मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी वित्तीय जांच तेज, प्राइम फोकस और CA के ठिकानों पर IT की सर्च

आयकर विभाग की टीमें प्राइम फोकस और उससे जुड़े CA के ठिकानों पर वित्तीय दस्तावेज, अकाउंटिंग रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच कर रही हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

मुंबई में फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े वित्तीय मामलों की जांच अब और तेज होती नजर आ रही है। आयकर विभाग ने बुधवार सुबह फिल्म इंडस्ट्री में VFX और पोस्ट-प्रोडक्शन से जुड़ी कंपनी प्राइम फोकस और उसके चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) से संबंधित कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। विभाग की कार्रवाई फिलहाल जारी बताई जा रही है।

पिछली छापेमारी से मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई

न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने आयकर विभाग के सूत्रों के हवाले से बताया है कि यह कार्रवाई पिछले सप्ताह फिल्मी हस्तियों और फिल्म कंपनियों से जुड़े परिसरों में हुई छापेमारी के दौरान सामने आए दस्तावेजों और अन्य सबूतों के आधार पर की जा रही है।

आयकर विभाग की टीमें प्राइम फोकस और उससे जुड़े CA के ठिकानों पर वित्तीय दस्तावेज, अकाउंटिंग रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच कर रही हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

VFX और पोस्ट-प्रोडक्शन के क्षेत्र में बड़ा नाम है प्राइम फोकस

प्राइम फोकस फिल्म और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में VFX, पोस्ट-प्रोडक्शन और विजुअल इफेक्ट्स के क्षेत्र में काम करने वाली प्रमुख कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी के संस्थापक नामित मल्होत्रा हैं। फिल्म निर्माण में VFX और पोस्ट-प्रोडक्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में कंपनी से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड की जांच को बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स और उनसे जुड़े लेन-देन के नजरिए से भी देखा जा रहा है।

28 सितंबर की कार्रवाई से जुड़ रहे हैं तार

आयकर विभाग की इस नई कार्रवाई को पिछले सप्ताह हुई बड़ी छापेमारी से जोड़कर देखा जा रहा है। 28 सितंबर को विभाग ने अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े मुंबई के करीब 12 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस कार्रवाई के दौरान अकाउंट बुक्स, डिजिटल डेटा और विभिन्न वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई थी। कुछ रिकॉर्ड और डिजिटल सामग्री को कब्जे में लिए जाने की भी बात सामने आई थी।

फिल्म फाइनेंसिंग में कथित अनियमितताओं की जांच

पिछली कार्रवाई के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग फिल्म फाइनेंसिंग से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रहा है। जांच में फिल्म प्रोजेक्ट्स के खर्च को कथित तौर पर बढ़ाकर दिखाने, प्रोडक्शन से जुड़े खर्चों में गड़बड़ी और शूटिंग या विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन के नाम पर विदेशों में रकम भेजे जाने जैसे पहलुओं पर ध्यान दिए जाने की बात कही गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए