फिल्म निर्माता हंसल मेहता ने कहा, श्रीदेवी के साथ काम न करने का हमेशा रहेगा मलाल 

फिल्म निर्माता हंसल मेहता ने कहा कि मुझे हमेशा मलाल रहेगा कि मैंने किसी फिल्म को लेकर श्रीदेवी से कोई बात नहीं की और उनके साथ फिल्म नहीं बना सका। लेकिन मैं उन पर एक फिल्म बनाऊंगा।

फोटो: सोशल मीडिया 
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

फिल्म निर्माता हंसल मेहता का कहना है कि दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के साथ काम करने का उनका सपना मन में ही रह गया और यह मलाल उन्हें जिंदगी भर रहेगा। हालांकि उन्होंने श्रीदेवी पर एक फिल्म बनाने का फैसला किया है और उनका कहना है कि इसके लिए वह विद्या बालन से बात कर सकते हैं।

पिछले महीने श्रीदेवी के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर हर कोई स्तब्ध रह गया था। मेहता ने ट्विटर पर शोक प्रकट करते हुए लिखा था, “कभी कोई दूसरी श्रीदेवी नहीं होगी। एक फिल्म के सिलसिले में मैं उनसे मिलने वाला था। वह फिल्म अब उन्हें समर्पित होगी, अगर इसके लिए एक कलाकार मिल जाए।”

उन्होंने कहा, “मुझे हमेशा मलाल रहेगा कि मैंने उनसे फिल्म को लेकर बात नहीं की और उनके साथ फिल्म नहीं बना सका। लेकिन मैं उन पर एक फिल्म बनाऊंगा”

श्रीदेवी, जिन्होंने 4 साल की उम्र में अभिनय शुरू कर दिया था, उन्हें अपनी सुंदरता से लेकर अपनी खूबसूरत मुस्कान और शानदार नृत्य के साथ ही कई किरदारों में आसानी से ढल जाने की उनकी योग्यता के लिए जाना जाता है।

हंसल मेहता का ध्यान फिलहाल अपनी अगली फिल्म ‘ओमर्टा’ पर है जिसमें राजकुमार राव मुख्य अभिनेता हैं। फिल्म एक ब्रिटिश-पाकिस्तानी आतंकवादी उमर सईद शेख की जिंदगी पर आधारित है।

‘शाहिद’ और ‘अलीगढ़’ जैसी गंभीर फिल्में बनाने वाले हंसल मेहता कहते हैं, “हम फिल्में बनाते हैं क्योंकि हम खुद को चुनौती देना चाहते हैं। हम चुनौतीपूर्ण कहानियां चुनते हैं..यही फिल्म बनाने का मजा है।”

उन्होंने कहा कि फिल्म ‘ओमर्टा’ के जरिए वह एक विचार जागृत करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “मेरा इरादा लोगों को व्यथित करना नहीं है। मेरा इरादा एक विचार जागृत करना है। मेरा इरादा है कि फिल्म देखने के बाद आपकी भावनाएं उमड़ें, आपके मन में सवाल उठें।”

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia