Asia Cup 2026: नकवी के सामने नहीं झुका भारत, महिला टीम ने मोहसिन के हाथ से नहीं ली ट्रॉफी, सीधे ड्रेसिंग रूम लौटी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब आठवीं बार जीत लिया। हालांकि, जीत के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में ट्रॉफी को लेकर विवाद देखने को मिला।

फोटो: सोशल मीडिया
i

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। यह भारत की इस टूर्नामेंट में आठवीं खिताबी जीत है। हालांकि, मैदान पर मिली शानदार जीत के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी ने मुकाबले से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।

फाइनल के बाद टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। भारतीय टीम मैच खत्म होने के बाद सीधे ड्रेसिंग रूम लौट गई और प्रेजेंटेशन सेरेमनी में शामिल नहीं हुई। इसके चलते भारतीय खिलाड़ियों को न तो मेडल मिले और न ही ट्रॉफी सौंपी गई।

प्रेजेंटेशन सेरेमनी में क्या हुआ?

भारत की जीत के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन शुरू होने में कुछ देरी हुई। इसके बाद पूर्व क्रिकेटर फरवीज महारुफ ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों को स्टेज पर बुलाया। उन्हें रनर-अप के मेडल दिए गए और मोहसिन नकवी ने श्रीलंका की टीम को उपविजेता का चेक भी सौंपा।

इसके बाद सबकी नजरें भारतीय टीम पर थीं। माना जा रहा था कि अब चैंपियन टीम स्टेज पर पहुंचेगी और ट्रॉफी हासिल करेगी। लेकिन तभी प्रेजेंटर फरवीज महारुफ ने घोषणा कर दी कि पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी समाप्त हो गई है।

इस दौरान बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और सचिव देवजीत सैकिया भी मौजूद थे। सैकिया ने भारतीय खिलाड़ियों से कुछ देर बातचीत की, जिसके बाद टीम ड्रेसिंग रूम में वापस चली गई। इससे पहले ही ऐसी रिपोर्टें सामने आ चुकी थीं कि भारतीय टीम मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी।

2025 की घटना से जुड़ा कनेक्शन

इस पूरे घटनाक्रम ने 2025 के पुरुष एशिया कप फाइनल की यादें ताजा कर दीं। उस समय भी मोहसिन नकवी को लेकर ट्रॉफी विवाद चर्चा में रहा था और वह ट्रॉफी अपने साथ लेकर मैदान से बाहर चले गए थे। हालांकि, इस बार स्थिति थोड़ी अलग रही। श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मेडल और रनर-अप का चेक देने के बाद नकवी मैदान से चले गए। वह अपने साथ एशिया कप की ट्रॉफी लेकर नहीं गए। बाद में भारतीय टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने साफ किया कि मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला बीसीसीआई का था।

भारत ने आठवीं बार जीता एशिया कप

खिताबी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई। भारत ने 72 रनों की बड़ी जीत के साथ खिताब अपने नाम किया और 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का बदला भी चुका दिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशिया कप इतिहास में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए आठवीं बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए