कांग्रेस महाधिवेशन LIVE: राहुल गांधी ने कहा, बीजेपी ने हत्या के आरोपी को अध्यक्ष बनाया

कांग्रेस महाधिवेशन के आखिरी दिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरएसएस और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचारियों के साथ है।

फोटो: @INCIndia
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

बीजेपी ने देश में डर का महौल पैदा किया: राहुल गांधी

कांग्रेस महाधिवेशन में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने देश में डर का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि मीडिया के लोग डरे हुए हैं और पहली बार हमने देखा कि सुप्रीम कोर्ट के 4 जज न्याय के लिए जनता के सामने आए।

भ्रष्टाचारियों के साथ बीजेपी: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि आप देश के 33000 करोड़ रुपये बैंको से चुरा लिजिए केंद्र की बीजेपी सरकार आपको इस काम के लिए सुरक्षा प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि वहीं दूसरी तरफ देश के वित्तमंत्री इतनी बड़ी लूट में चुप्पी साधे रहेंगे क्योंकि उनकी बेटी उन पूंजीवादी लूटेरो के यहां नौकरी करती है।

पूरे देश में डर का माहौल है: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि पूरे देश में डर का माहौल है। कांग्रेस देश की संस्थाओं को बचाना चाहती है, जबकि वे चाहते हैं कि देश में सिर्फ एक ही संस्था आरएसएस रहे। बीजेपी लोगों को डराती है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि भले ही आप हमारे विरोध में लिखें, लेकिन हम आपकी रक्षा करेंगे।


राहुल गांधी ने राफेल डील को लेकर उठाया सवाल

राहुल गांधी ने राफेल डील को लेकर सवाल उठाते हुए कहा, “हमने प्लेन के लिए 570 करोड़ दिए थे जबकि मोदी जी ने उसी प्लेन केलिए 1670 करोड़ दिए। आप लड़ाकू विमानों को भूल जाइए आप ऐसे आदमी पर सब्जी खरीदने के लिए भी भरोसा नहीं कर सकते।”

पीएम मोदी ने समस्याओं से ध्यान भटकाया है: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, “राष्ट्र की चुनौतियों को स्वीकार करने के बजाय प्रधानमंत्री मोदी जी ने हमारी समस्याओं को ही भटका दिया। हमें बताया जा रहा है कि हमारी समस्याएं हमारी कल्पनाओं में ही विद्यमान है।”


महाधिवेशन में कांग्रेस कार्यकर्ता वक्त है बदलाव का नारा लगा रहे हैं

मैं 10 सालों में भारत की विचारधारा दूनिया के सामने लाना चाहता हूं: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि आज दुनिया में दो विचारधाराएं दिखाई दे रही हैं, एक अमेरिका की विचारधारा और एक चीन की। उन्होंने कहा कि मैं 10 सालों में तीसरी विचारधारा दुनिया के सामने लाना चाहता हूं, वो भारत की विचारधारा, ताकि लोग कहें कि ये है असली विचारधारा।


2019 लोकसभा चुनाव में हमारी जीत होगी: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है और इस विचारधारा की लड़ाई में हमारी जीत होगी। उन्होंने कहा कि गुजरात में बीजेपी जीत गई लेकिन 2019 लोकसभा चुनाव में हमारी जीत होगी।

शिक्षा हर युवा का अधिकार है: राहुल गांधी

महाधिवेशन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने एसएससी घोटाले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में आज प्रश्नपत्र बिक रहा है और युवा इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार आएगी तो शिक्षा के स्तर को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही कहा कि शिक्षा का हक हर युवा और हर वर्ग का अधिकार है।


किसानों ने देश को बनाया है: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि देश को बनाया है और देश इसे भूल नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार आएगी तो हम किसानों की रक्षा करेंगे। किसानों सीधे फूड प्रोसेसिंग यूनिट में जाकर अपने अनाज को बेच सकेंगे।

मोदी जी, नीरव मोदी और अमित शाह के बेटे का साथ दे रहे हैं: राहुल गांधी

देश में भ्रष्टाचार को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देखती रही नीरव मोदी और ललित मोदी देश से भाग गए। राहुल गांधी ने कहा, “देश के युवाओं ने मोदी की गाड़ी को धकेला लेकिन मोदी जी नीरव मोदी और अमित शाह के बेटे का साथ दे रहे हैं। युवाओं को इस राजनीतिक सिस्टम की दीवार को तोड़ना होगा। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने देश के युवाओं के लिए मंच को खाली किया है।”


देश में रोजगार नहीं, पीएम मोदी योगा की बात करते हैं : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजगार नहीं है, किसान मर रहे हैं और पीएम  मोदी कहते हैं कि चलो इंडिया गेट पर योगा करते हैं। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था थी, वहीं, अब करोड़ों युवाओं के पास रोजगार नहीं है। आज चीन हर जगह है, हर जगह मेड इन चाइना का बोलबाला है।

राहुल गांधी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को तरजीह देने की बात कही

महाधिवेशन में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच एक दीवार है, उसे तोड़ना होगा। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को बदलना होगा।


बीजेपी ने हत्या के आरोपी को बनाया अपना अध्यक्ष : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने हत्या के आरोपी को अपना अध्यक्ष बनाया है।

कांग्रेस न्याय के लिए लड़ती रहेगी: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि कोई भी ताकत हमें लोगों के न्याय के लिए लड़ने से नहीं  रोक सकती है। कांग्रेस सच्चाई के लिए लड़ती रहेगी।


मैं सिर्फ मंदिरों में ही नहीं, मस्जिदों में भी जाता हूं: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, “गुजरात के चुनाव में लोगों ने कहा कि मैं मंदिर में जाता हूं। लेकिन मैं बहुत पहले से ही सिर्फ मंदिर में नहीं, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारे में भी जाता हूं।

देश का युवा बेरोजगार घूमने के लिए मजबूर : राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, “जब मैं देश में घूमता हूं और किसी नौजवान से पूछता हूं क्या करते हो, वह कहता है कुछ नहीं, ये आज के हिंदुस्तान की सच्चाई है।


भ्रष्टाचार करने वाले सत्ता में हैं: राहुल गांधी

महाधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आज भ्रष्टाचार करने वाले सत्ता में हैं। हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, लेकिन दूसरी ओर करोड़ों युवाओं के पास रोजगार नहीं है।

कांग्रेस सच्चाई के लिए लड़ती है: राहुल गांधी

महाधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पांडवों की तरह है, जो सच्चाई के लिए लड़ती है। बीजेपी और आरएसएस कौरवों की तरह है जो सिर्फ सत्ता के लिए लड़ते हैं। उन्होंने कहा कि कौरवों की तरह बीजेपी सत्ता के नशे में चूर है।


कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने देश के लिए अपनी जान दी: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लाखों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने देश के लिए अपनी जान दी है। इस देश में एक भी ऐसा राज्य नहीं है, जिसमें कांग्रेसियों ने अपनी जान नहीं दी हो। कांग्रेसी नेता अंग्रेजों के समय में जेल गए थे, लेकिन इनके सावरकर चिट्ठी लिखकर भीख मांग रहे थेे।

बीजेपी एक संगठन की आवाज है और कांग्रेस एक देश की आवाज है: राहुल गांधी

कांग्रेस महाधिवेशन में राहुल गांधी ने आरएसएस की ओर इशारा करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक संगठन की आवाज है, जबकि कांग्रेस एक देश की आवाज है।


कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस महाधिवेशन को संबोधित किया, देखें वीडियो

मनमोहन सिंह सरदार भी हैं और असरदार भी: नवजोत सिंह सिद्धू

नवजोत सिंह सिद्धू ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर अपनी पुरानी टिप्पणी को लेकर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि जो आपके मौन ने कर दिया वह बीजेपी का शोर-शराबा भी नहीं कर पाया। आपको पहचानने में मुझे गलती हुई। आप सरदार भी हैं और असरदार भी।


बीजेपी बांस की तरह खोखली है और राहुल गन्ने की तरह मीठे: नवजोत सिंह सिद्धू

कांग्रेस महाधिवेशन में नवजोत सिंह सिद्धू ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी वाले बांस की तरह लंबे हैं, लेकिन अंदर से खोखले हैं। जबकि हमारे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गन्ने की तरह मीठे है।

सिद्धु ने मोदी सरकार की तुलना खून चुसने वाली जोंक से की

कांग्रेस महाधिवेशन में नवजोत सिंह सिद्धू ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “सरकार तो भंवरे की तरह होती है जो फूल से रस चुसती है, जिसका फायदा फूल को भी होता है और भंवरे को भी। लेकिन तुम तो जोंक निकले जो खून चूस लेता है।”


राहुल गांधी की मेहनत रंग लाई: नवजोत सिंह सिद्धू

कांग्रेस महाधिवेशन में राहुल गांधी की तारीफ करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि आपने मेहनत इतनी खामोशी से की और जनता ने शोर मचा दिया।

अगले साल लाल किले पर झंडा राहुल गांधी ही फहराएंगे: नवजोत सिंह सिद्धू

कांग्रेस महाधिवेशन में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि राहुल गांधी आप कार्यकर्ताओं को समेट लीजिए, अगले साल लाल किले पर आपको ही झंडा फहराना है।


यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी अनमोल हैं: नवजोत सिंह सिद्धू

कांग्रेस महाधिवेशन में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा, “अब तक अंबानी परिवार ने पैसे जरूर कमाए होंगे, देश में कई सेठ बने होंगे, लेकिन पिछले 20 सालों में सबसे ज्यादा अगर किसी ने इज्जत कमाई है तो वो यूपीए अध्यक्षा सोनिया गांधी हैं।”

राहुल गांधी अब खुद तय करेंगे सीडब्लूसी के सदस्यों के नाम, महाधिवेशन में मिला अधिकार

कांग्रेस महाधिवेशन में पीसीसी डेलिगेट और एआईसीसी के सदस्य की मौजूदगी में कार्यसमिति के सदस्यों के चुनने के अधिकार पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को दिए जाने वाले प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया है। अब राहुल गांधी कांग्रेस के कार्यसमिति (सीडब्लूसी) के सदस्यों की नाम पर मुहर लगा सकते हैं।


श्रीलंका के यूनाइटेड नेशनल पार्टी के प्रतिनिधि से सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह मिले

बीजेपी ने लोगों को धोखा दिया: पी चिदंबरम

पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने कार्यकाल में जनता को धोखा दिया है। यूपीए कार्यकाल के दौरान आर्थिक विकास दर 7.7 फीसदी रहा और मोदी सरकार के कार्यकाल में क्या हालात है, आप देख सकते है। उन्होंने कहा कि किसानों का आमदनी घटी है। चिदंबरम ने कहा कि नीति आयोग के मुताबिक, चार सालों में निर्यात घटा है। अपने संबोधन में उन्होंने मोदी सरकार के आम बजट का जिक्र किया और कहा कि बजट दिशाहीन है।

उन्होंने आगे कहा कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की वापसी होगी।


देश में रोजगार सबसे बड़ी चुनौती: पी चिदंबरम

कांग्रेस महाधिवेशन को संबोधित करते हुए पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि देश में रोजगार सबसे बड़ी चुनौती है। बीजेपी ने युवाओं को रोजगार देने के वादे किए थे, लेकिन उसी ने रोजगार के अवसर को खत्म कर दिया। जीएसटी की वजह से भी रोजगार पर असर पड़ा है। हमारे दौर में 14 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया, लेकिन बीजेपी ने लोगों को गरीबी की दलदल में ढकेल दिया।

जीएसटी के नाम पर देश की जनता को लूटा गया: पी चिदंबरम

महाधिवेशन में पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जीएसटी के नाम पर देश की जनता को लूटा गया। उन्होंने कहा कि जीएसटी ने देश के व्यापार को बर्बाद कर दिया है। इस वक्त अगर जीएसटी को गलत तरीके से देखा जा रहा है, उसके लिए बीजेपी जिम्मेदार है।


नोटबंदी सबसे बड़ा झूठ: पी चिदंबरम

कांग्रेस महाधिवेशन में पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि मोदी सरकार में नोटबंदी का लिया गया फैसला अब तक सबसे बड़ा झूठ है। उन्होंने कहा कि सारे पैसे आरबीआई के पास वापस आ गए, इसके बावजूद वे अपने फैसले अड़े रहे। चिदंबरम ने कहा कि आरबीआई के गर्वनर को तिरुपति चले जाना चाहिए।

आर्थिक सर्वे के मुताबिक, देश चार चुनौतियों से गुजर रहा है: पी चिदंबरम

कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा कि देश इस समय चार बड़ी चुनौतियों से गुजर रहा है। पिछले चार सालों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया गया। इन मुद्दों पर पीएम मोदी को जवाब देना होगा।


पी चिदंबरम ने आर्थिक प्रस्ताव पेश किया

कांग्रेस महाधिवेशन में कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने आर्थिक प्रस्ताव पेश किया।

जम्मू-कश्मीर में ऐसे हालात कभी नहीं रहे: मनमोहन सिंह

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि इस वक्त जो जम्मू-कश्मीर में हालात है, ऐसे हालात राज्य में पहले कभी नहीं रहे। हमें यह मानना होगा कि मोदी सरकार की नीतियों की वजह से यह हालात उपजे हैं। उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन हमारे बॉर्डर असुरक्षित होते जा रहे हैं।


भारत-पाकिस्तान का मुद्दा शांतिपूर्ण तरीके से हल हो सकता है: मनमोहन सिंह

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने अपने संबोधन में पड़ोसी देशों से भारत के रिश्तों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और भारत के मसले को शांतिपूर्ण तरीके से हल किया जा सकता है। मैं मानता हूं कि कई परेशानियां है, लेकिन उन परेशानियों का हल शांत तरीके से निकाला जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान को मिलकर इन मुद्दों का हल निकालना होगा।

कांग्रेस महाधिवेशन से देश को मिलेगा नया रास्ता: मनमोहन सिंह

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि कांग्रेस महाधिवेशन से देश के भविष्य को नया रास्ता मिलेगा। पिछले ढाई सालों में बीजेपी सिर्फ नफरत की बातें करती रही है। उन्होंने अपने संबोधन में रक्षा बजट का जिक्र किया और कहा कि रक्षा खर्च का बजट की जितनी जरूरत है उससे कम दिया गया है।


नोटबंदी और जीएसटी ने देश को बर्बाद किया: मनमोहन सिंह

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि नोटबंदी और गलत तरीके से लागू किए गए जीएसटी ने रोजगार को प्रभावित किया। इससे देश का आर्थिक विकास पीछे गया है।

भारतीय अर्थव्यवस्था तीन बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है: मनमोहन सिंह

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि इस समय भारतीय अर्थव्यवस्था तीन बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है। जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि शामिल हैं। पिछले चार सालों में इन तीनों क्षेत्रों में विकास दर घटी है।


मोदी सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए: मनमोहन सिंह

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि जब मोदी सरकार सत्ता में आई थी उस वक्त जनता से कई वादें किए थे। लेकिन उसने अपने वादों को पूरा नहीं किया। मोदी सरकार ने युवाओं को 2 करोड़ नौकरी देने के वादा किया था। लेकिन हमने 2 लाख नौकरियां भी युवाओं को मिलते हुए नहीं देखा।

यूपीए के कार्यकाल में देश का विकास हुआ: मनमोहन सिंह

यूपीए के दस साल के कार्यकाल में आर्थिक विकास दर 7.8 फीसदी रहा।


कांग्रेस माधिवेशन में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का संबोधन, देखे वीडियो

कांग्रेस महाधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले आंध्र प्रदेश के प्रतिनिधि


पूर्व पीएम राजीव गांधी ने अपनी दूरदृष्टी से देश के नौजवानों को नए अवसर प्रदान किए: अखिलेश प्रताप सिंह

कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि पूर्व पीएम राजीव गांधी ने अपनी दूरदृष्टी से और नई तकनीकों से इस देश के नौजवानों को ऐसे अवसर प्रदान किए। जिससे विदेशों में भारत को मैन पावर की जगह माइंड पावर के रुप देखा जाने लगा।

क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने की जरूरत: गौरव गोगोई

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा पड़ोसी देश कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता हुआ करते थे, लेकिन मोदी सरकार में वे प्राथमिकता सूची में सबसे अंतिम है। हमें अपने क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने की जरूरत है, लेकिन आज इसे अनदेखा किया जा रहा है।


कांग्रेस महाधिवेशन का आखिरी दिन, देखें LIVE

पीएम मोदी अपना ही प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं: आनंद शर्मा

आनंद शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी अपना ही प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं। आज यह चिंता का विषय है क्योंकि हमने पड़ोसी देश सहित विश्व के कई देशों के साथ अपना संबंध खराब कर लिया है।


चार सालों में पीएम मोदी ने विदेश नीति को विभाजनकारी नीति बना दिया है: आनंद शर्मा

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने विदेश नीति को खराब कर दिया है। पिछले चार सालों में उन्होंने विदेश नीति को विभाजनकारी नीति बना दिया है। आज भी उन्होंने इसे मामूली तरीके से ही जारी रखा है।

कांग्रेस महाधिवेशन: विदेश नीति पर प्रस्ताव की मुख्य बातें

कांग्रेस की अगुवाई वाले यूपीए शासन में दस साल तक देश ने एक मजबूत विदेश नीति अपनाई, जिसके फलस्वरूप दुनिया में भारत का रुतबा बढ़ा


महाधिवेशन का तीसरा दिन : आज के कार्यक्रम

पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने पेश किया अंतर्राष्ट्रीय संकल्प पत्र


महाधिवेशन स्थल पर पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी

कांग्रेस महाधिवेशन का आज तीसरा और अंतिम दिन

कांग्रेस पार्टी के 84वें महाधिवेशन का आज तीसरा और अंतिम दिन है। दिल्ली में आयोजित महाधिवेशन को आज पूर्व पीएम मनमोहन सिंह संबोधित करेंगे, जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का समापन भाषण होगा। इस दौरान अलग-अलग पार्टी नेताओं की तरफ से कई प्रस्ताव पेश किए जाएंगे।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia