सिनेजीवन: रवि दुबे ने 'रामायण' की टीम के साथ पोस्ट की तस्वीर और अहाना कुमरा ने परिवार संग किए काशी विश्वनाथ के दर्शन
अभिनेता रवि दुबे ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे रणवीर कपूर के साथ-साथ फिल्म के बाकी मेंबर्स के साथ नजर आ रहे हैं। अभिनेत्री अहाना कुमरा ने हाल ही में परिवार और दोस्तों के साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए।

रवि दुबे ने 'रामायण' की टीम के साथ पोस्ट की तस्वीर, लिखा-अपने रास्ते पर चलने को तैयार
अभिनेता रवि दुबे नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' में भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण का किरदार निभाते नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म 'रामायण' का भव्य ट्रेलर लॉन्च इवेंट हुआ था, जिसकी झलक अभिनेता रवि दुबे ने गुरुवार को शेयर की।
अभिनेता रवि दुबे ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे रणवीर कपूर के साथ-साथ फिल्म के बाकी मेंबर्स के साथ नजर आ रहे हैं। रवि दुबे ने लिखा, "महान लोगों के बीच हूं, दिल से नतमस्तक हूं और अपने रास्ते पर चलने के लिए तैयार हूं।" फैंस को रवि का यह पोस्ट काफी पसंद आ रहा है। वे कमेंट सेक्शन पर फिल्म अभिनेता की तारीफ करने के सा-साथ फिल्म रिलीज के इंतजार की भी बात कर रहे हैं।
रवि दुबे पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ में नजर आएंगे, जिसमें रणबीर कपूर और साई पल्लवी मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म में वह भगवान लक्ष्मण का किरदार निभाते हुए दिखाई देंगे। इसके अलावा, फिल्म में साउथ सुपरस्टार यश (रावण) और सनी देओल (हनुमान) भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
प्रकाश राज की 'जगमाए संगीतम' 4 सितंबर को होगी रिलीज, अभिनेता निभाएंगे शास्त्री का किरदार

अभिनेता प्रकाश राज अमेजन प्राइम वीडियो की तेलुगु ओरिजिनल वेब सीरीज 'जगमाए संगीतम' के मेकर्स ने गुरुवार को रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। इसमें कर्नाटक म्यूजिक की परंपरा को आज के नए साउंड के साथ खूबसूरती से जोड़ा गया है।
इस सीरीज में अभिनेता क्लासिकल कर्नाटक संगीत के एक जाने-माने और समर्पित उस्ताद शास्त्री के रोल में नजर आएंगे।
पवित्र मंदिरों वाले शहर वैकुंठपुरम की पृष्ठभूमि पर बनी इस सीरीज में परंपरा, परिवार की विरासत और सालों से छुपे राज दिखाए जाएंगे। प्रकाश राज का किरदार इस सीरीज के म्यूजिक और इमोशनल सफर का केंद्र है।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर कर बताया कि सीरीज 4 सितंबर से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने लगेगी। उन्होंने पोस्टर जारी करते हुए लिखा, "जब परंपरा मिलती है स्टारडम से तो दो आवाजें अपना सुर ढूंढने की कोशिश करती हैं, सीरीज 'जगमाए संगीतम', 4 सितंबर।"
श्रावण में अहाना कुमरा ने परिवार संग किए काशी विश्वनाथ के दर्शन, बोलीं- कुछ यात्राएं आशीर्वाद जैसी होती हैं

अभिनेत्री अहाना कुमरा ने हाल ही में परिवार और दोस्तों के साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए। गुरुवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा की झलक शेयर की। अभिनेत्री ने बताया कि उनके कुछ दोस्तों की वजह से ये खास यात्रा सफल हो पाई।
अभिनेत्री अहाना कुमरा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे अपने माता-पिता, अभिनेता सनी हिंदुजा, उनकी पत्नी शिंजिनी रावल के साथ नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने बताया कि काशी में उनके पिता का पुराना घर भी है, जिस वजह से यात्रा और भी खास हो गई थी।
अभिनेत्री ने लिखा, "कुछ यात्राएं सिर्फ यात्रा नहीं होतीं, बल्कि आशीर्वाद होती हैं। श्रावण मास में मम्मी-पापा के साथ काशी विश्वनाथ में महादेव का आशीर्वाद लेने का अवसर प्राप्त हुआ।"
अहाना कुमरा ने बताया कि काशी में उनका पैतृक घर है, जिसे देख पिता की पुरानी यादें फिर से जीवंत हो गईं। अभिनेत्री ने लिखा, "चूंकि वाराणसी में पापा का घर है, तो उनका बचपन आंखों के सामने जिंदा हो गया। पापा को ऐसे खुश देखकर ये सफर और भी ज्यादा खास बन गया। वहां पापा के साथ में घूमना, पूजा करना और इस तरह की हसीन यादें बनाना, तो मानो ऊपर वाले की ओर से दिया गया सबसे अच्छा तोहफा है।"
दीया मिर्जा के परफॉर्मेंस देख प्रभावित हुई अमृता बागची, कहा- वे बहुत हमदर्द इंसान है

अभिनेत्री अमृता बागची वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ द कारगिल वॉर' में स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा की पत्नी अलका आहूजा के किरदार में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अभिनेत्री दीया मिर्जा की सराहना करते हुए कहा कि वे बहुत हमदर्द इंसान हैं, जो कि उनके परफॉर्मेंस में भी देखने को मिलती है।
अभिनेत्री और पर्यावरण कार्यकर्ता दीया मिर्जा सीरीज में विंग कमांडर बी.एस. धनोआ की पत्नी कमलप्रीत कौर धनोआ के किरदार में नजर आ रही हैं। अमृता बागची ने दीया मिर्जा के साथ काम करने के अनुभव के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "जब भी आप दीया के साथ कोई सीन करते हैं, तो वह पहले से ही सीन के इमोशन में पूरी तरह से शामिल होती हैं। उनके साथ, बस यह रिएक्ट करने की बात थी कि वह क्या कर रही हैं।"
सीरीज में अभिनेता सिद्धार्थ ने स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा और अमृता बागची के पति का किरदार निभाया है।
अभिनेत्री अमृता बागची ने सिद्धार्थ के साथ काम करने को लेकर कहा कि वे हायरार्की में विश्वास नहीं करते, इसलिए उनके साथ काम करना आसान हो जाता है।
वायरल होने की दौड़ में लोग अपनी असली पहचान खो रहे: विजय विक्रम सिंह

भारतीय वॉयस-ओवर आर्टिस्ट विजय विक्रम सिंह मुख्य रूप से लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस' की जानी-पहचानी और दमदार आवाज (नैरेटर) के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि वे बिग बॉस से जुड़ी एक आवाज हैं न कि बिग बॉस हैं।
उन्होंने कहा, "बहुत से लोगों को लगता है कि मैं ही बिग बॉस हूं और इस वजह से हमेशा कुछ कंफ्यूजन रहता है, लेकिन ये पहचान मेरे ऊपर कभी भारी नहीं पड़ी, बल्कि इसने हमेशा ही मेरी मदद की है।"
रियलिटी शो 'बिग बॉस' के बारे में बात करते हुए विजय विक्रम सिंह ने बताया कि यह शो इस तरह से बनाया गया है कि कोई कितना भी बड़ा अभिनेता क्यों न हो, शो के आखिरी तक सभी की असलियत सामने आने ही लगती है।
आईएएनएस ने सवाल किया, "आज की इंडस्ट्री में कॉन्ट्रोवर्सी, वायरल मोमेंट्स और सोशल मीडिया रिवीलेशन बहुत जरूरी हो गए हैं। क्या आपको लगता है कि अपनी असली पर्सनैलिटी दिखाने से ज्यादा कंटेंट बनाना प्रायोरिटी बन गया है?"
इस पर विजय विक्रम सिंह ने कहा, "आज के समय हर किसी को वायरल होना है। कई बार वायरलिटी के लिए लोग कुछ खास चीजें करते हैं। मैं किसी रियलिटी शो की बात नहीं कर रहा हूं। मैं बस आमतौर पर सोशल मीडिया की बात कर रहा हूं। पब्लिक आई में बने रहने, मार्केट में बने रहने के लिए कुछ टैलेंट की जरूरत होती है। आज लोग कभी-कभी न्यूज में बने रहने के लिए खुद को एक्सपोज करने या अपनी पर्सनैलिटी से कॉम्प्रोमाइज करने को भी तैयार हो जाते हैं।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
