‘कबीर सिंह’ ने तोड़े कमाई के कई रिकार्ड, इस फिल्म में आमिर संग नजर आएंगी करीना और सलमान ने पूल में लगाया बैक फ्लिप

अभिनेता शाहिद कपूर ने फिल्म ‘कबीर सिंह’ से अपने करियर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग की है। सुपरस्टार सलमान खान ने पूल में बैक फ्लिप के साथ छलांग लगाकर फिर से इस बात को साबित कर दिया कि 53 साल की उम्र में भी वह काफी फिट हैं।

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अभिनेता शाहिद कपूर ने फिल्म 'कबीर सिंह' से अपने करियर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग की है। रिलीज वाले दिन ही फिल्म ने 20 करोड़ रुपये का व्यापार कर लिया है। निर्माताओं के अनुसार, तेलुगू फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' की हिंदी रीमेक 'कबीर सिंह' ने शुक्रवार को ओपनिंग वाले दिन ही 20.21 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। संदीप रेड्डी वांगा द्वारा निर्देशित फिल्म ने अपनी जगह भारत की उन फिल्मों की सूची में बना ली है, जिन्होंने इस साल में शुरुआत में ही अच्छी कमाई कर ली है।

ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श ने ट्वीट किया, "'कबीर सिंह' ने अपने पहले दिन शानदार ओपनिंग की है, जो शाहिद कपूर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग है (पद्मावत ने पहले दिन 19 करोड़ की कमाई की थी)। युवाओं में इसके प्रति पागलपन नजर आ रहा है,। शुक्रवार को 20.21 करोड़ रुपये का भारतीय व्यापार।" आदर्श के अनुसार पूरे भारत में करीब 3,123 स्क्रीनों पर फिल्म रिलीज हुई है।

सलमान ने पूल में लगाया बैक फ्लिप

सुपरस्टार सलमान खान ने पूल में बैक फ्लिप के साथ छलांग लगाकर फिर से इस बात को साबित कर दिया कि 53 साल की उम्र में भी वह काफी फिट हैं। सलमान ने अपने ट्विटर अकांउट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह एक नीले रंग के शॉर्ट्स के साथ मैंचिंग टी शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। इसमें पहले वह एक पत्थर के एक टीले पर चढ़ते दिखाई दे रहे हैं और इसके बाद वह बेहद ही शानदार तरीके से स्विमिंग पूल पर बैक फ्लिप लगाते नजर आ रहे हैं।


इस वीडियो के बैकग्राउंड में उनकी ही फिल्म 'सुल्तान' का गाना 'जग घुमिया' बज रहा है। सलमान ने एक और बहुत ही प्यारे से वीडियो को शेयर किया है जिसमें वह अपने भांजे आहिल के साथ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में नन्हें आहिल अपने मामा सलमान के पैर को अपने कंधे पर रखे नजर आ रहे हैं जिसे देखकर ऐसा लग रहा है कि आहिल अपने मामू सलमान को अपने कंधे पर उठा रहे हैं।एक अन्य वीडियो में सलमान एक भारी भरकम इंसान को अपने कंधे पर उठाते हुए नजर आ रहे हैं। एक्टिंग की बात करें तो आने वाले समय में सलमान 'इंशाअल्लाह' और 'दबंग 3' में नजर आएंगे।

'लाल सिंह चड्ढा' में आमिर संग नजर आएंगी करीना

अभिनेत्री करीना कपूर खान 'थ्री इडियड्स' और 'तलाश' जैसी फिल्मों में आमिर खान के साथ काम करने के बाद अब तीसरी बार 'लाल सिंह चड्ढा' में उनके साथ काम करने जा रहीं हैं। 'लाल सिंह चड्ढा' पेरामाउंट पिक्चर्स की फिल्म 'फॉरेस्ट गम्प' का रूपांतरण है। इसमें टॉम हैंक्स मुख्य किरदार में थे। वायकॉम 18 स्टूडियो और आमिर खान प्रोडक्शन्स इस फिल्म के निर्माता हैं और 'सीक्रेट सुपरस्टार' फेम अद्वैत चंदन इसके निर्देशक हैं। इसे अतुन कुलकर्णी ने लिखा है। यह फिल्म साल 2020 में क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी।

वायकॉम 18 स्टूडियो के मुख्य परिचालन अधिकारी अजीत अंधेरे ने एक बयान में कहा, "यहां मौजूद हर सिनेमा प्रेमी के लिए अवश्य ही देखी जानी चाहिए फिल्मों की सूची 'फॉरेस्ट गम्प' का उल्लेख किए बिना पूरा नहीं होता है। भारतीय दर्शकों के लिए इस क्लासिक फिल्म का रूपांतरण कर पाना हम में से कई लोगों का सपना रहा है जिसे हम काफी लंबे समय से देखते आ रहे हैं।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia