रणवीर सिंह ने खोला राज़, बता दिया वो अपनी नई नवेली दुल्हन दीपिका को कैसे रखते हैं खुश

रणवीर और दीपिका ने मुंबई में शनिवार को द ग्रैंड हयात में शादी का रिसेप्शन आयोजित किया, जिसमें बॉलीवुड, खेल और राजनीति से जुड़ी कई हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन ने ‘जुम्मा चुम्मा’ गाने पर डांस किया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

हाल ही में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण से शादी करने वाले अभिनेता रणवीर सिंह ने यह राज सबके सामने जाहिर कर दिया है कि आखिर वे कैसे अपनी नवविवाहित बीवी को खुश रखते हैं। रणवीर सिंह ने सुखद वैवाहिक जीवन का रहस्य बताते हुए कहा, “पत्नी जो भी कहे, उसके लिए हां कहें।”

मुंबई में रणवीर ने शनिवार रात आयोजित शादी के रिसेप्शन में दीपिका पादुकोण को देखते हुए यह बात कही, जहां महानायक अमिताभ बच्चन से लेकर क्रिकेट स्टार महेंद्र सिंह धोनी जैसी हस्तियां मौजूद थीं।

रणवीर और दीपिका ने मुंबई में शनिवार को द ग्रैंड हयात में शादी का रिसेप्शन आयोजित किया, जिसमें बॉलीवुड, खेल और राजनीति से जुड़ी कई हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में अमिताभ ने अपने गीत 'जुम्मा चुम्मा' पर डांस किया और सुपरस्टार शाहरुख खान अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के साथ 'छईयां छईयां' पर थिरके।

कार्यक्रम में न केवल बिग बी और शाहरुख, बल्कि करिश्मा कपूर और वरुण धवन ने भी रणवीर के साथ 'जुड़वा' के गीत पर डांस किया। वहीं अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा के पति राज कुंद्रा ने एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें रणवीर ज्ञान भरी बातें करते नजर आ रहे हैं।

रणवीर और दीपिका ने 14-15 नवंबर को इटली के लेक कोमो में सिंधी और कोंकणी रीति रिवाज से शादी की थी। इनकी शादी काफी प्राइवेट तरीके से हुई थी और शादी में दोनों के परिवार वालों के अलावा बेहद करीबी लोगों को इनवाइट किया गया था।

रणवीर और दीपिका के फैंस के साथ इनके परिवार वालों को भी लंबे समय से इनकी शादी का इंतजार था। बताया जाता है कि रणवीर और दीपिका 6 साल से रिश्ते में थे और 21 अक्टूबर को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन दोनों ने अपनी शादी की तारीख का ऐलान किया था।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 02 Dec 2018, 3:33 PM