्युमेंट्री बनाने आई हैं। एक्ट्रेस के चुलबले किरदार को बखूबी समझाने के लिए फिल्म में 'जिया जिया रे' गाना जोड़ा गया और इस गाने की शूटिंग पहलगाम में की गई।
राजी- आलिया भट्ट और विक्की कौशल की फिल्म 'राजी' के कई सीन भी पहलगाम में शूट किए गए। इस फिल्म में विक्की पाकिस्तानी आर्मी ऑफिसर इकबाल के रोल में नजर आए। वहीं आलिया ने कश्मीरी लड़की सहमत की भूमिका निभाई, जो दिल्ली में पढ़ाई करती है और पिता की तबीयत खराब होने के चलते वापस कश्मीर आती हैं। उनके पिता इंडियन इंटेलिजेंस में एजेंट हैं और यही जिम्मेदारी अपनी बेटी को सौंपना चाहते हैं। जिसके बाद उनकी शादी इकबाल से करा दी जाती है। उनकी विदाई के सीन की शूटिंग पहलगाम के पास दूधपथरी इलाके में हुई थी।
हैदर- विशाल भारद्वाज की 'हैदर' के कई सीन भी पहलगाम में फिल्माए गए। फिल्म में शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर लीड रोल में हैं। फिल्म के बिस्मिल सॉन्ग की शूटिंग मार्तंड सूर्य मंदिर में की गई, जो अनंतनाग से पहलगाम के बीच रास्ते में पड़ता है। इसके अलावा, फिल्म के क्लाइमेक्स की शूटिंग भी पहलगाम में की गई है।
बजरंगी भाईजान- सलमान खान की सुपरहिट फिल्म 'बजरंगी भाईजान' के कई सीन पहलगाम में शूट किए गए। हिट सॉन्ग 'भर दे झोली मेरी' बैसारन घाटी में हुई थी। फिल्म की कहानी सलमान और हर्षाली के किरदार मुन्नी के इर्द-गिर्द घूमती है। इसकी कहानी एसएस राजामौली के पिता केवी विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी थी। फिल्म में एक ऐसी बच्ची की कहानी है, जो पाकिस्तान में अपने परिवार से बिछड़कर हिंदुस्तान में आ जाती है। यह दर्शकों को भावुक कर देने वाली फिल्म है।
हाईवे- इम्तियाज अली की फिल्म 'हाईवे' के सेकंड पार्ट में वीरा और ट्रक ड्राइवर महाबीर कश्मीर पहुंचते हैं। एक घर में रहते हैं। उन वादियों में जीवन जीने की कोशिश करते हैं जो खूबसूरत और हरी-भरी हैं। ये पहलगाम से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित अरु घाटी थी।
प्रियंका चोपड़ा और शाहरुख खान ने की पहलगाम आतंकी हमले की निंदा
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले का पूरा देश इस हमले की निंदा कर रहा है। सोशल मीडिया पर आम लोग हों या फिर बॉलीवुड हस्तियां सब इस कायराना हरकत की मजम्मत कर रहा है। तमाम सेलेब्स के बीच ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और किंग खान का भी हमले पर रिएक्शन सामने आया है। प्रियंका और शाहरुख ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर हमले की निंदा की है और इसमें जान गंवाने वाले परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताई हैं।
प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा- ''पहलगाम में जो हुआ, वह निंदनीय है। लोग वहां छुट्टियां मनाने, हनीमून मनाने, अपने परिवार के साथ सेलिब्रेट करने आए थे। वे बस कश्मीर की खूबसूरती का लुत्फ उठा रहे थे। कई मासूम लोगों की जान उस तूफान में फंस गई, जिसकी उन्होंने कभी उम्मीद भी नहीं की थी। अपनों के सामने ही उन्हें निशाना बनाया गया। यह ऐसी घटना नहीं है जिसे हम भूलकर आगे बढ़ सकें। यह हमें लंबे समय तक परेशान करेगी। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस हमले से प्रभावित हुए हैं।''
शाहरुख खान ने लिखा- ''पहलगाम में हुई हिंसा पर दुख और गुस्से को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। ऐसे समय में, हम केवल भगवान से पीड़ित परिवारों के लिए प्रार्थना कर सकते हैं और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर सकते हैं। हम एक राष्ट्र के रूप में एकजुट होकर मजबूत बनें।''
प्रियंका के अलावा, आलिया भट्ट ने भी पहलगाम हमले पर अपना दुख व्यक्त किया है। आलिया ने अपने इंस्टा पोस्ट में लिखा- ''पहलगाम से आई खबर दिल दहला देने वाली है। निर्दोष लोगों की जान चली गई। टूरिस्ट, परिवार और वहां गए लोग बस उस खूबसूरती को जी रहे थे, सुकून की तलाश में थे, जिंदगी जी रहे थे, लेकिन अब उनकी जिंदगी में सिर्फ दुख है। हर बार जब ऐसा कुछ होता है, तो यह हमारी इंसानियत को जैसे खत्म कर देता है। इस हमले में मारे गए लोगों की आत्मा को भगवान शांति दे।''
वहीं, अनुष्का शर्मा ने भी इंस्टा पोस्ट किया और लिखा, ''कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हुए भयावह आतंकी हमले के बारे में सुनकर दिल टूट गया। उनके परिवारों के प्रति संवेदनाएं। यह बेहद दर्दनाक हमला है जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकेगा।''
'होटल मुंबई' से 'ब्लैक फ्राइडे' तक, इन फिल्मों में दिखा आतंकवाद का घिनौना चेहरा
पहलगाम आतंकी हमले पर देश स्तब्ध है और लोग निःशब्द हैं। हर आम और खास इस शर्मनाक हरकत की निंदा कर रहा है। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री भी गुस्से में है। वह इंडस्ट्री जिसने आतंक के घिनौने चेहरे को समय-समय पर उजागर किया। आतंकवाद पर बनी फिल्मों की सूची में ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ है तो ‘ब्लैक फ्राइडे’ भी है।
‘उरी द सर्जिकल स्ट्राइक’ साल 2019 में रिलीज हुई। इसकी कहानी सत्य घटना पर आधारित है। फिल्म भारत सरकार के पाकिस्तान पर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित है। फिल्म में विक्की कौशल, परेश रावल, यामी गौतम, मोहित रैना और कीर्ति कुल्हारी मुख्य भूमिकाओं में हैं। उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक का निर्देशन आदित्य धर ने किया था और निर्माण रोनी स्क्रूवाला ने किया। जम्मू और कश्मीर के पुलवामा अटैक पर हुए आतंकी हमले के पलटवार सर्जिकल स्ट्राइक पर बनी फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसका डायलॉग 'जोश हाई है' आज भी हिट है और कइयों का जोश बढ़ाता है।
‘होटल मुंबई’ साल 2018 में रिलीज हुई थी। एंथनी मरास के निर्देशन में बनी फिल्म भारत के ताज पैलेस होटल में 2008 के मुंबई हमलों पर बनी 2009 की डॉक्यूमेंट्री सर्वाइविंग मुंबई से प्रेरित है। फिल्म में अनुपम खेर, देव पटेल, आर्मी हैमर, नाजनीन बोनादी, सुहैल नायर, नागेश भोसले समेत अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
कबीर खान के निर्देशन में बनी ‘फैंटम’ का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है। 2015 में रिलीज हुई फिल्म लेखक हुसैन जैदी की किताब मुम्बई अवेंजर्स से प्रेरित है। 26/11 के मुंबई हमले पर आधारित फिल्म की मुख्य भूमिका में सैफ अली खान और कटरीना कैफ हैं।
मुंबई हमले के पांच साल बाद 2013 में आई थी फिल्म ‘द अटैक्स ऑफ 26/11’, जिसका रामगोपाल वर्मा ने निर्देशन किया था। साल 2008 में हुए मुंबई हमले पर आधारित फिल्म में नाना पाटेकर के साथ अतुल कुलकर्णी समेत अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म में आतंकी कसाब का किरदार संजीव जायसवाल ने निभाया था। फिल्म के जरिए बताने की कोशिश की गई कि किस तरह से आतंकियों ने मुंबई में हमले के लिए प्रवेश किया और घटना को कैसे अंजाम दिया था।
साल 2004 में आई थी अनुराग कश्यप की ‘ब्लैक फ्राइडे’। फिल्म का निर्देशन करने के साथ ही इसकी कहानी भी कश्यप ने ही लिखी है। 1993 के बॉम्बे बम ब्लास्ट पर लिखी हुसैन जैदी की किताब ‘ब्लैक फ्राइडे: द ट्रू स्टोरी ऑफ द बॉम्बे बम ब्लास्ट’ पर आधारित है। यह फिल्म उन घटनाओं की पड़ताल करती है, जिसके कारण बम धमाके हुए। फिल्म का निर्माण अरिंदम मित्रा ने किया, जिसमें पवन मल्होत्रा, केके मेनन, आदित्य श्रीवास्तव, किशोर कदम और दिवंगत जाकिर हुसैन मुख्य भूमिकाओं में हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia