सिनेजीवन: कोरोना काल में मदद के लिए आगे आए ऋतिक, दान दिए 11 लाख और अस्पताल से डिस्चार्ज हुए दिलीप कुमार

COVID-19 के संकट को देखते हुए ऋतिक रोशन ने 11 लाख रुपए की सहायता राशि डोनेट की है और अभिनेता दिलीप कुमार की हालात अब एकदम ठीक है और वह अब घर लौट आए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

अस्पताल से डिस्चार्ज हुए 98 साल के दिलीप कुमार

कोरोना काल के बीच दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों की देख-रेख में उनका इलाज चल रहा है। दिलीप कुमार के हाॅस्पिटल में एडमिट होने की खबर मिलते ही उनके फैंस चिंतित हो गए थे। इसी बीच एक्टर को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। दिलीप कुमार की हालात अब एकदम ठीक है और वह अब घर लौट आए हैं। दिलीप कुमार की पत्नी और एक्ट्रेस सायरा बानो ने बताया कि सबकी दुआ और डॉक्टरों के चलते अब दिलीप कुमार की तबीयत पूरी तरह ठीक है।बता दें कि 98 साल के दिलीप कुमार को दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सायरा बानो ने दिलीप कुमार के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी देते हुए बताया था कि उनके स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत महसूस हुई। अभी उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है। डॉक्टर उनका नियमित रूप से चेकअप कर रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

ICU से वापस नॉर्मल वार्ड में शिफ्ट हुए रणधीर कपूर

दिग्गज एक्टर रणधीर कपूर 29 अप्रैल को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत में सुधार न होने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। वहीं अब एक्टर की हेल्थ को लेकर अच्छी खबर आई है। एक्टर की हालत में पहले से काफी सुधार है। रणधीर कपूर ने खुद अपनी हेल्थ अपडेट दी है। एक वेबसाइट से बात करते हुए एक्टर ने कहा-'मेरी सेहत में पहले से काफी सुधार है। उम्मीद है कि मैं जल्द ही घर चला जाऊंगा। मेरी कोरोना रिपार्ट भी निगेटिव आई है। सांस लेने में भी कोई परेशानी नहीं आ रही है। मुझे सिर्फ बुखार की शिकायत थी।' रणधीर कपूर ने बताया कि उन्होंने कोरोना वैक्सीन की दो डोज ले ली है। कोरोना टेस्ट करवाने पर एक्टर ने कहा कि उन्हें ठंड लग रही थी। इसलिए सावधानी बरतते हुए उन्होंने कोरोना टेस्ट करवाया लेकिन अब वह ठीक है। उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर की भी जरूरत नहीं है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

कोरोना: ऋतिक रोशन ने दिया 11 लाख का डोनेशन

कोरोना वायरस की दूसरी लहर की जंग में बी-टाउऩ स्टार्स भी मदद का हाथ बढ़ा रहे हैं। हर कोई अपनी-अपनी तरह से मदद देनी शुरू कर दी है। अब मददगार बनने की लिस्ट में एक्टर ऋतिक रोशन का नाम भी जुड़ गया है। COVID-19 के संकट को देखते हुए 15 हजार डॉलर लगभग 11 लाख रुपए की सहायता राशि डोनेट की। ऋतिक के अलावा इस डोनेशन में कई हॉलीवुड स्टार्स भी शामिल हुए। इस बात की जानकारी लेखक जय शेट्टी ने दी। उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर बताया कि ऋतिक रोशन के साथ ही हॉलिवुड स्टार्स शॉन मेंडेस, विल स्मिथ, जेमी कर्न लिमा, ब्रेंडन बुर्चर्ड जैसे सेलेब्स ने कुल मिलाकर 3.68 मिलियन डॉलर (लगभग 27 करोड़ रुपए) की सहायता राशि डोनेट की।

सलमान खान ने दुबई में की 'राधे' की अग्रिम बुकिंग की घोषणा

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने रविवार को घोषणा की कि उनकी अगली फिल्म 'राधे : योर मोस्ट वॉन्टेड भाई' की अग्रिम बुकिंग संयुक्त अरब अमीरात में शुरू हो गई है। यह फिल्म 13 मई को ईद के मौके पर विश्व स्तर पर रिलीज होने वाली है। यूएई में रहने वाले अपने फैंस के लिए सलमान ने ट्विटर पर लिखा है, "हैशटैगराधे की एडवांस बुकिंग्स हो गई है शुरू फॉर द यूएई। मिलते हैं थिएटर्स में। सुरक्षित रहें।" सलमान ने इसके साथ ही अपनी फिल्म के पोस्टर को भी ट्वीट किया है, जिसमें वह दिशा पटानी के साथ नजर आ रहे हैं। सलमान पोस्टर में एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। प्रभु देवा द्वारा निर्देशित यह फिल्म कई अन्य देशों में भी बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है, लेकिन भारत में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर इसे फिलहाल सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की कोई संभावना नहीं है। हालांकि फिल्म को डिजिटली देखा जा सकेगा। फिल्म 13 मई को जीप्लेक्स प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

कोरोना के चलते गंभीर हुई मशहूर फिल्म क्रिटिक की हालत

बी-टाउन इंडस्ट्री भी कोरोना की दूसरी लहर से बच नहीं पाई है। अब तक कई स्टार्स इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि कुछ स्टार्स ने इश वायरस को मात भी दे दी है। इसी बीच खबर आई है कि पिछले 20 साल से फिल्मों के जाने माने समीक्षक राजीव मसंद की हालत नाजुक बनी हुई है। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि उन्हें वेटिंलेटर पर रखा गया है क्योंकि आईसीयू में रखने के बाद भी उनकी फेंफड़ों में इन्फेक्शन बढ़ गया था। राजीव मसंद की हालात पर डॉक्टर्स ने चिंता जताई है। राजीव मसंद ने करीब 6 महीने पहले पत्रकारिता छोड़कर करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शन में काम शुरू किया था। यहां वो बतौर सीओओ काम कर रहे थे और फिल्मों के सेटअप बना रहे थे। उन्हें नई कंपनी धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी यानी डीसीए में भी अहम जिम्मेदारी दी गई थीं, जहां वो नए टैलेंट को लॉन्च करने का काम कर रहे थे।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia