सिनेजीवन: रणबीर कपूर से रिश्ते को लेकर कैटरीना ने किए चौंकाने वाले खुलासे और जैकी चैन से मिलकर रोमांचित हुए ऋतिक

कैटरीना, सार्वजनिक स्थानों पर अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात करने से अकसर बचती आईं हैं। कथित तौर पर, पहले वह अभिनेता रणबीर कपूर के साथ रिश्ते में थीं। चीन में अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा आइकॉन जैकी चैन से बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन की मुलाकात हुई और उनसे मिलने का यह अनुभव ऋतिक के लिए बेहद उम्दा रहा।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अभिनेत्री कैटरीना कैफ का कहना है कि उनकी जिंदगी में एक ऐसा भी दौर था जब काम की जगह उनका ध्यान अन्य चीजों पर था हालांकि उन्हें अब इसका कोई पछतावा नहीं है। एक बयान में कहा गया कि 'बीएफएफ विद वोग-सीजन 3' में अनाइता श्रॉफ अदजानिया के साथ पधारीं कैटरीना ने अपने विचारों का खुलकर जिक्र किया। कैटरीना ने कहा, "मेरी जिंदगी में एक ऐसा भी दौर आया जब काम से ज्यादा किसी और चीज पर मेरा मन लगता था। मेरा पूरा ध्यान अपने रिलेशनशिप पर था और मैं खुश थी। मुझे इस बात का कोई अफसोस नहीं है। "

कैटरीना ने यह भी कहा कि इसके बाद मेरी जिंदगी में बदलाव आया। मैं काम और किरदारों को लेकर ज्यादा सोचने लगी। मुझे लगता है कि मैंने काफी मेहनत की है। उन्होंने यह भी कहा कि 'राजनीति', 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' और 'न्यूयॉर्क' में मैंने काफी अलग तरह का काम किया है और जिसमें मैं भिन्न भूमिकाओं में नजर आईं। मुझे ये सारी फिल्में पसंद है।

कैटरीना, सार्वजनिक स्थानों पर अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात करने से अकसर बचती आईं हैं। कथित तौर पर, पहले वह अभिनेता रणबीर कपूर के साथ रिश्ते में थीं। दोनों के बीच संबंध दो साल तक रहा और साल 2016 की शुरुआत में ये दोनों अलग हो गए।

जन्मदिन मनाने के लिए सोनाक्षी ने ली काम से छुट्टी

फोटो: आईएएनएस
फोटो: आईएएनएस

अपने दोस्तों संग जन्मदिन मनाने के लिए अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने अपने काम से विराम लिया है और कहा है कि इस दौरान वह सिर्फ आराम फरमाना चाहती हैं। सोनाक्षी का जन्मदिन 2 जून को है। सोनाक्षी, मृगदीप सिंह लांबा की अगली फिल्म में काम कर रहीं हैं। इस फिल्म में उनके साथ वरुण शर्मा और रैपर बादशाह भी हैं। बादशाह, इस फिल्म से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।

सोनाक्षी ने अपने दो सह कलाकारों के साथ शुक्रवार को अपने हिस्से की शूटिंग को पूरा कर वीकेंड की छुट्टियों पर चलीं गईं। सोनाक्षी ने कहा, "मेरे पास बर्थडे का सॉलिड प्लान है। काम से छुट्टी लेकर अपने कुछ करीबी दोस्तों के साथ शहर से कहीं दूर जाने की योजना है। हर साल यह लोकेशन चेंज होता रहता है, लेकिन हमारा इरादा एक ही रहता है।"

लांबा के फिल्म के अलावा सोनाक्षी के पास मिशन मंगल, दबंग 3 और भुज : द प्राइड ऑफ इंडिया जैसी फिल्में भी हैं। इसके साथ ही उनके पास कुछ ब्रांड्स को एनडोर्स करने का काम भी है।

जैकी चैन से मिलकर रोमांचित हुए ऋतिक

फोटो: आईएएनएस
फोटो: आईएएनएस

चीन में अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा आइकॉन जैकी चैन से बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन की मुलाकात हुई और उनसे मिलने का यह अनुभव ऋतिक के लिए बेहद उम्दा रहा। ऋतिक ने इंस्टाग्राम पर जैकी चैन के साथ कुछ तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, "जैकी से मिलना कई स्तर पर खुलासा करने जैसा रहा। उनसे मिलने का अनुभव बहुत ही अच्छा रहा, काफी प्रेरित हुआ।"

एक तस्वीर में ऋतिक किसी किताब को हाथ में पकड़े हुए नजर आ रहे हैं जबकि एक अन्य तस्वीर में दोनों एक पांडा सॉफ्ट टॉय के साथ पोज करते दिख रहे हैं। ऋतिक यहां अपनी फिल्म 'काबिल' के प्रीमियर के लिए मौजूद थे। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म 'सुपर 30' को लेकर भी बात की, यह फिल्म 12 जूलाई को रिलीज होने वाली है।

ऋतिक ने कहा, "'सुपर 30' की कहानी बच्चों को सशक्त बनाने और यह बताने से है कि उन्हें बड़े सपने देखने की इजाजत है। आप हर असंभव के संभव होने का सपना देख सकते हैं। यह कितना बेतुका है इस बारे में न सोचें, लेकिन ख्वाब जरूर देखें। खुद को न रोकें। यह एक आदमी की सच्ची कहानी है जिन्होंने शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को पूरा किया।"

यह फिल्म गणीतज्ञ आनंद कुमार की जिंदगी पर आधारित है, जो आईआईटी-जेईई की परीक्षा के लिए बिहार में बच्चों को प्रशिक्षण देते हैं।

मार्कल के बच्चे से नहीं मिलीं प्रियंका

फोटो: आईएएनएस
फोटो: आईएएनएस

ब्रिटेन के राजकुमार हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्कल के बेटे आर्ची से मिलने और उन्हें गिफ्ट देने की बात से अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास ने साफ इंकार कर दिया है और कहा है कि इन अफवाहों में बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है। प्रियंका ने ट्विटर पर उस लेख के लिंक को शेयर किया जिसमें यह दावा किया गया है कि 'क्वांटिको' अभिनेत्री, आर्ची से मिलने गईं और टिफैनी एंड को. से गिफ्ट दिया।

इसे साझा करते हुए प्रियंका ने लिखा, "यद्यपि ये गिफ्ट आइडियाज काफी अच्छे हैं, लेकिन इस कहानी में सच्चाई नहीं है। मैं किसी काम से लंदन में थी। मुझे उम्मीद है कि इस खबर का सूत्र जो कोई भी है उन्हें अब अकसर ही अपने फैक्ट्स की जांच करने की शुरुआत कर देनी चाहिए।"

प्रियंका अपनी दोस्त मार्कल संग प्रिंस हैरी की शादी में शामिल हुईं थी, लेकिन पिछले दिसंबर को मार्कल, प्रियंका की शादी में शामिल नहीं हो पाईं थीं। इसके बाद फरवरी में प्रियंका भी मार्कल की गोद भराई में नहीं जा सकीं थीं। हालांकि प्रियंका ने हैरी और मार्कल दोनों को बधाई दी थी।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia