सिनेजीवन: नहीं रहे दिवंगत ऋषि कपूर के छोटे भाई राजीव और 'गणपत' की लीड एक्ट्रेस का ऐलान? टीजर में दिखी पहली झलक

बॉलीवुड अभिनेता और फिल्म निर्माता राजीव कपूर का दिल का दौरा पड़ने से 58 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। राजीव स्वर्गीय राज कपूर के तीन बेटों में सबसे छोटे थे और फिल्म गणपत में लीडिंग लेडी की पहली झलक टीजर में दिखाई गई है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिवंगत ऋषि कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर का निधन

बॉलीवुड अभिनेता और फिल्म निर्माता राजीव कपूर ने मुंबई में दिल का दौरा पड़ने से 58 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। राजीव स्वर्गीय राज कपूर के तीन बेटों में सबसे छोटे थे, और रणधीर कपूर और स्वर्गीय ऋषि कपूर के छोटे भाई थे। उनकी मौत की खबर की पुष्टि करते हुए भाभी नीतू कपूर ने मंगलवार दोपहर को इंस्टाग्राम पर राजीव की एक तस्वीर शेयर की, जहां उन्होंने 'आरआईपी' लिखा। ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा ने भी मंगलवार दोपहर को ट्वीट करके इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "बहुत दुखद समाचार। राजीव (चिम्पू) कपूर का दिल का दौरा पड़ने से निधन।" बॉलीवुड में अपने उपनाम चिम्पू से जाने जाने वाले राजीव ने राजकपूर की 1985 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' में मंदाकिनी की सह-भूमिका से फेमस हुए थे। इसके अलावा उन्होंने लावा, जलजला और जबरदस्त जैसे फिल्मों में काम किया है। राजीव कपूर ने 'प्रेम ग्रंथ' फिल्म के जरिए निर्देशन में कदम रखा था।

सभी अभिनेत्रियों को पछाड़ दीपिका ने अपने नाम किया ये खिताब

'सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन स्टडी 2020' पर आधारित डफ एंड फेल्प्स द्वारा जारी एक स्टडी में, दीपिका पादुकोण एक बार फिर 'मोस्ट वैल्यूड सेलेब' के रूप में उभरकर सामने आई हैं। वह लगातार ब्रांड की पसंदीदा रही है और बैक टू बैक हिट दिए है। उनकी कीमत 50.4 मिलियन डॉलर से अधिक होने के कारण कई लोग दीपिका के साथ समान लीग में खुद को शामिल करने में असमर्थ रहते है। अपनी किटी में बहुत सी फिल्मों और दीपिका के साथ जुड़ने वाले ब्रांड की एक लंबी सूची के साथ, वह न केवल महिला हस्तियों बल्कि कई पुरुष सुपरस्टार से भी आगे हैं।' दीपिका के साथ आपको एक संपूर्ण पैकेज मिलता है', एक इंडस्ट्री एक्सपर्ट ने साझा किया। 'दीपिका की सुंदरता खुद-ब-खुद बोलती है, लेकिन वह एक समान रूप से अच्छी अदाकारा भी है और उनका काम बोलता है। बहुत हिट देने के साथ और भविष्य में अन्य हिट देने के साथ, जब आप दीपिका को साइन करते हैं तो आप जानते है कि आप सफलता की तरफ कदम बढ़ा रहे है क्योंकि वह एक सम्पूर्ण पैकेज है।'

फोटो : IANS
फोटो : IANS

फिल्म गणपत के धमाकेदार टीजर में नजर आईं टाइगर श्रॉफ की हीरोइन!

फिल्म गणपत में लीडिंग लेडी को लेकर एक बड़ी खबर आई है। काफी समय से फैंस इंतजार कर रहे थे कि फिल्म में टाइगर श्रॉफ के अपोजिट कौन सी अदाकार नजर आएगी। अब इस फिल्म से एक टीजर सामने आया है जिसमें फिल्म की अभिनेत्री की पहली झलक दिखाई गई है। हालांकि इसमें एक्ट्रेस का फेस नहीं दिखाया गया और ना ही नाम सामने आया है। टाइगर श्रॉफ इसको साझा करते हुए लिखा है.. 'सुना है मुड़ने वाली है कल सुबह 10.40 बजे।' मेकर्स इस वीडियो से फैंस की बेचैनी बढ़ा रहे हैं। लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो ये कृति सैनन हैं जो कि टाइगर के साथ एक बार फिर से तगड़ा धमाका करेंगी। हालांकि इसका आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। लोगों का मानना है कि टाइगर श्रॉफ और कृति सैनन इस फिल्म में साथ साथ काफी अच्छे लगने वाले हैं जो कि पहली हीरोपंती में भी नजर आ चुके हैं।

बिग बॉस 14 : क्या शो से बाहर हुए अभिनव शुक्ला?

अभिनेता व रिएलिटी शो 'बिग बॉस 14' के प्रतिभागी अभिनव शुक्ला के बारे में बताया जा रहा है कि एक सरप्राइज मिड-वीक इविक्शन में उन्हें घर से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। शो के अगले एपिसोड के हालिया प्रोमो में घर के सदस्य अपने सपोटर्स से नतीजे के बारे में जानने को लेकर काफी नर्वस दिखाई पड़ रहे हैं। इसमें घर के अंदर अपने पसंदीदा प्रतिभागी को अपना समर्थन देने के लिए पहुंचे सपोटर्स किसी एक हाउसमेट को इविक्ट कर देंगे। इन समर्थकों में जैस्मीन भसीन, राहुल महाजन, जान कुमार, बिंदू दारा सिंह, तोशी सबरी और ज्योतिका दिलैक हैं। इसके बाद के क्लिप में अपनी सेफ्टी के लिए रोती हुईं राखी सावंत को दिखाया गया है। क्लिप में घर से बाहर होने वाले प्रतिभागी के नाम का ऐलान करने के बाद रूबीना और निक्की तंबोली को रोते हुए दिखाया गया है। अब सामने आ रहीं कुछ खबरों में दावा किया जा रहा है कि अभिनव ही वह शख्स हैं, जो इस बार शो से बाहर हुए हैं।

फोटो : IANS
फोटो : IANS

महिला दिवस पर रिलीज होगी 'बॉम्बे बेगम्स'

वेब सीरीज 'बॉम्बे बेगम्स' 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रिलीज होगी। शो में पूजा भट्ट, शाहाना गोस्वामी, अमृता सुभाष और राहुल बोस मुख्य किरदारों में हैं। यह 'लिपस्टिक अंडर माय बुर्का' फेम अलंकृता श्रीवास्तव ने लिखित और निर्देशित है। सीरीज में कहानी के माध्यम से मुंबई की पांच मॉर्डन महिलाओं की महत्वाकांक्षाओं, चाहत, ताकत हासिल करने के लिए उनके संघर्ष और उनकी संवेदनाओं को उजागर किया जाएगा। अलंकृता इस पर कहती हैं, "'बॉम्बे बेगम्स' की कहानी भारतीय महिलाओं के बारे में है, जिससे भारत सहित दुनिया की तमाम महिलाएं खुद को जोड़ पाएंगी।" वह आगे कहती हैं, "सीरीज में कामकाजी भारतीय महिलाओं के जटिल सफर को दर्शाया जाएगा, जो पावर और सफलता को लेकर महत्वाकांक्षी हैं, लेकिन उनके कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसमें उनकी दैनिक जिंदगी की कठिनाइओं और उनकी ख्वाहिशों का जिक्र किया जाएगा, जिनमें से कुछ पूरी होती हैं और कुछ अधूरी रह जाती हैं।" इसे नेटफ्लिक्स पर प्रसारित किया जाएगा।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia