ऑस्कर में भारत की आधिकारिक फिल्म के तौर पर जाएगी राजकुमार राव की ‘न्यूटन’

फिल्म ‘न्‍यूटन’ 2018 में अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बन गई है। राजकुमार राव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।



फोटो: Twitter
फोटो: Twitter
user

IANS

अभिनेता राजकुमार राव के लिए ये साल काफी भाग्यशाली साबित हो रहा है। साल की शुरुआत से ही आई कई फिल्‍मों में उनके किरदारों को लेकर हर तरफ तारीफ हुई और अब उनकी नई फिल्म 'न्‍यूटन' 2018 में ऑस्कर पुरस्कारों के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बन गई है। राजकुमार राव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

शाहिद और अलीगढ़ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके और राजकुमार राव के खास मित्र फिल्मकार हंसल मेहता ने ट्विटर पर अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि 'न्यूटन' सर्वश्रेष्ठ विकल्प है।

'न्यूटन' एक ऐसी दुनिया को दिखाती है जहां आजादी के बाद से विकास नहीं हुआ, यहां विकास पहुंचने में क्यों देर हो गई या फिर किन लोगों की वजह से देर हुई? इन्हीं कुछ सवालों को फिल्म में उठाया गया है। ये कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है जो शायद खुद भी ठीक से इन सवालों को समझता नहीं है, लेकिन फिर भी अपना कर्त्तव्य निभाता है।

फिल्म की कहानी न्यूटन उर्फ नूतन कुमार यानी राजकुमार राव से ही शुरु होती है। न्यूटन छोटे शहर का रहने वाला एमएससी पास लड़का है जो बेहद आदर्शवादी है। अभिनेता संजय मिश्रा के शब्दों में कहें तो 'ऐसा आदमी जिसे अपनी ईमानदारी का घमंड है।'

न्यूटन की कहानी एक युवा सरकारी क्लर्क के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे माओवादी नियंत्रित इलाके में चुनावी ड्यूटी पर भेज दिया जाता है और वह किस तरह वैचारिक संघर्ष के चलते अजीब स्थिति में फंस जाता है। इस फिल्‍म में राजकुमार राव के साथ पंकज त्रिपाठी, संजय मिश्रा, अंजली पाटिल जैसे कलाकार हैं।

न्यूटन फिल्म को ऑस्कर के लिए आधिकारिक एंट्री मिलने के बाद कई फिल्मी हस्तियों ने राजकुमार राव और फिल्म की टीम को बधाई दी।

फिल्म में राजकुमार राव की अदाकारी को देखकर दर्शकों में भी फिल्म को लेकर काफी क्रेज देखा जा रहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 22 Sep 2017, 3:52 PM