सिनेजीवन: बॉलीवुड की इस एक्ट्रेस ने महल छोड़कर चुनी फिल्मों की दुनिया और 'रामायण' में रकुल प्रीत को ...
घर में नानी और मां के अभिनय से जुड़े होने के कारण उन्हें अभिनय की दुनिया विरासत में मिली। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1999 में आई फिल्म 'गॉडमदर' से की थी, जिसमें उनके काम को काफी सराहा गया। इसके बाद वे फिल्म 'दमन' में नजर आईं।

फिल्म दुनिया में अपनी पहचान बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता है, लेकिन जब कोई शाही परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद अभिनय की राह चुनता है, तो उनकी कहानी और भी ज्यादा दिलचस्प हो जाती है। अभिनेत्री राइमा सेन भी शाही परिवार से आती हैं, जिनका नाता राजघराने से रहा है। शाही परिवार से पली-बढ़ी राइमा ने ग्लैमर की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने का फैसला किया।
7 नवंबर 1979 को मुंबई में जन्मी अभिनेत्री राइमा सेन शाही परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता भरत देव वर्मा त्रिपुरा के शाही परिवार के सदस्य हैं। उनकी दादी, इला देवी, कूच बिहार की राजकुमारी थीं और उनकी छोटी बहन गायत्री देवी जयपुर की महारानी थीं। वहीं, अभिनेत्री की मां मुनमुन सेन जानी-मानी अभिनेत्री हैं और उनकी नानी सुचित्रा सेन बंगाली सिनेमा की महान नायिका (महानायिका) मानी जाती थीं।
घर में नानी और मां के अभिनय से जुड़े होने के कारण उन्हें अभिनय की दुनिया विरासत में मिली। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1999 में आई फिल्म 'गॉडमदर' से की थी, जिसमें उनके काम को काफी सराहा गया। इसके बाद वे फिल्म 'दमन' में नजर आईं।
बंगाली सिनेमा में रितुपर्णो घोष की फिल्म 'चोखेर बाली' में ऐश्वर्या राय के साथ उनके काम की बहुत सराहना हुई थी। इसके अलावा वह प्रमुख बंगाली फिल्मों 'बैशे श्राबोन', 'नौका डूबी', 'हृद मझारे' और 'माछ मिष्टी एंड मोर' में नजर आई थीं।
'रामायण' में शूर्पणखा बनने के लिए रकुल प्रीत को रोज लगते थे चार घंटे, बीटीएस पल किए शेयर
इन दिनों फिल्म 'रामायण' को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। फिल्म में शूर्पणखा का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने अब अपने इस सफर की कुछ खास झलकियां साझा की हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिहाइंड द सीन्स (बीटीएस) तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए हैं, जिनमें वह अपने किरदार की तैयारी करती, मेकअप करवाती और शूटिंग के दौरान नजर आ रही हैं।
रकुल ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस पोस्ट के जरिए बताया कि वह काफी समय से इस किरदार को निभाने का अनुभव फैंस के साथ साझा करना चाहती थीं। पोस्ट में उनके शूर्पणखा के लुक की तैयारी से लेकर सेट पर शूटिंग तक के कई पल देखने को मिल रहे हैं। इनमें मेकअप और हेयरस्टाइल टीम के साथ बिताया गया समय भी शामिल है।
रकुल ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "मैं 'रामायण' में शूर्पणखा का किरदार निभाने का अनुभव साझा करने का इंतजार कर रही थी। यह मेरे लिए बेहद खास सफर रहा है। ऐसा हर बार नहीं होता कि आपको ऐसी कहानी का हिस्सा बनने का मौका मिले, जो पीढ़ियों से हमारी जिंदगी और संस्कृति का हिस्सा रही है। 'रामायण' को इतने बड़े स्तर पर पर्दे पर जीवंत होते देखना वाकई एक अलग अनुभव है। ऐसी कहानी का हिस्सा बनना, जो हमारे देश के लिए इतना मायने रखती है और उसे इतने बड़े स्तर पर आकार लेते देखना, इस सफर को मेरे लिए और भी खास बनाता है।''
उन्होंने आगे लिखा, ''नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी का शुक्रिया, जो दूर की सोच रखने वाले ऐसे लोग हैं, जिन्होंने बड़ा सपना देखा और उसे हकीकत में बदला। उनकी मेहनत और भारत से पूरी दुनिया तक कुछ असाधारण बनाने की इच्छा इस सफर को बेहद प्रेरणादायक बनाती है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, काजल अग्रवाल, शोभना और पूरी स्टारकास्ट व क्रू का भी शुक्रिया। आप सभी शानदार सह-कलाकार रहे और इस जादू को पर्दे पर उतारने के लिए सभी ने अपनी पूरी मेहनत लगा दी।''
मनीष मल्होत्रा की दीपावली पार्टी में छाईं अनन्या पांडे, रानी मुखर्जी का 'शावा शावा' लुक किया रीक्रिएट
अभिनेत्री अनन्या पांडे ने गुरुवार को डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दीपावली पार्टी में रानी मुखर्जी के मशहूर गाने 'शावा शावा' वाले लुक को रीक्रिएट करके बॉलीवुड की पुरानी यादें ताजा कर दीं।
अभिनेत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिनमें उनका शानदार फेस्टिव लुक नजर आ रहा है।
चमकदार सिल्वर-सफेद कपड़ों में सजी अनन्या, 2001 की फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के मशहूर गाने 'शावा शावा' में रानी मुखर्जी के लुक जैसी लग रही थीं।
अपनी एक इंस्टाग्राम स्टोरी में अनन्या ने 'शावा शावा' गाने से रानी मुखर्जी की एक तस्वीर और अपनी तस्वीर का कोलाज शेयर किया। उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह रानी के अंदाज में इस गाने के मशहूर हुक स्टेप पर डांस करती नजर आ रही हैं।
अनन्या की ड्रेस में भारी काम वाला ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज और उसी से मिलती-जुलती सीक्वेंस वाली स्कर्ट शामिल थे। इसके साथ उन्होंने एक पारदर्शी दुपट्टा ओढ़ा और शानदार ज्वेलरी पहनी थी।
अभिनेत्री ने एक अन्य सोशल मीडिया स्टोरी शेयर की, जिसमें वह इस ड्रेस में पोज देती दिख रही हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, "आज रात का मूड।"
आदेश श्रीवास्तव द्वारा कंपोज किए गए और आदेश श्रीवास्तव, सुदेश भोसले, अलका याग्निक, उदित नारायण, सोनू निगम और अमिताभ बच्चन द्वारा गाए गए गाने 'शावा शावा' को आज भी 'कभी खुशी कभी गम' के सबसे यादगार गानों में से एक माना जाता है।
बेटी सुहाना के ट्रांजिशन रील पर फिदा हुए शाहरुख, बोले- तुम्हें बोल कैसे याद रहते हैं...
शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक मजेदार 'ट्रांजिशन रील' शेयर की। उन्होंने अपने पिता की आने वाली फिल्म 'किंग' के नए गाने 'तू मिल जाए' में एड शीरन वाले हिस्से की नकल करके अपने दोस्तों और फॉलोअर्स का दिल जीत लिया।
इस रील में, सुहाना गाने पर लिप-सिंक करती हुई मेकअप लुक से एक इवेंट के लिए तैयार अपने ग्लैमरस अवतार में बदलती (ट्रांजिशन करती) नजर आ रही हैं। इस क्लिप ने कई मशहूर हस्तियों का ध्यान खींचा, जिनमें शाहरुख खान भी शामिल थे। वे यह देखकर हैरान रह गए कि सुहाना ने एड शीरन की तेज रफ्तार गायकी के साथ कितनी बखूबी तालमेल बिठाया।
सुहाना की पोस्ट पर कमेंट करते हुए शाहरुख ने लिखा, "तुम्हें बोल कैसे याद रहते हैं। मेरे लिए तो यह बहुत मुश्किल था क्योंकि एड बहुत तेज गाते हैं।"
सुहाना खान की सबसे अच्छी दोस्त और एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने भी इस रील पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "मैंने अपनी जिंदगी में इससे प्यारी चीज कभी नहीं देखी।" ओरहान अवत्रामणि 'ओरी' ने कमेंट किया, "आखिरकार। एक रील।"
यह पोस्ट फिल्म 'किंग' के पहले गाने 'तू मिल जाए' के रिलीज होने के कुछ समय बाद आई है। इस गाने को 2 नवंबर को शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर जारी किया गया था।
इस गाने में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण नजर आ रहे हैं और इसमें अरिजीत सिंह, एड शीरन और मधुबंती बागची ने साथ काम किया है।
इसका संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है, बोल कुमार ने लिखे हैं और इसमें एड शीरन का लिखा एक अंग्रेजी रैप भी शामिल है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
