सिनेजीवन: राम कपूर का उम्र के भेदभाव को लेकर छलका दर्द और करण जौहर ने मनीष मल्होत्रा को दी बधाई

राम कपूर ने बताया कि इंडस्ट्री में उम्र बढ़ने के साथ कलाकारों को किस तरह नजरअंदाज किया जाता है। फिल्ममेकर करण जौहर और मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दोस्ती काफी गहरी है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

राम कपूर का छलका दर्द, बोले- 'गौतमी कपूर और मैंने भी इंडस्ट्री में झेला उम्र का भेदभाव'

टीवी के लोकप्रिय अभिनेता राम कपूर ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं और दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल किया है। वह अक्सर मनोरंजन जगत के उस सच पर खुलकर बात करते दिखते हैं, जिसके बारे में कलाकार बोलने से बचते नजर आते हैं। इस कड़ी में राम कपूर ने बताया कि इंडस्ट्री में उम्र बढ़ने के साथ कलाकारों को किस तरह नजरअंदाज किया जाता है। साथ ही बताया कि उनकी पत्नी और अभिनेत्री गौतमी कपूर भी इसी तरह के दौर से गुजर चुकी हैं।

राम कपूर ने यह खुलासा नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' के दौरान आकांक्षा चमोला से बातचीत में किया। दरअसल, शो में आकांक्षा चमोला ने राम कपूर से कहा कि वह जल्द ही अपने पति गौरव खन्ना से अलग रहकर अपनी नई शुरुआत करने वाली हैं। ऐसे में उन्हें अपना नया ठिकाना बनाना होगा और करियर को भी नए सिरे से संभालना पड़ेगा। उन्होंने राम से कहा कि इस सफर में उन्हें उनकी मदद की जरूरत पड़ सकती है।

आकांक्षा की बात सुनकर राम ने बिना किसी झिझक के उनका साथ देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह अपनी पूरी टीम को उनकी मदद के लिए लगा देंगे।

बातचीत के दौरान आकांक्षा ने मनोरंजन इंडस्ट्री की एक बड़ी समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि यहां कलाकारों की उम्र को लेकर बहुत जल्दी धारणा बना ली जाती है। जैसे ही कोई कलाकार 35 साल की उम्र पार करता है, उसे यह कहकर अलग कर दिया जाता है कि अब वह पहले जैसा नहीं रहा। इससे कलाकारों के लिए नए मौके कम होने लगते हैं और करियर पर असर पड़ता है।

ए.आर. रहमान ने की सोनू निगम की आवाज की तारीफ, पूछा- इतना रोमांटिक कैसे गाते हो?

सिनेजीवन: राम कपूर का उम्र के भेदभाव को लेकर छलका दर्द और करण जौहर ने मनीष मल्होत्रा को दी बधाई

संगीतकार ए.आर. रहमान की आगामी फिल्म 'बंटवारा 1947' में गीत 'ओह तबस्सुम' को सोनू निगम गाएंगे। ए.आर. रहमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर सोनू निगम के साथ फिर से काम करने पर खुशी जताई। साथ ही उनकी मधुर आवाज की तारीफ भी की।

 रहमान ने लिखा, "फिल्म 'बंटवारा 1947' के गीत 'ओह तबस्सुम' की रिकॉर्डिंग के लिए हमारे स्टूडियो में सोनू निगम का फिर से स्वागत करके बेहद खुशी हो रही है। गीत जावेद अख्तर ने लिखा है। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं और इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस कर रहा है। भाई... आपकी आवाज इतनी रोमांटिक कैसे लगती है?"

फिल्म 'बंटवारा 1947' के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। इस फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी जैसे कलाकार नजर आएंगे। पहले इस फिल्म का नाम 'लाहौर 1947' था। सनी देओल और राजकुमार संतोषी इससे पहले 'घायल' और 'दामिनी' में भी साथ काम कर चुके हैं।

कहा जा रहा है कि इसकी कहानी असगर वजाहत के मशहूर नाटक 'जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्याई नई' पर आधारित है। यह नाटक बंटवारे को बड़े पैमाने की राजनीति के नजरिए से नहीं, बल्कि सांप्रदायिक हिंसा और विस्थापन से टूटे मानवीय रिश्तों के जरिए दिखाता है।


करण जौहर ने मनीष मल्होत्रा को दी बधाई, बोले- 'आपने भारतीय फैशन को दुनिया के मंच पर नई पहचान दिलाई'

सिनेजीवन: राम कपूर का उम्र के भेदभाव को लेकर छलका दर्द और करण जौहर ने मनीष मल्होत्रा को दी बधाई

फिल्ममेकर करण जौहर और मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दोस्ती काफी गहरी है। दोनों ने कई सालों तक साथ काम किया है। इस बीच करण ने मनीष मल्होत्रा के लंबे और शानदार सफर को याद करते हुए उनके लिए एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे मनीष ने सिर्फ फैशन की दुनिया में ही नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की सोच और अंदाज को भी बदलने का काम किया है।

करण जौहर ने गुरुवार को मनीष मल्होत्रा के लेटेस्ट फैशन शो का एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी दोस्ती के सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे उनकी पहली फिल्म 'कुछ कुछ होता है' में साथ काम करने से दोनों का रिश्ता और भी मजबूत हुआ।

 करण ने लिखा, ''कुछ सफर सालों से नहीं, बल्कि सपनों से मापे जाते हैं और मनीष मल्होत्रा का सफर भी ऐसा ही है। मैं उनकी इस यात्रा का गवाह हूं और कई बार उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चला हूं।''

करण ने मनीष के शुरुआती करियर को याद करते हुए लिखा, ''साल 1990 में उन्होंने फिल्म 'स्वर्ग' से कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय सिनेमा में कपड़ों और किरदारों को पेश करने के अंदाज को बदल दिया। साल 1995 में मनीष ने फिल्म 'रंगीला' के लिए पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतकर कॉस्ट्यूम डिजाइन की दुनिया में एक नई पहचान बनाई।''

सीमा सजदेह ने बताया शो में आने से पहले सोहेल ने दी थी खास सलाह, बोले-'किसी को खुद पर हावी मत होने देना'

सिनेजीवन: राम कपूर का उम्र के भेदभाव को लेकर छलका दर्द और करण जौहर ने मनीष मल्होत्रा को दी बधाई

फैशन डिजाइनर और एंटरप्रेन्योर सीमा सजदेह इन दिनों रियलिटी शो 'द अलायंस' को लेकर चर्चा में हैं। शो में कदम रखने से पहले सीमा ने अपनी तैयारियों, उत्सुकता और पूर्व पति अभिनेता-निर्माता सोहेल खान के साथ हुई बातचीत को लेकर कई बातें साझा की हैं। सीमा ने बताया कि सोहेल ने उन्हें शो में जाने से पहले जरूरी सलाह दी थी, जिसे वह हमेशा याद रखेंगी।

आईएएनएस से खास बातचीत में सीमा सजदेह ने कहा कि वह खुद भी यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि रियलिटी शो में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए भी एक नया अनुभव है, और वह खुद को इस नए सफर के लिए तैयार कर रही हैं।

सीमा ने कहा, ''मैं खुद भी यह जानने के लिए उत्सुक हूं कि मैं इस शो में कैसा प्रदर्शन करूंगी। रियलिटी शो में हर दिन नई परिस्थितियां सामने आती हैं और ऐसे माहौल में खुद को संभालना एक अलग तरह की चुनौती होती है।''

जब आईएएनएस ने सीमा से पूछा कि क्या शो में जाने से पहले सोहेल खान ने उन्हें कोई सलाह दी थी, तो उन्होंने बताया, ''हमारी बातचीत हुई थी। उन्होंने बस इतना कहा कि खुद जैसे हो, वैसे ही रहना। मैंने भी उनसे यही कहा कि आप भी खुद जैसे हैं, वैसे ही रहिए।''


राजीव खंडेलवाल ने ट्रांसजेंडर समुदाय से मांगी माफी, बोले-समाज की गलतियों पर मैं शर्मिंदा हूं

सिनेजीवन: राम कपूर का उम्र के भेदभाव को लेकर छलका दर्द और करण जौहर ने मनीष मल्होत्रा को दी बधाई

अभिनेता राजीव खंडेलवाल अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। इस कड़ी में टीवी शो 'तुम हो ना – घर की सुपरस्टार' में उन्होंने ट्रांसजेंडर कम्युनिटी को लेकर अपने विचार पेश किए और उनसे माफी मांगते हुए कहा कि समाज की ओर से हुई गलतियों पर वह शर्म से अपना सिर झुकाते हैं।

दरअसल, शो के एक एपिसोड में सोशल मीडिया स्टार पूजा शर्मा रेखा मेहमान बनकर पहुंचीं। उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष, समाज से मिले तिरस्कार और अपनी पहचान को स्वीकार करने की मुश्किल यात्रा के बारे में खुलकर बात की। उनकी कहानी सुनकर राजीव खंडेलवाल भावुक हो गए और उन्होंने ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया।

 पूजा से बात करते हुए राजीव खंडेलवाल ने कहा, "आपने अपने भीतर जो ताकत पैदा की है, वह काबिल-ए-तारीफ है। आपके आसपास नकारात्मक सोच थी। लोगों ने आपका शोषण किया और आपको गलत समझा, लेकिन इसके बावजूद आपने अपनी सोच को सकारात्मक बनाए रखा। आपने हार नहीं मानी, बल्कि दूसरों के लिए मिसाल बन गईं। जिन लोगों ने आपके साथ दुर्व्यवहार किया, उन सभी की ओर से मैं नेशनल टीवी पर शर्म से अपना सिर झुकाता हूं।"

 उन्होंने आगे कहा, "हममें से कई लोग ऐसी संवेदनशील बातों को समझ ही नहीं पाते। कई बार लोग गलत धारणाओं और डर के कारण ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के प्रति भेदभावपूर्ण व्यवहार करते हैं। आज मैं उन सभी लोगों की ओर से आपसे माफी मांगता हूं। मुझे उम्मीद है कि बदलाव जरूर आएगा, भले ही उसमें समय लगे। मैं चाहता हूं कि आपके जैसे लोग आगे बढ़कर समाज को नई सोच दें। आपका अधिकार और सम्मान मिलें, जिसके आप हकदार हैं।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए