सिनेजीवन: यामी गौतम के बर्थडे पर पति आदित्य धर का स्पेशल पोस्ट और बेटी रिया हैं अनिल कपूर की स्टाइलिस्ट
निर्देशक आदित्य धर ने इंस्टाग्राम पर यामी के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उनके साथ बिताए गए कुछ पर्सनल पल नजर आ रहे हैं। अनिल कपूर ने कंटेस्टेंट को बताया कि उनकी बेटियां ही उनकी स्टाइलिस्ट हैं।

यामी गौतम के बर्थडे पर पति आदित्य धर का स्पेशल पोस्ट, उन्हें बताया 'यामी पगलू'
अभिनेत्री यामी गौतम शनिवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उनके पति व निर्देशक आदित्य धर ने सोशल मीडिया के माध्यम से जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें 'यामी पगलू' बताया।
निर्देशक आदित्य धर ने इंस्टाग्राम पर यामी के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उनके साथ बिताए गए कुछ पर्सनल पल नजर आ रहे हैं। अपनी पोस्ट के जरिए आदित्य धर ने पत्नी यामी गौतम को अपनी जिंदगी की सबसे खूबसूरत महिला बताया।
आदित्य धर ने लिखा, "हैप्पी बर्थडे यामी, आप सबसे खूबसूरत महिला हो, जिसे मैंने जाना है। आपकी मुस्कान मुस्कान सिर्फ एक कमरे को ही नहीं बल्कि मेरी पूरी दुनिया को रोशन कर देती है। आप मेरा घर, सबसे बड़ी ताकत, सपोर्टर और वो इंसान हो जिसने मुझे आज इस मुकाम तक पहुंचाने में मदद की।
आदित्य ने कहा कि यामी फैमिली में बहुत प्यार देती हैं और साथ ही अपने हर काम में पूरी मेहनत करती हैं। ये देखकर आदित्य हर दिन हैरान रह जाते हैं। उन्होंने लिखा, "मुझे समझ नहीं आता कि यामी, आप सब कुछ कैसे संभाल लेती हैं और फिर मुझे कैसे झेल लेती हैं।"
शाहीन भट्ट के बर्थडे पर मां सोनी राजदान का इमोशनल पोस्ट, बोलीं-तुम्हारे साथ फोटो लेना सबसे मुश्किल काम

अभिनेत्री आलिया भट्ट की बहन शाहीन भट्ट शनिवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उनकी मां सोनी राजदान ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाई दी।
सोनी राजदान ने अपने इंस्टाग्राम पर शाहीन के बचपन की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें सोनी राजदान, शाहीन और अभिनेत्री आलिया भट्ट भी नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में दोनों बहनें छोटी बच्चियों के रूप में नजर आ रही हैं, जो उनके बचपन की एक झलक दिखाती है।
सोनी राजदान ने अपनी पोस्ट के जरिए पुरानी यादों को ताजा किया और उन दिनों को याद किया जब उनकी बेटियां छोटी थीं। उन्होंने लिखा, "शाहीन, आप दिन-ब-दिन और भी ज्यादा खूबसूरत होती जा रही हैं। मैं आपसे इसलिए प्यार करती हूं क्योंकि आप बहुत समझदार, जानवरों से प्यार करने वाली, प्यारी और दयालु हैं। आप मेरी हर समस्या का हल निकाल लेती हैं, इस रेतीली, फिसलन भरी और डरावनी दुनिया में तुम एक चट्टान की तरह हो। यही कारण हैं कि मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं।"
एक्ट्रेस ने शाहीन को एक ऐसी इंसान बताया जिसे मनाना और संपर्क करना मुश्किल होता है। अभिनेत्री लिखती हैं, "मैं आपसे तब भी प्यार करती हूं, जब आप कभी-कभी बहुत जिद्दी हो जाती हैं और आपसे संपर्क करना व मनाना मुश्किल हो जाता है। जब मुझे लगता है कि मैं सही हूं, तब आपको अपनी बात मनवाना बहुत मुश्किल होता है।"
बेटी रिया हैं अनिल कपूर की स्टाइलिस्ट, अभिनेता ने बताया बेटियों के बचपन का किस्सा

अभिनेता अनिल कपूर इन दिनों लॉजिक क्विज शो 'इंडिया के टॉप 1%' में होस्ट के तौर पर नजर आ रहे हैं। शो के दौरान अभिनेता ने कंटेस्टेंट को बताया कि उनकी बेटियां ही उनकी स्टाइलिस्ट हैं।
शो में कंटेस्टेंट दिव्यांशी ने बताया कि वो और उनकी बहन अक्सर कपड़ों को लेकर लड़ती हैं। इसके बाद दिव्यांशी ने अनिल कपूर से पूछा कि क्या सोनम कपूर और रिया कपूर भी बचपन में ऐसा ही करती थीं, तो अभिनेता ने बताया कि बचपन में दोनों की पसंद अलग हुआ करती थी, जिस वजह से उनकी लड़ाइयां नहीं होती थी।
अभिनेता कहते हैं, "सोनम को बचपन से ही तैयार होने शौक था। रिया के बारे में मुझे याद है कि वो अपनी गुड़ियों को तैयार किया करती थीं। रिया अपनी गुड़ियों पर अलग-अलग चीजें ट्राई करने में घंटों बिताती थीं, कभी थकती भी नहीं थी और आज भी वह ऐसी ही है। वो खुद ट्रैक पैंट और टी-शर्ट में होगी लेकिन हम सभी को बताएगी, क्या पहनना है।"
उन्होंने आगे कहा, "वो मुझे भी स्टाइल करती है, जिन युवा डिजाइनर्स और स्टाइलिस्टों के साथ मैंने काम किया है, उनमें से कई उसकी सिफारिश से ही आए हैं। वो परफेक्शनिस्ट है। जब तक उसे लुक पसंद नहीं आ जाता, वो चीजें ट्राई करती रहती है। जब वो और सोनम साथ काम करती हैं, तो उनकी जोड़ी बिल्कुल कमाल की होती है।"
एक्टर से कैसे डायरेक्टर बने आशुतोष गोवारिकर, बोले- कभी नहीं सोचा था, फिल्में बनाऊंगा

फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी 2026) के दौरान अपने शुरुआती दिनों को याद किया। आशुतोष गोवारिकर ने बताया कि उन्होंने करियर की शुरुआत एक अभिनेता के रूप में की थी और कभी नहीं सोचा था कि वे निर्देशक बनेंगे।
उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा, "एक्टिंग के दौरान सेट पर मैं सिर्फ अभिनय नहीं करता था, बल्कि सभी चीजों को ध्यान से देखता और सीखता था। मुझे देखना अच्छा लगता था कि डायरेक्टर कैसे अपनी पूरी टीम, एचओडी की मदद लेकर अपनी कहानी और विजन को पर्दे पर उतारते हैं। सच कहूं, तो मुझे ये बहुत ही क्रिएटिव प्रोसेस लगा था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन डायरेक्टर बन जाऊंगा।"
उन्होंने कहा, "एक्टर के तौर पर करीब 25 प्रोजेक्ट्स करते हुए मैं लगातार सेट पर चीजों को ऑब्जर्व करता रहा, सीखता रहा और अपने अंदर उतारता रहा। फिर, दीपक तिजोरी और आमिर खान की वजह से मुझे निर्देशन करने का मौका मिला। मैंने अपनी पहली फिल्म इन्हीं दोनों के साथ बनाई थी। दोनों मेरी फिल्म में को-एक्टर थे। उन्होंने एक्टर के तौर पर मेरी फिल्म में साथ काम किया था, इसलिए मुझे उन पर भरोसा था। उन्हें लगता था कि मेरे अंदर फिल्म बनाने की काबिलियत है और मैं निर्देशन कर सकता हूं।"
'प्यादे' के लिए उत्साहित हैं जिमी शेरगिल, बोले-इस फिल्म ने मुझे कुछ नया सीखने का मौका दिया

अभिनेता जिमी शेरगिल और अभिनेत्री प्रनूतन बहल सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 'प्यादे' में साथ नजर आएंगे। जिमी ने इस फिल्म को 'इंटरेस्टिंग प्रोजेक्ट' बताया है। अभिनेता का कहना है कि जिस तरह से फिल्म की कहानी और माहौल है, वो उन्हें अलग और खास लगा।
फिल्म का ट्रेलर हाल ही में मुंबई में एक स्पेशल लॉन्च इवेंट में रिलीज किया गया। शाइनिंग मून पिक्चर्स की ओर से प्रस्तुत इस इवेंट में अभिनेता जिमी शेरगिल और प्रनूतन बहल के साथ-साथ डायरेक्टर शेखर एस. झा और प्रोड्यूसर रिंकू सिंह भी मौजूद थे।
जिमी ने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा, "फिल्म 'प्यादे' मेरे लिए मजेदार प्रोजेक्ट में से एक था क्योंकि इसकी दुनिया और मेरा किरदार दोनों ही अलग थे। एक एक्टर के तौर पर मैं हमेशा ऐसी कहानियां ढूंढता हूं, जो मुझे कुछ नया सीखने को दे और इस फिल्म ने मुझे वो मौका दिया।"
उन्होंने कहा, "निर्देशक शेखर एस. झा और पूरी टीम के साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा। अब ट्रेलर आ गया है, तो मैं ये देखने के लिए एक्साइटेड हूं कि दर्शक फिल्म से कैसे जुड़ते हैं।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
