सिनेजीवन: प्रियंका चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया में शुरू की 'द ब्लफ' की शूटिंग और इस राज्य में 'हमारे बारह' पर लगा बैन

मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने 'द ब्लफ' की शूटिंग शुरू कर दी है और कर्नाटक सरकार ने 'हमारे बारह' पर बैन लगाया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

प्रियंका चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया में शुरू की 'द ब्लफ' की शूटिंग

मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ी अपडेट फैंस के साथ साझा करती रहती हैं। इस कड़ी में एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने 'द ब्लफ' की शूटिंग शुरू कर दी है। प्रियंका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म के क्लैपबोर्ड की एक फोटो शेयर की और कैप्शन में लिखा, "लेट्स गो!... डे वन'' 'द ब्लफ' की शूटिंग से पहले प्रियंका ने फिल्म के कलाकारों और क्रू के साथ एक यॉट पार्टी का वीडियो शेयर किया था, जिसमें उनकी बेटी मालती मैरी जोनस भी नजर आयीं। वीडियो में प्रियंका अपनी बेटी मालती के साथ मस्ती करती दिखीं। इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, "जब मैं कोई नया प्रोजेक्ट शुरू करती हूं, तो मेरे लिए यह जानना बहुत जरुरी होता है कि इसे बनाने के लिए साथ आने वाले लोग कैसे हैं। हम अपने परिवार और घरों से दूर, एक साथ बहुत समय बिताते हैं, सोचते हैं, खाते हैं और उस कला में सांस लेते हैं जिसमें हम योगदान दे रहे हैं।"

फिल्म की कहानी एक पूर्व महिला समुद्री डाकू के ईद-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार प्रियंका ने निभाया है, जो अपने परिवार की रक्षा के लिए एक यात्रा पर निकलती है। 'द ब्लफ' की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया में चल रही है। यह फ्रैंक ई. फ्लावर्स द्वारा निर्देशित है। इस फिल्म मशहूर एक्टर कार्ल अर्बन भी हैं। प्रियंका की 'हेड्स ऑफ स्टेट' भी रिलीज होने वाली है, जिसमें जॉन सीना और इदरीस एल्बा लीड रोल हैं। प्रियंका को 'देसी गर्ल' कहा जाता है। बॉलीवुड में उन्होंने कई हिट फिल्में दी, जिसमें 'बर्फी', 'डॉन', 'मैरी कॉम' और 'बाजीराव मस्तानी' जैसी मूवीज शामिल है। बॉलीवुड के बाद वह अब हॉलीवुड में अपना जलवा दिखा रही हैं। उन्होंने हॉलीवुड में डेब्यू करते हुए साल 2017 में रिलीज हुई 'बेवॉच' में काम किया। पिछले साल वह रूसो ब्रदर्स की वेब सीरीज 'सिटाडेल' और 'लव अगेन' में नजर आई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

कर्नाटक सरकार ने 'हमारे बारह' पर लगाया बैन, कहा- इससे दंगे भड़क सकते हैं

अन्नू कपूर स्टारर फिल्म 'हमारे बारह' विवादों में घिरी हुई है। अब कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने राज्य में इस फिल्म की रिलीज पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार की ओर से कहा गया है कि अगर फिल्म रिलीज हुई तो दंगे भड़क सकते हैं। सरकार के अवर सचिव बी.के. भुवनेन्द्र कुमार द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में निर्देश जारी किया गया कि फिल्म का ट्रेलर दो हफ्ते तक या अगले आदेश तक जारी न किया जाए। यह आदेश कर्नाटक सिनेमा (विनियमन) अधिनियम 1964 की धारा 15 (1) और 15 (5) के तहत दिया गया है। दरअसल, फिल्म के ट्रेलर को भड़काऊ बताते हुए राज्य के कई मुस्लिम संगठनों ने आरोप लगाया कि 'हमारे बारह' में मुस्लिम धर्म को अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है। उन्होंने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।

आदेश में कहा गया है, "अगर फिल्म को रिलीज किया जाता है तो इससे धर्म और जातियों के बीच दरार पैदा होगी। जानबूझकर एक धर्म को निशाना बनाना, सांप्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाना, देश में एकता में खलल डालना और मुसलमानों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना साजिश का एक हिस्सा है। फिल्मों का धर्मों के बीच नफरत फैलाने के बजाय समाज का मार्गदर्शन करना चाहिए।''

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

हंसाने के साथ-साथ खूब डराएगी फिल्म 'मुंज्या', सीट से बांधे रखेगी कहानी

सुपरनेचुरल हॉरर कॉमेडी फिल्म 'मुंज्या' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म ऑडियंस को हंसाने के साथ-साथ डराने में भी पूरी तरह से कामयाब रही है। फिल्म को आदित्य सरपोतदार ने डायरेक्ट किया है। वहीं योगेश चंदेकर ने कहानी लिखी है।

'मुंज्या' की कहानी 1952 में शुरू होती है, जिसमें एक युवा ब्राह्मण लड़के को मुन्नी नाम की लड़की से प्यार होता है, लेकिन उसका परिवार उसके खिलाफ होता है। जब इस बारे में लड़के की मां को पता चलता है, तो वह उसका जबरन जनेऊ संस्कार करवाती है।

लड़के के मन में मुन्नी के लिए प्यार बढ़ता जाता है। वह पास के एक जंगल में मुन्नी को पाने के लिए काला जादू करने लगता है और इसके लिए अपनी बहन की बलि देने को भी तैयार होता है, लेकिन यह खतरनाक अनुष्ठान उस वक्त उल्टा पड़ जाता है, जब बहन से छीना झपटी में उसे चोट लग जाती है और वह मर जाता है। उसका परिवार उसे उसी पेड़ के नीचे दफना देता है, जहां वह काला जादू करता था।

इसके बाद कहानी आज के समय में पहुंचती है। इसमें दिखाया जा है कि एक पुणे का रहने वाला लड़का बिट्टू (अभय वर्मा) कॉस्मेटोलॉजी का छात्र है, जो सुंदर और स्वभाव के शांत और शर्मीला है। वह अपनी मां पम्मी (मोना सिंह) और दादी (सुहास जोशी) के साथ रहता है। वह अपनी दोस्त बेला (शरवरी) को बेहद पसंद करता है, लेकिन दिल की बात कहने से डरता है।

कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब बिट्टू अपने पैतृक गांव में एक पारिवारिक शादी में जाता है और इस दौरान पुराने रहस्य सामने आने लगते हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

सस्पेंस से भरी 'ब्लैकआउट' में कॉमेडी का तड़का, हो जाएंगे लोटपोट

अगर आपको सस्पेंस से भरी फिल्म पसंद है, तो 'ब्लैकआउट' आपके लिए एकदम सही मूवी है। फिल्म में मौजूद सस्पेंस आपको कहानी में आखिर तक बांधे रखेंगे। फिल्म आज ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो सिनेमा पर स्ट्रीम हो चुकी है।

फिल्म की शुरुआत में डकैतों का एक झुंड पुणे शहर की बिजली बोर्ड में घुस जाता है और कर्मचारियों को बंधक बनाकर पूरे शहर की बत्ती काट देता है। अंधेरे का फायदा उठाकर डकैत एक जगह से जूलरी और कैश लूटकर वैन से भाग रहे होते हैं। इसके बाद एक अजीबोगरीब घटना होती है। दूसरे सीन में विक्रांत मैसी के किरदार की एंट्री होती है।

विक्रांत मैसी ने लेनी डिसूजा नामक एक पत्रकार का रोल निभाया है, जो स्टिंग ऑपरेशन करने और कई तरीकों से अपराधों और भ्रष्टाचार को उजागर करने में माहिर होता है।

विक्रांत मैसी की उसकी पत्नी अंडा पाव लेने के लिए बाहर भेजती है। वह अपनी कार से जा रहा होता है, इसी दौरान उसकी कार डकैतों की वैन से टकरा जाती है। जब वह उन्हें देखने के लिए पहुंचता है, तो पाता है कि वहां काफी कैश और महंगी जूलरी पड़ी हुई है। वह इनसे अपनी जिंदगी बदलने के ख्वाब देखने लगता है और एक संदूक को अपनी कार में रख लेता है। यहां से विक्रांत की जिंदगी में मुसीबत शुरू हो जाती है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia